SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

अजित डोभाल को अमेरिकी कोर्ट का समन क्यों? पन्नू के आरोपों पर भारत की दो टूक- 'बेबुनियाद मुकदमे मंजूर नहीं'

न्यूयॉर्क की अमेरिकी अदालत ने गुरपतवंत सिंह पन्नू की ओर से दायर दीवानी मुकदमे में एनएसए अजित डोभाल और पूर्व रॉ प्रमुख सामंत गोयल को समन भेजने का आदेश दिया है.

Written By Ravindra Pratap Singh
Published: Nov 20, 2026, 18:24 IST | Updated: Nov 20, 2026, 18:33 IST
Image Credit: गुरपतवंत सिंह पन्नू केस में अजित डोभाल को समन पर विदेश मंत्रालय की दोटूक- 'ऐसे निराधार मुकदमे मंजूर नहीं'
Join

भारत ने राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) अजित डोभाल और खुफिया एजेंसी रॉ (RAW) के पूर्व प्रमुख सामंत गोयल के खिलाफ जारी अमेरिकी अदालत के समन को एक सिरे से खारिज कर दिया है. विदेश मंत्रालय (MEA) ने शुक्रवार को इस मामले पर अपना रुख स्पष्ट करते हुए कहा कि भारत ऐसे निराधार और बेबुनियाद मुकदमों को बिल्कुल स्वीकार नहीं करता है. यह समन खालिस्तान समर्थक संगठन 'सिख्स फॉर जस्टिस' (SFJ) द्वारा दायर एक दीवानी मुकदमे के सिलसिले में जारी किया गया है.

दिल्ली की अदालतों के माध्यम से समन भेजने के अमेरिकी अदालत के आदेश से जुड़े एक सवाल का जवाब देते हुए विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बेहद सख्त लहजे में भारत का पक्ष रखा. उन्होंने साफ शब्दों में कहा, 'हम ऐसे निराधार मुकदमों को सिरे से खारिज करते हैं.' भारत के इस बयान से स्पष्ट है कि वह विदेशी अदालतों में भारत के शीर्ष सुरक्षा अधिकारियों को घसीटने की किसी भी कोशिश को तवज्जो देने के मूड में नहीं है.

क्या है अमेरिकी अदालत का आदेश?

यह पूरा मामला न्यूयॉर्क के दक्षिणी जिले की अमेरिकी जिला अदालत से जुड़ा है. यहां की न्यायाधीश कैथरीन पोल्क फिला ने खालिस्तानी आतंकी और SFJ के संस्थापक गुरपतवंत सिंह पन्नू की याचिका पर यह आदेश दिया है. अमेरिकी कोर्ट ने अपने क्लर्क को निर्देश दिया है कि वह अजित डोभाल और सामंत गोयल को न्यायिक दस्तावेज और समन भेजने के लिए वैकल्पिक रास्ता अपनाए. इसके तहत अंतरराष्ट्रीय डाक या कूरियर के जरिए दिल्ली की तीन जिला अदालतों- पटियाला हाउस, द्वारका और तीस हजारी कोर्ट के माध्यम से यह समन तामील कराने को कहा गया है.

यह भी पढ़ेंः अमेरिका के बाद अब कनाडा ने गोल्डी बराड़ पर रखा ढाई लाख डॉलर का इनाम, मोस्ट वांटेड लिस्ट में नंबर-1

कोर्ट ने क्यों अपनाया वैकल्पिक रास्ता?

अपने आदेश में अमेरिकी अदालत ने यह भी स्वीकार किया कि उसने पहले हेग कन्वेंशन (Hague Convention) के तहत भारत की केंद्रीय प्राधिकरण के माध्यम से समन भेजने की कोशिश की थी, लेकिन भारत ने उस प्रयास को खारिज कर दिया था. इसके बाद अदालत ने हेग कन्वेंशन के अनुच्छेद 19 और भारत की नागरिक प्रक्रिया संहिता (CPC) का हवाला देते हुए समन भेजने के इस वैकल्पिक तरीके को मंजूरी दी. अदालत ने अपने आदेश में भारतीय अदालतों से सम्मानपूर्वक अनुरोध किया है कि वे इस दीवानी मामले में प्रतिवादियों तक समन पहुंचाने में सहायता करें.

क्या भारत इस समन को मानने पर मजबूर है?

इस पूरे घटनाक्रम पर जानकारों और आधिकारिक सूत्रों का कहना है कि अमेरिकी अदालत का यह कदम महज एक 'नियमित और प्रक्रियात्मक कार्यवाही' है. ये समन भारत या उसके अधिकारियों पर किसी भी तरह से बाध्यकारी नहीं हैं. इससे पहले अमेरिकी विदेश विभाग ने भी भारतीय दूतावास के जरिए ये समन भेजे थे. हालांकि, उस समय अमेरिका ने यह स्पष्ट कर दिया था कि समन भेजने की इस कार्रवाई का मतलब यह नहीं है कि अमेरिकी सरकार इस मुकदमे के पक्ष में है या इस पर कोई राय रखती है.

पहले भी हो चुकी हैं ऐसी कोशिशें

यह कोई पहला मौका नहीं है जब 'सिख्स फॉर जस्टिस' ने किसी शीर्ष भारतीय हस्ती के खिलाफ अमेरिकी अदालत का दरवाजा खटखटाया हो. इससे पहले साल 2013 में भी इस संगठन ने तत्कालीन प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के खिलाफ अमेरिका में एक दीवानी मुकदमा दायर किया था. उस समय 1984 के सिख विरोधी दंगों से जुड़े मानवाधिकार उल्लंघन के आरोप लगाते हुए उन्हें समन जारी करवाया गया था. विशेषज्ञों का मानना है कि ऐसे मुकदमे केवल सुर्खियां बटोरने और भारत पर दबाव बनाने की रणनीति का हिस्सा होते हैं, जिनका जमीनी स्तर पर कोई कानूनी असर नहीं होता.

यह भी पढ़ेंः 'मुझे लगा मेरा करियर खत्म हो गया...', किस मिशन को लेकर परेशान हो गए थे अजित डोभाल?

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

रवींद्र प्रताप सिंह ने साल 2015 में जागरण.कॉम से डिजिटल मीडिया में कदम रखा मौजूदा समय वो ज़ी न्यूज डिजिटल में चीफ सब एडिटर हैं. अगस्त 2025 में उन्होंने ज़ी न्यूज ज्वाइन किया है. रवींद्र देश और दुनिया की खबरों के अलावा खेलों में क्रिकेट जगत और क्राइम की खबरों पर बेहतरीन पकड़ रखते हैं. इसके पहले रवींद्र रिपब्लिक भारत में इवनिंग शिफ्ट के इंचार्ज रहे और शाम की शिफ्ट संभालते हुए होम पेज की जिम्मेदारी रवींद्र के ऊपर थी. उससे पहले रवींद्र ने जनसत्ता और न्यूज नेशन में भी शाम की शिफ्ट और होम पेज की जिम्मेदारी बखूबी निभाई. इसके पहले रवींद्र ने 5 सालों तक पी7 और लाइव इंडिया जैसे न्यूज चैनलों में काम किया था. रवींद्र आकाशवाणी में काम करने का अनुभव रखते. अवध यूनिवर्सिटी से मॉस कम्युनिकेशन से पोस्ट ग्रेजुएट रवींद्र पिछले डेढ़ दशक से सक्रिय पत्रकारिता कर रहे हैं. आप रवींद्र से जुड़ने के लिए Ravindra.Singh@India.com पर मेल कर सकते हैं या फिर फेसबुक पर संपर्क करने के लिए https://www.facebook.com/pintu.singh.397 और एक्स पर https://x.com/rs66533 रवींद्र से संपर्क किया जा सकता है. 
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES