App

'एयर प्यूरीफायर अब लग्जरी नहीं, दवा बन गया': 'दमघोंटू हवा' के बीच 5 गुना बढ़ी डिमांड, CTI ने की GST घटाने की मांग

दिल्ली-एनसीआर की 'दमघोंटू हवा' के बीच एयर प्यूरीफायर 'सांसों का संकटमोचक' बनकर सामने आया है. CTI ने एयर प्यूरीफायर पर GST घटाने की मांग की है. CTI का कहना है कि अब यह लग्जरी प्रोडक्ट नहीं, बल्कि दवा बन चुका है.

'एयर प्यूरीफायर अब लग्जरी नहीं, दवा बन गया': 'दमघोंटू हवा' के बीच 5 गुना बढ़ी डिमांड, CTI ने की GST घटाने की मांग
Image Credit: दिल्ली-NCR की 'दमघोंटू हवा' के बीच एयर प्यूरीफायर की 5 गुना बढ़ी डिमांड (AI तस्वीर)

दिल्ली-एनसीआर में हवा की गुणवत्ता (AQI) 'अति गंभीर' श्रेणी पर देखने को मिल रही है, जिससे 'सांसों पर संकट' बरकरार है. आज (शनिवार, 15 नवंबर) की सुबह-सुबह दिल्ली का औसत AQI 349 रहा, जो कि 'बेहद खराब' श्रेणी में है. कई इलाकों में हालात इतने खराब हैं कि सांस लेना भी मुश्किल हो रहा है. सांसों पर छाए विकट संकट के बीच CTI ने एयर प्यूरीफायर पर GST घटाने की मांग की है. CTI ने इसके लिए केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को चिट्ठी लिखी है. सीटीआई ने वित्त मंत्री से एयर प्यूरीफायर पर लग रही GST को 18% से घटाकर 5% करने की मांग की है. सीटीआई ने कहा कि दिल्ली-NCR में बढ़ते वायु प्रदूषण के कारण लोगों को स्वास्थ्य संबंधी परेशानियां हो रही हैं, इसलिए बड़ी संख्या में लोग घरों और ऑफिस में एयर प्यूरीफायर का इस्तेमाल कर रहे हैं.

CTI की बड़ी मांगें

  • एयर प्यूरीफायर पर GST 18% से 5% हो- इसे मेडिकल / हेल्थ डिवाइस की श्रेणी में रखा जाए और GST 18% से घटाकर 5% किया जाए.
  • फिल्टर और पार्ट्स पर भी GST 5% हो- HEPA फिल्टर, कार्बन फिल्टर, UV लैंप, मोटर, सेंसर पर भी GST घटाकर 18% से 5% किया जाए. फिल्टर हर 6 महीने में बदलना पड़ता है.
  • मेड इन इंडिया के लिए रॉ-मटेरियल सस्ता हो- प्यूरीफायर बनाने वाले रॉ-मटेरियल पर GST 12% से घटाकर 5% किया जाए, ताकि भारत में ही सस्ती कीमत पर एयर प्यूरीफायर बन सकें और चीन से आयात कम से कम हो.
  • दिल्ली के लिए विशेष प्रदूषण पैकेज दिया जाए- दिल्ली के लिए 5,000 करोड़ का विशेष प्रदूषण राहत पैकेज दिया जाए, ताकि स्मॉग टावर, ग्रीन बेल्ट, सड़क धुलाई और AQI मॉनिटरिंग को मजबूत किया जा सके.
  • स्कूल, अस्पताल, बाजारों में प्यूरीफायर के लिए केंद्रीय सहायता मिले- दिल्ली के सभी सरकारी स्कूलों, अस्पतालों, आंगनवाड़ी और 100 बड़े बाजारों में प्यूरीफायर लगाने के लिए 500 करोड़ की विशेष सहायता दी जाए.
  • प्रदूषण से प्रभावित व्यापारियों को राहत दी जाए- GRAP और बाजार बंदी से प्रभावित व्यापारियों को 6 महीने तक EMI मोरेटोरियम, ब्याज में 2% छूट और वर्किंग कैपिटल लोन में विशेष सुविधा दी जाए.
CTI Letter

एयर प्यूरीफायर अब दवा की तरह- CTI

CTI चेयरमैन बृजेश गोयल ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से जैसे ही दिल्ली में प्रदूषण बढ़ा है एयर प्यूरीफायर की डिमांड 5 गुणा बढ़ गई है. उन्होंने बताया कि पहले एक दुकान पर प्रतिदिन औसतन 4 एयर प्यूरीफायर बिकते थे, लेकिन अब प्रतिदिन लगभग 20 एयर प्यूरीफायर बिक रहे हैं. उन्होंने कहा कि डिमांड बढ़ने के कारण कुछ कंपनियों के पास स्टॉक भी खत्म हो गए हैं. उन्होंने कहा कि एयर प्यूरीफायर अब लग्जरी नहीं, दवा की तरह बन गया है. लेकिन 18% GST के कारण यह आम आदमी की पहुंच से बाहर है.

CTI के महासचिव गुरमीत अरोड़ा ने कहा कि एयर प्यूरीफायर और HEPA फिल्टर पर अभी 18% GST लग रहा है, जो कि काफी ज्यादा है. उन्होंने कहा कि एक तरफ जहां सरकार प्रदूषण की समस्या से निजात नहीं दिला पा रही है, वहीं दूसरी तरफ एयर प्यूरीफायर पर GST बहुत ज्यादा है. इस वजह से आम आदमी इसे खरीद नहीं पा रहा है. 

दिल्ली-NCR की हवा में जहर घुला!

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के मुताबिक, ITO में AQI 415 रहा. आज सुबह NIH नरेला इलाके में AQI 428 दर्ज किया गया. ITO के पास AQI 414 रहा. दिल्ली से जुड़े गाजियाबाद में भी AQI 400 से ऊपर दर्ज किया गया, जबकि नोएडा और ग्रेटर नोएडा की हवा भी 'जहरीली' बनी हुई है. दिल्ली-एनसीआर की 'दमघोंटू हवा' के बीच एयर प्यूरीफायर 'सांसों का संकटमोचक' बनकर सामने आया है. चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (CTI) के मुताबिक, एयर प्यूरीफायर की डिमांड 5 गुना बढ़ गई है.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

K. Raj Mishra

K. Raj Mishra

कर्मराज मिश्रा ज़ी न्यूज (डिजिटल) टीम में बतौर चीफ सब एडिटर कार्यरत हैं. वे यहां देश-विदेश की राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लिखते हैं. कानपुर यूनीवर्सिटी से पत्रकारिता में मास्टर की डिग्री हासिल करके IBN-7 न्यूज चैनल से इंटर्नशिप की. इसके बाद खबर फास्ट, नेशन लाइव और साधना न्यूज न्यूज चैनलों में काम करने के बाद डिजिटल का रुख किया और 2017 से 2020 तक हिंदुस्थान समाचार न्यूज एजेंसी में बतौर सीनियर सब एडिटर काम किया. इसके बाद News Nation, India Ahead के बाद वर्तमान में Z Media का हिस्सा हैं. मीडिया में 10 साल के कार्यकाल के दौरान यूपी, बिहार, छत्तीसगढ़ और दिल्ली विधानसभा चुनावों के अलावा 2019 और 2024 का लोकसभा चुनाव कवर किया है.
Read More