SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

BJP कार्यालय पर हमलाः बूथ अध्यक्ष समेत पार्टी के 10-12 कार्यकर्ता घायल, ममता की पार्टी पर आरोप

पश्चिम परगना जिले में अब तक चुनावी हिंसा देखने को मिल रही है. कैनिंग पूर्व विधानसभा क्षेत्र में करीब 10 से 12 लोगों ने लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से बीजेपी कार्यालय पर हमला किया और पार्टी कार्यकर्ताओं की पिटाई की. घटना के बाद से इलाके में तनाव देखने को मिल रहा है.

Written By K. Raj Mishra
Published: Oct 17, 2026, 12:27 PM IST | Updated: Oct 17, 2026, 02:49 PM IST
Image Credit: पश्चिम 24 परगना जिले में BJP कार्यालय पर हमला (Photo- Zee Media)
Join

पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव संपन्न हुए करीब 6 महीने का वक्त गुजर गया है, लेकिन चुनावी हिंसा का दौर अब तक देखने को मिल रहा है. ताजा मामला दक्षिण 24 परगना जिले से सामने आया है. यहां कैनिंग पूर्व विधानसभा क्षेत्र में स्थित बीजेपी कार्यालय पर कुछ असामाजिक तत्वों ने हमला किया और जमकर तोड़फोड़ की. घटना जीबोंताला पुलिस थाना क्षेत्र के नेत्रा बाजार में हुई. घटना को लेकर बताया जा रहा है कि करीब 10 से 12 लोगों ने लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से बीजेपी कार्यालय पर हमला किया और पार्टी कार्यकर्ताओं की पिटाई शुरू कर दी. इस घटना में बूथ नंबर 146 के लिए बूथ अध्यक्ष समेत भगवा पार्टी के 10 से 12 कार्यकर्ता गंभीर रूप से घायल हुए हैं. घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

ममता बनर्जी के समर्थकों पर आरोप

बीजेपी ने इस हमले का आरोप ममता बनर्जी गुट के कार्यकर्ताओं और समर्थकों पर लगाया है. बीजेपी का आरोप है कि लोहे की छड़ें और लाठियां लिए कुछ लोगों ने अचानक पार्टी कार्यालय पर धावा बोल दिया. इस जानलेवा हमले के दौरान उसके बूथ अध्यक्ष का हाथ टूट गया. सूचना पर जीबोंताला थाने की पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस के आने से पहले सभी आरोपी फरार हो गए. इस घटना को लेकर इलाके में काफी तनाव देखने को मिल रहा है. बीजेपी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने हमलावरों को पकड़कर सख्त सजा देने की मांग की है.

चुनावी हिंसा में मारे गए थे 4 लोग

चुनाव आयोग की सख्ती के कारण इस बार के चुनाव पहले की तुलना में काफी शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुए थे. हालांकि, इसके बाद भी बीरभूम, दक्षिण 24 परगना, हावड़ा, नादिया और बांकुरा समेत कई जिलों में झड़पें, तोड़फोड़ और कुछ मौत की घटनाएं सामने आई थीं. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, चुनावी हिंसा में करीब 4 लोग मारे गए थे. चुनाव में बीजेपी को भारी बहुमत मिला और शुभेंदु अधिकारी को मुख्यमंत्री बनाया गया है. शुभेंदु सरकार में भी कुछ जिलों से चुनावी हिंसा की घटनाएं अब तक सामने आ रही हैं.

दुर्गा पूजा को लेकर भी हुई थी हिंसक झड़प

दक्षिण 24 परगना जिले में इससे पहले स्थानीय दुर्गा पूजा समिति के गठन को लेकर दो गुटों के बीच हिंसक झड़प हो गई थी, जिसमें बीजेपी के एक कार्यकर्ता की मौत हो गई थी. मृतक की पहचान बापी प्रमाणिक के रूप में हुई. पुलिस के अनुसार, बरुईपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत तंगारबेरिया में पूजा समिति के गठन को लेकर 23 अगस्त को दो गुटों के बीच झड़प हुई थी, जिसमें बीजेपी कार्यकर्ता बापी प्रमाणिक समेत कई अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे. अस्पताल ले जाते समय बापी प्रमाणिक की मौत हो गई थी.

ये भी पढ़ें- 'सोच वाली जहर' के युवा हुए शिकार: दिमागी नक्सलियों पर RSS की 'नारी शक्ति' का करारा प्रहार

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

कर्मराज मिश्रा ज़ी न्यूज (डिजिटल) टीम में बतौर चीफ सब एडिटर कार्यरत हैं. वे यहां देश-विदेश की राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लिखते हैं. कानपुर यूनीवर्सिटी से पत्रकारिता में मास्टर की डिग्री हासिल करके IBN-7 न्यूज चैनल से इंटर्नशिप की. इसके बाद खबर फास्ट, नेशन लाइव और साधना न्यूज न्यूज चैनलों में काम करने के बाद डिजिटल का रुख किया और 2017 से 2020 तक हिंदुस्थान समाचार न्यूज एजेंसी में बतौर सीनियर सब एडिटर काम किया. इसके बाद News Nation, India Ahead के बाद वर्तमान में Z Media का हिस्सा हैं. मीडिया में 10 साल के कार्यकाल के दौरान यूपी, बिहार, छत्तीसगढ़ और दिल्ली विधानसभा चुनावों के अलावा 2019 और 2024 का लोकसभा चुनाव कवर किया है.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES