SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

मंडी के छोटे से गांव में उतरी इंग्लैंड की बारात! हिमाचली युवती के प्यार में डूबे विदेशी युवक ने हिंदू परंपराओं से की शादी

हिमाचल के मंडी जिले के कुटी गांव में ब्रिटेन के दूल्हे ने स्थानीय युवती से पारंपरिक हिंदू रीति-रिवाजों से शादी की. हिमाचली टोपी, सेहरा, ढोल-नगाड़ों और पालकी के साथ विदेशी मेहमानों के डांस का वीडियो वायरल हो रहा है.

Written By Sandhya Yadav
Published: Nov 23, 2026, 09:53 IST | Updated: Nov 23, 2026, 10:04 IST
Image Credit: दुल्हन की संस्कृति से जुड़कर की नई शुरुआत.
Join

बॉलीवुड का फेमस गाना सात समंदर पार मैं तैरे पीछे-पीछे आ गई तो आपने सुना है लेकिन आज की यह खबर इस गाने को सच करके दिखा रही है. दरअसल, हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के करसोग उपमंडल स्थित कुटी गांव में हुई एक शादी सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई है. यहां यूनाइटेड किंगडम यानी ब्रिटेन से आया दूल्हा स्थानीय युवती के साथ पारंपरिक हिंदू रीति-रिवाजों से विवाह बंधन में बंधा. शादी की तस्वीरें और वीडियो इंस्टाग्राम तथा फेसबुक पर तेजी से वायरल हो रहे हैं. इस समारोह में अंतरराष्ट्रीय जुड़ाव के साथ पहाड़ी संस्कृति और परंपराओं की झलक देखने को मिली. सोशल मीडिया यूजर्स ने विदेश के बजाय गांव में शादी करने के फैसले की तारीफ की है.

जर्मनी में हुई मुलाकात, वहीं से शुरू हुआ रिश्ता
दुल्हन के पिता लवेश्वर चौहान ने 'द ट्रिब्यून' को बताया कि उनकी बेटी पिछले कुछ वर्षों से जर्मनी में रहकर काम कर रही है. ब्रिटेन मूल का दूल्हा भी जर्मनी में ही रहता है. दोनों की मुलाकात वहीं रहने के दौरान हुई थी. समय के साथ उनके बीच रिश्ता बना और उन्होंने शादी करने का फैसला किया.

विदेश में विवाह समारोह आयोजित करने के बजाय दोनों ने दुल्हन के पैतृक गांव कुटी को चुना. दूल्हा अपने परिवार के सदस्यों और दोस्तों के साथ विदेश से हिमाचल प्रदेश पहुंचा और शादी समारोह में शामिल हुआ.

यह भी पढे़ं- बाड़मेर की बहू को लेने आई 'हेलीकॉप्टर वाली डोली', दूल्हे ने बोला- दुल्हन नहीं, किसी और का सपना था यह

हिमाचली टोपी और सेहरे में दिखा दूल्हा
शादी की खास बात विदेशी मेहमानों का स्थानीय परंपराओं को अपनाना रहा. विवाह हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार संपन्न हुआ. दूल्हा पारंपरिक हिमाचली टोपी के साथ सेहरा पहने नजर आया. उसके परिवार और दोस्तों ने भी समारोह में बढ़-चढ़कर भाग लिया. पारंपरिक पहाड़ी संगीत और नृत्य ने आयोजन का माहौल यादगार बना दिया.

ढोल-नगाड़ों की थाप पर नाचे मेहमान
बारात के दौरान उत्सव जैसा माहौल रहा. मेहमान लोकप्रिय हिंदी और पहाड़ी गीतों पर नाचते दिखाई दिए. पारंपरिक ढोल और नगाड़ों की आवाज के बीच मेहमानों ने जश्न मनाया. पगड़ियां पहने विदेशी मेहमान भी स्थानीय शादी की संस्कृति में शामिल नजर आए.

पारंपरिक पालकी में साथ दिखे दूल्हा-दुल्हन
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में एक खास पल ने लोगों का ध्यान खींचा. इसमें दूल्हा और दुल्हन एक साथ पारंपरिक पालकी में बैठे दिखाई दिए. दोनों को साथ में नृत्य करते हुए भी देखा गया. इन दृश्यों को सोशल मीडिया यूजर्स पसंद कर रहे हैं.

यह भी पढे़ं- हाथों में रचनी थी मेहंदी, पर दुल्हन ने कर दिया बड़ा कांड! बारात आने से पहले 'एक्स' संग गहने लेकर फरार

दुल्हन की संस्कृति से जुड़कर की नई शुरुआत
यह शादी केवल दूल्हे के विदेशी मूल के कारण चर्चा में नहीं है. इसकी खास वजह यह भी है कि जोड़े ने नए जीवन की शुरुआत दुल्हन की सांस्कृतिक जड़ों और पारिवारिक परंपराओं के बीच करने का फैसला किया. दूल्हे के विदेश से आए परिजनों और दोस्तों ने हिमाचली रीति-रिवाजों में हिस्सा लेकर आयोजन की रौनक बढ़ाई.

सेहरा, हिमाचली टोपी, पगड़ी, ढोल की थाप और पारंपरिक पालकी ने विदेशी मेहमानों को हिमाचल की समृद्ध विवाह संस्कृति की झलक दिखाई. कुटी गांव की यह शादी बताती है कि प्रेम अलग-अलग देशों और संस्कृतियों के लोगों को जोड़ सकता है. अपनी परंपराओं के बीच विवाह का उत्सव मनाना रिश्तों और परिवार के जुड़ाव को खास बना सकता है.

 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

संध्या यादव एक डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें टीवी और डिजिटल मीडिया में 9 वर्षों से अधिक का अनुभव है. वर्तमान में वे Zee News की रीजनल टीम में सीनियर सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं. हाइपरलोकल खबरों, राजनीति, अपराध और जनहित से जुड़े मुद्दों की कवरेज उनकी खासियत है.उन्होंने लखनऊ यूनिवर्सिटी से पत्रकारिता में मास्टर्स की डिग्री हासिल की है. इसके बाद मीडिया जगत में अपने करियर की शुरुआत की. Zee News से पहले वे Newstrack और ETV Bharat जैसे प्रतिष्ठित डिजिटल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के साथ काम कर चुकी हैं. अपने पेशेवर सफर में उन्होंने न्यूज प्लानिंग, कंटेंट आइडिएशन और डेस्क मैनेजमेंट जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाई हैं.Mail : sandhya.yadav@zeemedia.comX Handle : https://x.com/JournosandhyaFacebook : https://www.facebook.com/sandhya.yadav.7906
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES