अब आशुतोष दीक्षित संभालेंगे वायुसेना की कमान; ऑपरेशन सफेद सागर और सिंदूर में बरसा चुके हैं कहर
एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित इंडियने एयर फोर्स के प्रमुख बनेंगे. अपने चार दशक की सर्विस में उन्होंने कई अहम ऑपरेशंस में हिस्सा लिया है. इनमें ऑपरेशन सफेद सागर और ऑपरेशन सिंदूर भी शामिल हैं.
भारतीय वायुसेना को नया प्रमुख मिल गया है. एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित को यह जिम्मेदारी सौंपी गई है. वो मौजूदा IAF चीफ एपी सिंह की जगह लेंगे. एयर स्टाफ के वाइस चीफ बनने से पहले एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित सेंट्रल एयर कमांड के एयर ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ रह चुके हैं. इसके बाद उन्होंने हेडक्वार्टर इंटीग्रेटेड डिफेंस स्टाफ में चीफ ऑफ इंटीग्रेटेड डिफेंस स्टाफ के तौर पर भी जिम्मेदारी संभाली.
एयर मार्शल दीक्षित के पास मिराज-2000, मिग के अलग-अलग वर्जन, HPT-32, An-32, एव्रो, किरण, जगुआर, IL-78, हॉक और तेजस जैसे कई तरह के एयरक्राफ्ट उड़ाने का लंबा अनुभव है. वह एक एक्सपेरिमेंटल टेस्ट पायलट और क्वालिफाइड फ्लाइंग इंस्ट्रक्टर हैं. लगभग चार दशक की अपनी सर्विस के दौरान, वह कई ऑपरेशन और एक्सरसाइज में शामिल रहे हैं. उन्होंने ऑपरेशन सफेद सागर, ऑपरेशन रक्षक, कोप-इंडिया और ऑपरेशन सिंदूर में भी हिस्सा लिया था.
'आत्मनिर्भरता' पहल को मिलेगी नई उड़ान!
वायु सेना में स्वदेशी LCA तेजस और अन्य स्वदेशी विमान प्रोजेक्ट्स को बढ़ावा देने के लिए मशहूर एयर मार्शल दीक्षित से सरकार की 'आत्मनिर्भरता' पहल को और आगे बढ़ाने की उम्मीद है. उन्हें 06 दिसंबर 1986 को IAF की फाइटर स्ट्रीम में शामिल किया गया था. वे नेशनल डिफेंस एकेडमी, डिफेंस स्टाफ सर्विस कॉलेज (बांग्लादेश) और नेशनल डिफेंस कॉलेज के पूर्व छात्र हैं और उनके पास 3500 घंटे से ज़्यादा की उड़ान का अनुभव है.
31 अक्टूबर को एपी सिंह की जगह लेंगे
आशुतोष दीक्षित एयर चीफ मार्शल अमर प्रीत सिंह (AP SINGH) की जगह लेंगे. 31 अक्टूबर 2026 को दीक्षित एपी सिंह की जगह पर बैठेंगे. AP सिंह ने 30 सितंबर 2024 को चीफ ऑफ द एयर स्टाफ का पद संभाला था. अमर प्रीत सिंह 30 सितंबर 2024 को भारतीय वायुसेना के 28वें प्रमुख बने थे.