)
श्रीगंगानगर रेलवे ट्रैक ब्लास्ट मामले में जांच एजेंसियों ने बड़ा खुलासा किया है. जांच के मुताबिक, इस साजिश में महकदीप कौर मुख्य आरोपी थी, जबकि उसके साथ गिरफ्तार दविंदर सिंह सहयोगी की भूमिका में था. आरोप है कि पाकिस्तान में बैठे एजेंटों के निर्देश पर दोनों ने रेलवे ट्रैक पर धमाके की वारदात को अंजाम दिया.
पाकिस्तान में बैठे 'चाचा' देता था टास्क, शाह करता था हैंडलिंग
जांच में सामने आया है कि महकदीप कौर पाकिस्तान में बैठे 'शाह' और 'चाचा' नाम के एजेंटों के संपर्क में थी. कथित तौर पर 'चाचा' की ओर से वारदात के टास्क दिए जाते थे, जबकि शाह पूरे मामले की हैंडलिंग करता था. पाकिस्तान से मिलने वाले निर्देशों के आधार पर महकदीप अपने साथी युवक के साथ गतिविधियों को अंजाम देती थी.
प्रेम संबंधों और पैसों के जरिए महिलाओं को जाल में फंसाने का आरोप
जांच एजेंसियों के मुताबिक, पाकिस्तानी एजेंट अकेली महिलाओं को प्रेम संबंधों और पैसों का लालच देकर अपने जाल में फंसाने की कोशिश कर रहे हैं. इसके बाद उनका इस्तेमाल देश में संदिग्ध गतिविधियों को अंजाम देने के लिए किया जाता है. महकदीप कौर का मामला भी इसी तरह की साजिश से जुड़ा बताया जा रहा है.
पति से अलग रहती थी महकदीप, नशा तस्करी के मामले में जेल में बंद है पति
जानकारी के अनुसार, महकदीप कौर पिछले कई सालों से अपने पति से अलग रह रही थी. उसका पति नशा तस्करी के मामले में जेल में बंद बताया जा रहा है. जांच एजेंसियां अब महकदीप के निजी संपर्कों, सोशल मीडिया गतिविधियों और पाकिस्तान में बैठे एजेंटों से उसके संबंधों की पड़ताल कर रही हैं.
ADG दिनेश एमएन के नेतृत्व में हुई गिरफ्तारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए राजस्थान एटीएस की टीम ADG दिनेश एमएन के नेतृत्व में पंजाब के गुरदासपुर पहुंची थी. 14 नवंबर को गुरदासपुर के एसपी आदित्य की आईपीएस टीम के सहयोग से संयुक्त कार्रवाई करते हुए महकदीप कौर और दविंदर सिंह को गिरफ्तार किया गया.
गंगापुर सिटी की बाबिता का मामला भी आया सामने
जांच के दौरान गंगापुर सिटी की बाबिता का मामला भी चर्चा में आया है. उसे भी पहले पाकिस्तानी एजेंटों के कथित रोमांटिक जाल में फंसने के मामले में गिरफ्तार किया गया था. एजेंसियां अब ऐसे मामलों के जरिए पाकिस्तान से संचालित नेटवर्क को समझने में जुटी हुई है.