PM मोदी को मिले गिफ्ट्स की लगेगी बोली: राधा-कृष्ण की कलाकृति से लेकर प्रधानमंत्री का खास पोर्ट्रेट तक, जानें क्या-क्या होगा नीलाम
Delhi E Auction Artifacts: दिल्ली में सितंबर से ई इलेक्शन खुल चुका है. आप इसके लिए ऑफीशियल वेबसाइट पर जा सकते हैं. नीलामी के लिए राधा-कृष्ण से जुड़ी कलाकृति, पीएम मोदी का पोट्रेट और स्पोर्ट्स से जुड़ी कई कलाकृतियां शामिल हैं.
Delhi E Auction: पीएम मोदी जब भी देश-विदेश की यात्रा करते हैं, तब उन्हें अलग-अलग दौरों, कार्यक्रमों और सार्वजनिक आयोजनों के दौरान कई उपहार और स्मृति चिन्ह भेंट किए जाते हैं. क्या आप जानते हैं कि इन गिफ्ट्स का इस्तेमाल कैसे होता है? क्या पीएम मोदी खुद इन उपहारों का इस्तेमाल करते हैं?
पीएम मोदी को उनके दौरों के दौरान मिले स्मृति चिन्ह ई नीलामी का हिस्सा बन जाते हैं. यह एक पब्लिक ऑक्शन है, जहां लोग इन कलाकृतियों के लिए बोली लगा सकते हैं. नीलामी से मिले धन का इस्तेमाल नमामि गंगा प्रोजेक्ट के लिए किया जाता है. इस बार नीलामी का आठवां संस्करण अब 31 अक्टूबर, 2026 तक बढ़ा दिया गया है. ऐसे में पीएम के नए कलेक्शन में शामिल चीजों को देखने और उनके लिए बोली लगाने का ज्यादा समय मिल गया है.
नीलामी में शामिल कलेक्शन
इस साल के कलेक्शन में दिल्ली पर ज्यादा फोकस किया गया है, जिसमें राजधानी की धार्मिक परंपराओं, विरासत, संस्थानों, बुनियादी ढांचे, कला और खेल उपलब्धियों को उजागर करने वाली 30 स्मृति चिन्ह शामिल हैं. इनमें 9 फोटो फ्रेम, 9 स्मृति चिन्ह और 6 मूर्तियां, शिल्प और प्रतिमाओं के साथ ही दिल्ली मेट्रो के 2 मॉडल, खेल से संबंधित यादगार वस्तुएं, 1 पेंटिंग और कई पारंपरिक कला और शिल्प की वस्तुएं शामिल हैं. आप इन वस्तुओं पर बोली लगाने के लिए pmmementos.gov.in पर जा सकते हैं.
अष्टमंगल की फोटो
इस बार नीलामी के लिए कलेक्शन में बौद्ध धर्म के आठ शुभ प्रतीकों यानी अष्टमंगल की फोटो उपलब्ध है.
इन प्रतीकों का गहरा आध्यात्मिक महत्व है, साथ ही ये परंपरागत रूप से बौद्ध शिक्षाओं और बुद्ध के ज्ञान प्राप्ति के मार्ग से जुड़े हुए हैं.
भगवान राम से जुड़ी 4 कलाकृतियां शामिल
नीलामी के लिए इस बार कलेक्शन में भगवान राम या रामायण के दृश्यों को दर्शाने वाली 4 कलाकृतियां शामिल हैं.
इनमें राम दरबार की एक मूर्ति, राम, सीता और लक्ष्मण को केवट के साथ नदी पार करते हुए दर्शाने वाली पीतल की एक पट्टिका, पालम गांव के संत दादा देव का एक फोटो और राम लल्ला की लकड़ी की नक्काशीदार प्रतिमा शामिल हैं. ये सभी कलाकृतियां मिलकर दिल्ली की कलात्मक परंपराओं में रामायण और भगवान राम के सांस्कृतिक महत्व को दर्शाती हैं.
ऑटोग्राफ की हुई जर्सी
इल कलेक्शन में स्पोर्ट्स को भी जगह मिली है. यहां नेशनल पैरा टेबल टेनिस टीम के सदस्यों के हाथों से साइन की गई असली टीम की जर्सी शामिल है. इस स्काई ब्लू और नेवी ब्लू कलर की जर्सी पर पैरालिंपिक कमेटी ऑफ इंडिया का ऑफीशियल लोगो बना हुआ है और इसमें पैरा एथलीटों की ओर से असली साइन भी किए गए हैं.
भाविना पटेल, पूनम, यशवंत और सुमन जैसे ऐतिहासिक चैंपियंस के ऑटोग्राफ आपको इसमें बिल्कुल साफ नजर आएंगे.
राधा-कृष्ण से जुड़ी कलाकृति
दिल्ली में नीलामी के लिए मोर के साथ राधा और कृष्ण को दर्शाती 99.99 फाइन गोल्ड-प्लेटेड रिलीफ भी है.
इस खूबसूरत कलाकृति को मंदिर के मेहराब जैसे बारीक डिजाइन के बीच खूबसूरती से जड़ा गया है और गहरे रंग की लकड़ी की फिनिश वाले फ्रेम में कांच के नीचे रखा गया है. इसके बेस पर एक पीतल की प्लेट भी लगी है.
पीएम मोदी का पोट्रेट
नीलामी के लिए पीएम मोदी का एक हाफटोन मोजेक पोर्ट्रेट भी रखा गया है. इसे एक-एक करके बेहद बारीकी से हाथ से जोड़कर बनाया गया है. डाइस की सतहों को बड़े ही खास अंदाज से व्यवस्थित करके आर्टिस्स ने काले बिंदुओं के अलग-अलग डेंसिटी का इस्तेमाल किया है, जिससे एक हाई-कॉन्ट्रास्ट, टेक्सचर वाली ग्रेस्केल इमेज बनी है, जिसमें अद्भुत गहराई और परछाई दिखाई देती है.
ई नीलामी 31 अक्टूबर 2026 तक खुली रहने वाली है. आम जनता प्रधानमंत्री स्मृति चिन्ह ई नीलामी पोर्टल के जरिए कैटलॉग देख सकती है और इनकी डीटेल जान सकती है. आप चाहें तो इसकी बोली में भी हिस्सा ले सकते हैं.