असम के काजीरंगा में दर्दनाक हादसा: मिनी बस और ट्रक की जोरदार भिड़ंत, 23 की मौत, कई जख्मी
इस दर्दनाक हादसे में एक तेज रफ्तार ट्रक और छात्रों से भरी ट्रैवलर (मिनी बस) की आमने-सामने से टक्कर हुई है. हादसे में 23 लोगों की मौत हो गई है, जबकि कई जख्मी हैं.
असम के काजीरंगा इलाके में एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है. एक तेज रफ्तार ट्रक और छात्रों से भरी ट्रैवलर (मिनी बस) की आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई है. इस हादसे में 23 लोगों की मौत हो गई है. यह आकंड़ा और बढ़ सकता है. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और फिलहाल राहत-बचाव जारी है. यह दर्दनाक हादसा रोंगाजन के पास हुआ है.
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, ट्रैवलर गाड़ी बोकाखात से नगांव की तरफ जा रही थी. इसी दौरान रास्ते में यह भयानक एक्सीडेंट हो गया. बताया जा रहा है कि मिनी-बस में करीब 40 यात्री सवार थे, इनमें ज्यादातर स्टूडेंट्स शामिल थे.
टक्कर के बाद गाड़ी बुरी तरह डैमेज हो गई है. कई यात्रियों के अंदर फंसे होने की आशंका है. लोकल लोगों और पुलिस की मदद से तेजी से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है.
घायलों को इलाज के लिए कोहोरा मॉडल अस्पताल में भर्ती कराया गया है. इस एक्सीडेंट में कितने लोगों की मौत हुई है, इसके सही आंकड़ों की ऑफिशियल पुष्टि का इंतजार है.
गोलाघाट के एसपी स्वप्ननील डेका ने क्या बताया?
गोलाघाट के एसपी स्वप्ननील डेका ने न्यूज एजेंसी ANI को बताया, 'हमें शुरुआती रिपोर्ट मिली है कि इस एक्सीडेंट में कम से कम सात लोगों की मौत हुई है. हम सभी मौके पर मौजूद हैं और बस से शव निकाले जा रहे हैं. ऐसे में मरने वालों का आंकड़ा अभी और बढ़ सकता है.'
मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने जताया दुख
इस दर्दनाक हादसे पर मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने दुख जताया है. उन्होंने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, 'काजीरंगा में आज हुए दर्दनाक हादसे से मैं बेहद दुखी हूं. इस क्षति की भयावहता ने हम सभी को झकझोर कर रख दिया है और मेरी संवेदनाएं उन सभी परिवारों के साथ हैं, जिन्होंने अपने प्रियजनों को खोया है. कोई भी शब्द उनके दर्द को कम नहीं कर सकता, लेकिन मैं उन्हें यह विश्वास दिलाना चाहता हूं कि वे अकेले नहीं हैं. दुख की इस घड़ी में पूरा असम उनके साथ खड़ा है.'
मुख्यमंत्री ने पोस्ट में आगे लिखा, 'हमारी सबसे पहली प्राथमिकता यह सुनिश्चित करना है कि घायलों को बिना किसी देरी के बेहतर से बेहतर इलाज मिल सके. मंत्री अतुल बोरा घटनास्थल पर मौजूद हैं और खुद राहत कार्यों की निगरानी कर रहे हैं. मैं घायलों के जल्द स्वस्थ होने और शोक संतप्त परिवारों को इस दुख को सहने की शक्ति मिलने की प्रार्थना करता हूं.'
(गुवाहाटी से शरीफ उद्दीन अहमद की रिपोर्ट)
ये भी पढ़ें: 'अटलांटिक महासागर में चल रही थी कार?' 1 किमी ओवरस्पीड पर ₹2000 का चालान, लोकेशन देखकर माथा पीट लेंगे आप