मानसून ने फिर बदले तेवर, आज 20 राज्यों में झमाझम बारिश का अलर्ट; पहाड़ों पर होगी बर्फबारी, जानिए मौसम अपडेट
Delhi-NCR Weather Update: मानसून ने फिर तेवर बदल लिए हैं. भारतीय मौसम विभाग ने आज 20 राज्यों में झमाझम बारिश का अलर्ट जारी किया है. साथ ही, पहाड़ों पर बर्फबारी भी हो सकती है.
All-India Weather Update: सितंबर महीने के आखिरी दौर में मानसून एक बार फिर बेहद सक्रिय और आक्रामक तेवर में नजर आ रहा है. इसका असर उत्तर भारत से लेकर दक्षिण और पूर्वोत्तर के राज्यों तक देखने को मिल रहा है. सप्ताह के पहले वर्किंग डे यानी आज 28 सितंबर भी इसके प्रभाव में रहने वाला है. भारतीय मौसम विभाग ने 28 सितंबर को देश के लगभग 20 राज्यों में झमाझम बारिश, आंधी-तूफान और पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी का अलर्ट जारी किया है. आइए जानते हैं कि इस दौरान देश के विभिन्न हिस्सों में आज मौसम का मिजाज कैसा रहने वाला है.
उत्तर भारत में तेज रहेंगी बारिश की गतिविधियां
उत्तर प्रदेश, बिहार, पंजाब और मध्य प्रदेश में भी बारिश की गतिविधियां तेज हैं. खासकर उत्तर प्रदेश और बिहार के कई जिलों में आज मूसलाधार बारिश का अलर्ट है. इन राज्यों में बारिश के साथ-साथ 50 से 75 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है.
उत्तर प्रदेश के लखनऊ और आसपास के क्षेत्रों में आज अधिकतम तापमान लगभग 29 डिग्री और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा. जबकि, पटना और मध्य प्रदेश के भोपाल जैसे शहरों में दिन का तापमान 31 से 32 डिग्री सेल्सियस के इर्द-गिर्द दर्ज किया जाएगा. इस दौरान बादलों की लुकाछिपी और उमस का दौर बना रहेगा.
इन राज्यों में छिटपुट बारिश के साथ चलेंगी हवाएं
पश्चिम बंगाल के कोलकाता, दार्जिलिंग और ओडिशा के पुरी, कटक, भुवनेश्वर में तटीय हवाओं के साथ भारी बारिश का अनुमान है. वहां पर हवा की गति 60 से 70 किमी प्रति घंटा हो सकती है.
दक्षिण के राज्यों जैसे कर्नाटक, केरल, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और तमिलनाडु के कुछ हिस्सों में छिटपुट से लेकर भारी बारिश और बिजली गिरने का अनुमान है. यहां भी तटीय इलाकों में तेज हवाएं चल सकती हैं.
पहाड़ी राज्यों में बारिश के साथ हो सकती है बर्फबारी
पहाड़ी इलाकों में मौसम का मिजाज काफी बदला हुआ है. मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के कई जिलों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश का दौर जारी है. इन दोनों राज्यों के करीब 4,000 मीटर से ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी भी हो रही है. इसके चलते मनाली और आसपास के उच्च शिखरों पर ठंड काफी बढ़ गई है. वहां पर न्यूनतम तापमान गिरकर 3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है. इसके साथ ही वहां पर सर्द हवाएं भी चल रही हैं, जिससे लोगों को ठंड का एहसास हो रहा है.
देहरादून में आज अधिकतम तापमान 25 डिग्री और न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है, जबकि श्रीनगर में अधिकतम तापमान 23 डिग्री और न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस तक रहने का अनुमान है. पहाड़ी इलाकों में बारिश की वजह से भूस्खलन और रास्तों के बंद होने का खतरा है. इसे देखते हुए लोगों को अलर्ट रहने की चेतावनी दी गई है.
दिल्ली-एनसीआर में ऐसा रहेगा मौसम का हाल
दिल्ली-एनसीआर में 28 सितंबर को आसमान आमतौर पर बादलों से घिरा रहेगा. दिन के समय कुछेक इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है. इस दौरान हल्की ठंडी हवाएं चल सकती हैं, जिसके चलते लोगों को दिन में सुहावने मौसम का अहसास होगा. आज अधिकतम तापमान करीब 29 डिग्री और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है. दिन में तीखी धूप और उमस से लोगों को कुछ राहत मिलेगी. वहीं, रात में सुहावने-ठंडे मौसम का एहसास होगा.
कुल मिलाकर, 28 सितंबर का दिन आज कई जगहों पर मूसलाधार बारिश और ऊंचे पहाड़ों पर बर्फबारी वाला रहने वाला है. धूप जाते ही लोगों को ठंड का एहसास होगा. हल्की बारिश के कारण तापमान कंट्रोल में रहेगा और मौसम सुहाना बना रहेगा.