'वोट चोरी कहकर आप घुसपैठियों को बचाना चाहते हो': SIR को लेकर अमित शाह ने राहुल गांधी पर साधा निशाना
कथित वोट चोरी के आरोपों पर राहुल गांधी पर पलटवार करते हुए केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह कहा कि वोट चोरी बहाना है, आप घुसपैठियों का वोट बचाना चाहते हैं. शाह ने दावा किया कि विपक्ष के इसी रवैये से अगले 30 साल तक बीजेपी की सरकार रहेगी.
SIR और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को लेकर मचे घमासान के बीच राहुल गांधी की विदेश यात्रा को लेकर को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने जमकर निशाना साधा. राहुल पर हमला करते हुए शाह ने कहा कि वोट चोरी की बात कहकर आप घुसपैठियों का वोट बचाना चाहते हो, लेकिन देश की आपकी चाल को समझ चुका है. केंद्रीय गृहमंत्री ने कहा कि कभी EVM का बहाना बनाते हो तो कभी वोट चोरी का बहाना बनाते हो, लेकिन केंद्र में बीजेपी की सरकार बनने से पहले से कई राज्यों मे आपकी सरकार नहीं बनी.
शाह ने आंकड़े बताते हुए कहा कि गुजरात में 41 साल से आपकी सरकार नहीं बनी. उत्तर प्रदेश में 41 साल से कांग्रेस पार्टी चुनाव नहीं जीती. बंगाल में 56 साल से चुनाव नहीं जीते. तमिलनाडु में 64 साल से चुनाव नहीं जीते. राजस्थान और मध्य प्रदेश में 28 साल से आपकी पूर्ण बहुमत की सरकार नहीं बनी. अरुणाचल में आप 12 साल से चुनकर नहीं आए. मिजोरम में 13 साल, मणिपुर में 14 साल से, दिल्ली में 18 साल से और असम में 12 साल से आप चुनकर नहीं आए. ये सब मोदी जी के आने से पहले हुआ है.
बीजेपी की सरकार बनने का कारण बताया
उन्होंने कहा कि जब मैं कहता हूं कि अगले 30 साल तक भारतीय जनता पार्टी की सरकार रहेगी, तो ये कहते हैं वोट चोरी हुआ है, नहीं तो अमित शाह को कैसे मालूम पड़ा. शाह ने राहुल की विदेश यात्रा पर तंज कसते हुए कहा कि अमित शाह तो यहां जन्मा है, यहां रहता है और यहीं पर मरेगा. हर 6 महीने में मुझे विदेश नहीं जाना पड़ता है. मैं तो जनता के बीच में रहता हूं. गृहमंत्री ने कहा कि जिस तरह से वे नकारात्मक राजनीति करते हैं, उससे मैं कहता हूं अगले 30 साल तक, 2014 से 30 साल तक आपकी सरकार नहीं बनेगी.
वोट चोरी पर राहुल-कांग्रेस को घेरा
शाह ने कहा कि अभी-अभी केरलम में चुनाव हुआ. यही मतदाता सूची, यही EVM, यही इलेक्शन कमीशन. आप चुनाव जीत गए, आपने शपथ ले ली. आप चुनाव जीत गए, इलेक्शन कमीशन अच्छा है. तेलंगाना में जीत गए, हिमाचल में जीत गए, तमिलनाडु में आपके समर्थक जीत गए, तो इलेक्शन कमीशन अच्छा है. अदालत आपके पक्ष में फैसला ले तो अदालतें अच्छी हैं और विपक्ष में फैसला दें, तो अदालतें ठीक नहीं हैं. ये दोहरे मानदंड नहीं चलेंगे. जनता आपको जान चुकी है. SIR पर दिल्ली में हुए प्रदर्शनों पर शाह ने कहा कि कुछ आप-पास के राज्यों से अपने कैडर को इकट्ठा करके, दिल्ली में प्रदर्शन करके, आप जनता के जनादेश को झुठला नहीं सकते. देश की जनता आपको देख भी रही हो और जान भी रही है.
शाह ने राहुल को दी ये सलाह
शाह ने कहा कि आप मेरी आवाज सुन भी नहीं सकते हो, क्योंकि विदेश में कहीं बैठे हो. क्यों बैठे हो, वो बताते भी नहीं हो. कोई बात नहीं, यह आपकी निजी जिंदगी है. मगर दिल्ली लैंड करते ही मेरी बात को सुनना. अगले 30 साल तक आपका नंबर नहीं लगने वाला. बीजेपी के बूथ के कार्यकर्ता से लेकर नरेंद्र मोदी तक, करोड़ों कार्यकर्ता जनता के बीच में हैं. वीरशाही से आप देश के जनादेश को झुठला नहीं सकते. चुनाव जीतना है, तो लोगों के बीच रहिए. धरना-प्रदर्शन से कुछ नहीं होता है. जनता के दुख, दर्द और पीड़ा को दूर करने के लिए, जहां से भी चुनकर आए हैं, वहां काम करिए. वरना बचा हुआ भी आपका चला जाएगा, कुछ नहीं बचेगा.