SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

'चोर' कहने पर खूनी खेल, Rewari में लाठी-डंडों से पीटकर 55 वर्षीय मुकेश की हत्या

रेवाड़ी के खोल गांव में 15 किलो गेहूं चोरी के आरोप को लेकर 'चोर' कहने पर हुए विवाद में दो युवकों ने 55 वर्षीय मुकेश की लाठी-डंडों और लात-घूंसों से पिटाई कर दी. अस्पताल में उसकी मौत हो गई, जबकि बीच-बचाव करने आया दोस्त घायल हो गया.

Written By Renu Akarniya
Published: Oct 15, 2026, 07:43 PM IST | Updated: Oct 15, 2026, 07:55 PM IST
Image Credit: 'चोर' कहने पर खूनी खेल, Rewari में लाठी-डंडों से पीटकर 55 वर्षीय मुकेश की हत्या
Join

Rewari News: रेवाड़ी मे एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां महज एक ताने की कीमत एक शख्स को अपनी जान देकर चुकानी पड़ी. खोल गांव में 55 वर्षीय मुकेश को एक युवक को 'चोर' कहना इतना भारी पड़ा कि आरोपी ने अपने साथी के साथ मिलकर उस पर लाठी-डंडों और लात-घूंसों से जानलेवा हमला कर दिया. अस्पताल में इलाज के दौरान मुकेश की मौत हो गई, जबकि बीच-बचाव करने आया उसका दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गया. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.

वारदात रेवाड़ी के खोल गांव की है. 55 वर्षीय मुकेश अपने दोस्त बीर सिंह के साथ पशुओं के बाड़े में बैठकर बातचीत कर रहे थे. इसी दौरान गांव का ही रहने वाला हिमांशु वहां पहुंचा. बातों-बातों में दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई. बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले हिमांशु पर 15 किलो गेहूं चोरी करने का आरोप लगा था, जिसे लेकर मुकेश ने उस पर 'चोर' कहकर कमेंट कर दिया. इस बात पर दोनों के बीच हाथापाई हुई, जिसके बाद तैश में आया हिमांशु वहां से चला गया.

हिमांशु सीधे अपने साथी राहुल के पास पहुंचा और पूरी बात बताई. इसके बाद शराब के नशे में धुत दोनों आरोपी मुकेश को तलाशते हुए गांव की चौपाल जा पहुंचे. चौपाल पर मिलते ही दोनों ने मुकेश पर हमला बोल दिया. आरोपी राहुल ने डंडे से ताबड़तोड़ वार किए तो वहीं हिमांशु ने लात-घूंसों से मुकेश को बेरहमी से पीटा. इस दौरान जब मुकेश के दोस्त बीर सिंह ने बीच-बचाव करने की कोशिश की तो आरोपियों ने उसे भी पीटकर लहूलुहान कर दिया.

चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल मुकेश को तुरंत रेवाड़ी के ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया. वहीं घायल बीर सिंह का उपचार अभी जारी है.

​सूचना मिलते ही पुलिस ने हत्या और संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों को धर दबोचा. पुलिस अब मुख्य आरोपी राहुल को अदालत में पेश कर रिमांड पर लेगी ताकि मामले की बाकी कड़ियां जोड़ी जा सकें.

(रेवाड़ी से नवीन की रिपोर्ट)

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

रेनू अकर्णिया, वर्तमान में Zee News में सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं और दिल्ली-एनसीआर और हरियाणा की लेटेस्ट, ट्रेंडिंग कंटेंट, यूटिलिटी जुड़ी खबरों पर काम कर रहे हैं. रेनू पिछले 3 सालों से डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं. पत्रकारिता में ग्रेजुएशन करने के बाद उन्होंने 2022 में Zee News से करियर की शुरुआत की.  लोकल चैनल समाचार प्लस में इंटर्न से शुरुआत की और कारवां बढ़ता हुआ जी न्यूज पहुंचा.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES