)
पश्चिम बंगाल में कानून-व्यवस्था को लेकर सियासी और प्रशासनिक हलचल तेज हो गई है. राज्य के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने रविवार को प्रदेश में सक्रिय अपराधियों और अवैध हथियार रखने वाले लोगों को बेहद सख्त शब्दों में चेतावनी दी है. उन्होंने ऐसे सभी असामाजिक तत्वों को तुरंत राज्य छोड़कर चले जाने के लिए कहा है. सीएम सुवेंदु अधिकारी का यह कड़ा बयान बीरभूम जिले के नानूर इलाके में हुई एक पुलिस एनकाउंटर के ठीक बाद सामने आया है. इस मुठभेड़ में शांतिनिकेतन गोलीकांड का मुख्य आरोपी रतन शेख पुलिस की जवाबी कार्रवाई में मारा गया है.
अधिकारी के मुताबिक, पुलिस ने अपनी आत्मरक्षा और कानून की रक्षा के लिए मौके पर जो जरूरी था, वही कदम उठाया. उन्होंने कहा, 'उसने पुलिस पर गोली चलाई, और पुलिस ने मौके पर जो करने की जरूरत थी, वही किया. इस पर मेरे लिए इससे ज्यादा कुछ भी टिप्पणी करना उचित नहीं होगा. पश्चिम बंगाल की धरती पर गुंडों और बलात्कारियों के लिए कोई जगह नहीं है.' मुख्यमंत्री के इस बयान से साफ है कि राज्य सरकार गंभीर अपराधों में शामिल लोगों के खिलाफ किसी भी तरह की नरमी बरतने के मूड में नहीं है.
#WATCH | Kolkata, West Bengal: On the police encounter of accused Ratan Sheikh in Birbhum, West Bengal CM Suvendu Adhikari says, "He shot at the police, and the police did what needed to be done on the spot. It would not be appropriate for me to comment on this. There is no place for goons and rapists in West Bengal. Even now, whatever remaining goons and those with illegal arms are left, flee from here; leave immediately. There is no place for them here."
— ANI (@ANI) November 15, 2026
रतन शेख को तब मार गिराया गया, जब वह उसी जिले के नानूर में एक ईंट भट्ठे पर गिरफ्तारी से बचने की कोशिश करते हुए पुलिस टीम पर गोली चलाने लगा. राज्य में बीजेपी के सत्ता में आने के बाद पिछले छह महीनों में पश्चिम बंगाल में यह पांचवीं पुलिस मुठभेड़ थी. शेख, जो एक हिस्ट्रीशीटर था और फरार चल रहा था, उसने 13 नवंबर को शांतिनिकेतन थाना क्षेत्र के लाइक बाजार में गिरफ्तारी के प्रयास के दौरान कांस्टेबल बिस्वजीत दास पर कथित तौर पर गोली चलाई, जिससे पुलिसकर्मी के पैर में चोट लग गई. इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए सुवेंदु अधिकारी ने पत्रकारों से कहा, 'अगर कोई पुलिस पर गोली चलाता है, तो क्या पुलिस उसे मिठाई खिलाएगी?' उन्होंने जोर देकर कहा कि राज्य में अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं है.
मुख्यमंत्री ने अपने बयान में न केवल इस मुठभेड़ का जिक्र किया, बल्कि राज्य में छिपे बैठे अन्य अपराधियों को भी सीधा संदेश दिया. उन्होंने अवैध हथियारों के दम पर दहशत फैलाने वालों को खुले तौर पर अल्टीमेटम देते हुए कहा कि उनके पास अब भी संभलने और राज्य से बाहर जाने का समय है. सुवेंदु अधिकारी ने कड़े लहजे में कहा, 'अभी भी जो बचे हुए गुंडे हैं और जिनके पास अवैध हथियार हैं, वे यहां से भाग जाएं; तुरंत राज्य छोड़ दें. उनके लिए यहां कोई जगह नहीं है.' उनके इस बयान को राज्य में अपराध पर लगाम कसने की एक बड़ी कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है. प्रशासनिक गलियारों में भी इस बयान के बाद से अवैध हथियारों की बरामदगी और फरार अपराधियों की धरपकड़ को लेकर हलचल बढ़ गई है.
जिस रतन शेख के एनकाउंटर के बाद यह पूरा बयान सामने आया है, वह शांतिनिकेतन गोलीकांड मामले में मुख्य आरोपी था और पुलिस को उसकी सरगर्मी से तलाश थी. जानकारी के अनुसार, यह पूरा विवाद शुक्रवार शाम को बोलपुर के लायेक बाजार इलाके से शुरू हुआ था. शांति निकेतन में हुई गोलीबारी की घटना के सिलसिले में पुलिस को रतन शेख के लायेक बाजार इलाके में छिपे होने की सूचना मिली थी. इस सूचना के आधार पर तीन पुलिस कर्मियों की एक टीम उसे पकड़ने के लिए वहां पहुंची थी. लेकिन पुलिस टीम को देखते ही आरोपी रतन शेख घबरा गया और उसने गिरफ्तारी से बचने के लिए पुलिस वालों पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी.
शुक्रवार शाम को लायेक बाजार में हुई उस अचानक गोलीबारी में पुलिस टीम को संभलने का मौका कम मिला. आरोपी द्वारा चलाई गई गोली एक पुलिस कांस्टेबल विश्वजीत दास के बाएं पैर में जा लगी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए. पुलिस टीम जब तक घायल साथी को संभालती और जवाबी कार्रवाई करती, रतन शेख मौके का फायदा उठाकर वहां से भाग निकलने में कामयाब हो गया था.
इस घटना के बाद से ही वह लगातार फरार चल रहा था और पुलिस की कई टीमें उसकी तलाश में जगह-जगह दबिश दे रही थीं. आखिरकार, बीरभूम के नानूर इलाके में पुलिस ने उसे घेर लिया, जहां एक बार फिर उसने पुलिस पर फायरिंग की और जवाबी कार्रवाई में वह मारा गया. अब इस घटना और मुख्यमंत्री के सख्त रुख के बाद राज्य में अपराधियों के खिलाफ पुलिस के अभियान और तेज होने की संभावना जताई जा रही है.