बेंगलुरु में वकील की गोली मारकर हत्या: बिहार के किरायेदारों पर वारदात का आरोप, किराया मांगने पर हुआ था विवाद
बेंगलुरु में किराया मांगने पर हुआ विवाद: बिहार के किरायेदारों पर वकील की गोली मारकर हत्या करने का आरोप. घटना की पूरी जानकारी और पुलिस जांच के अपडेट्स पढ़ें.
बेंगलुरु के व्हाइटफील्ड इलाके में रविवार (18 अक्टूबर) की रात किराए के विवाद में 42 वर्षीय वकील की गोली मारकर हत्या कर दी गई. मृतक की पहचान मंजूनाथ के रूप में हुई है. शुरुआती जांच में दो किराएदारों की भूमिका सामने आई है, जो बिहार के रहने वाले बताए जा रहे हैं. पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है. यह घटना व्हाइटफील्ड पुलिस थाना क्षेत्र के पट्टनदूर अग्रहार में आधी रात के आसपास हुई.
पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक, वारदात से करीब एक घंटे पहले मंजूनाथ और उनके दो किराएदारों के बीच किराया न देने को लेकर बहस हुई थी. बताया जा रहा है कि रात करीब 11.30 बजे दोनों किराएदारों ने दरवाजा खटखटाया. मंजूनाथ ने जैसे ही दरवाजा खोला तो उन आरोपियों ने मंजूनाथ पर गोली चला दी गई. गोली उनके माथे पर लगी, जिससे तरंत ही उनकी मौत हो गई.
बिहार के रहने वाले हैं दोनों आरोपी
पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपी बिहार के रहने वाले हैं और गिग वर्कर के तौर पर काम करते हैं. वे स्विगी, जोमैटो और रैपिडो जैसी कंपनियों से जुड़े बताए जा रहे हैं. जांचकर्ताओं को शक है कि वारदात में देसी पिस्तौल का इस्तेमाल किया गया. आशंका है कि हथियार को बाहर से बेंगलुरु लाया गया था. हालांकि, पुलिस अभी हथियार के स्रोत और घटना में उसकी भूमिका की पुष्टि कर रही है.
यह भी पढ़ेंः 'मुझे भी मिल रहीं धमकियां...', टाइगर श्रॉफ पर हुए हमले के बाद जीशान सिद्दीकी को सताया 'जान का खतरा'
किराया विवाद की वजह से हुई थी हत्या!
पुलिस को शुरुआती जांच में किराया विवाद हत्या की संभावित वजह लग रहा है. हालांकि, वारदात के पीछे का सही कारण अभी स्पष्ट नहीं हुआ है. पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि विवाद के बाद घटनाक्रम किस तरह आगे बढ़ा. व्हाइटफील्ड डिवीजन के डिप्टी कमिश्नर ने इस मामले में मीडिया से बातचीत करते हुए बताया कि मामले की जांच जारी है. पुलिस संदिग्धों की पहचान, उनके ठिकानों और फरार होने के संभावित रास्तों का पता लगाने में जुटी है.
व्हाइटफील्ड में कई एकड़ जमीन के मालिक थे मंजूनाथ
मंजूनाथ के पास व्हाइटफील्ड इलाके में कई एकड़ जमीन समेत काफी संपत्ति होने की जानकारी सामने आई है. उन्होंने अपनी संपत्ति के कुछ हिस्से शेड के इस्तेमाल के लिए किराए पर दे रखे थे. पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि किराए को लेकर हुए विवाद और हत्या के बीच क्या संबंध था. आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद मामले में और जानकारी सामने आने की उम्मीद है.
यह भी पढ़ेंः 'पहले असली अपराधियों पर ध्यान दें...', टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग मामले में अभिजीत दीपके ने सरकार पर कसा तंज