)
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू के सचिव आईएएस अधिकारी कार्तिकेय मिश्रा को टोल पर रोकना कुछ गरीब मुलाजिमों को भारी पड़ गया. ये लोग एक टोल प्लाजा पर काम करते थे और टोल वसूलने वाली कंपनी ने अपने 5 लोगों को नौकरी से निकाल दिया. इनका कसूर बस इतना था कि ड्राइवर के यह बताने के बावजूद कि अंदर कौन बैठा है, उन्होंने साहब की कार रोकने की हिमाकत की थी. कार्तिकेय मिश्रा, नेशनल हाईवे-16 पकड़कर, विजयवाड़ा से अमरावती जा रहे थे. तभी वेंकटपालेम टोल प्लाजा पर उनकी कार रोक कर टोल कर्मी ने ड्राइवर से टैक्स मांगा.
इससे भड़के अधिकारी ने कंपनी के आलाअधिकारियों को फोन लगा दिया. 'साहेब बहादुर' का रसूख पता लगते ही हरकत में आई कंपनी ने जिस स्टाफ को शाबासी देनी चाहिए थी, उनके पेट पर लात मार दी.
इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक कार्तिकेय मिश्रा की सरकारी गाड़ी पर कोई लाल बत्ती, झंडा या सरकारी चिह्न नहीं लगा था. टोल कर्मी को शुरुआत में कार के भीतर बैठे अधिकारी नजर नहीं आए, इसलिए उसने ड्राइवर से टोल टैक्स मांगा. आपको बताते चलें, कार्तिकेय मिश्रा के पास मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) में आईटी, उद्योग, बुनियादी ढांचा और परिवहन सहित 11 बेहद अहम विभागों की जिम्मेदारी है.
जब ड्राइवर ने बताया कि ये सीएमओ में काम करने वाले एक वरिष्ठ आईएएस अधिकारी की गाड़ी है तो टोल कर्मी ने पहचान पत्र मांग लिया. बस यही बात पहले आईएएस अधिकारी मिश्रा जी के ड्राइवर और बाद में खुद बड़े साहेब को चुभ गई कि एक मामलू सी बंदा, उनकी शान में ऐसी गुस्ताफी कैसे कर सकता है.
ड्राइवर और टोल एजेंट के बीच कहासुनी हो गई तो दो अन्य टोल कर्मी भी शामिल हो गए. टोल कर्मियों को ड्राइवर के दावे पर संदेह हुआ. तब IAS कार्तिकेय मिश्रा ने खुद गाड़ी से उतर कर मामले में हस्तक्षेप किया. उन्होंने टोल कर्मचारियों के रवैये पर नाराजगी जता हुए धमकाया तब जाकर टोल कर्मियों ने बूम बैरियर उठाया. हालांकि आईएएस महोदय वहां करीब 10 मिनट तक रुके रहे. वहीं से कुछ फोन लगाए और नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया के अफसरों से बात करके चले गए.
सूत्रों के मुताबिक कार्तिकेय मिश्रा ने बहुत जल्द विजयवाड़ा और अमरावती स्थित NHAI अधिकारियों को अपने दफ्तर में तलब किया. वहां हाजिरी लगाने गई टोल संचालक एजेंसी स्काईलार्क इन्फ्रा इंजीनियरिंग प्राइवेट लिमिटेड से उनके पांच कर्मचारियों की शिकायत की गई, जिनमें 3 टोल कर्मी, एक सुपरवाइजर और एक शिफ्ट इंचार्ज का नाम शामिल था. उसी शाम इन पांचों कर्मचारियों को नौकरी से निकाल दिया.
इस मसले पर जब मिश्राजी से प्रतिक्रिया मांगी गई तो उन्होंने केवल एक शब्द कहा कलियुग. आंध्र प्रदेश के टोल बूथों के प्रभारी महाप्रबंधक मंगला ने घटना की जानकारी होने की बात तो कही, लेकिन टिप्पणी करने से इनकार कर दिया.