SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

मेवात इंजीनियरिंग कॉलेज में 38 दिन से हड़ताल जारी, 9 दिन से भूख हड़ताल पर छात्र; MLA मामन खान ने दिया समर्थन

नूंह के मेवात इंजीनियरिंग कॉलेज में वेतन, सुविधाओं और अन्य लंबित मांगों को लेकर 38 दिनों से आंदोलन जारी है. जहां कांग्रेस विधायक मामन खान ने प्रदर्शनकारियों का समर्थन करते हुए विधानसभा में मुद्दा उठाने का ऐलान किया.

Written By Renu Akarniya
Published: Nov 08, 2026, 05:04 PM IST | Updated: Nov 08, 2026, 05:14 PM IST
Image Credit: Ferozepur Jhirka MLA Mamman Khan (X)
Join

नूंह के पल्ला गांव स्थित मेवात इंजीनियरिंग कॉलेज (वक्फ) में शिक्षकों, कर्मचारियों और छात्रों का आंदोलन लगातार जारी है. रविवार को हड़ताल 38वें दिन में प्रवेश कर गई. आंदोलन के 38वें दिन फिरोजपुर झिरका से कांग्रेस विधायक मामन खान इंजीनियर कॉलेज पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से मुलाकात कर उनकी मांगों का समर्थन किया. इस दौरान उन्होंने वक्फ बोर्ड प्रशासन और प्रदेश सरकार पर जमकर निशाना साधा.

मेवात इंजीनियरिंग कॉलेज में सुविधाएं उपलब्ध 
विधायक मामन खान ने कहा कि कॉलेज में कार्यरत प्रोफेसरों और कर्मचारियों से लेकर यहां पढ़ने वाले छात्रों तक को बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराई जा रही हैं. शिक्षकों और कर्मचारियों को पिछले तीन महीने से वेतन नहीं मिला है, जबकि छात्र भी अपनी मांगों को लेकर लंबे समय से आंदोलन कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि दीपावली जैसे त्योहार पर भी कॉलेज के कर्मचारियों और छात्रों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.

भूख हड़ताल पर बैठे दो छात्र
मामन खान ने कहा कि कॉलेज के दो छात्र हुजैफा और अरबाज पिछले नौ दिनों से अपनी मांगों को लेकर भूख हड़ताल पर बैठे हैं. उनकी सेहत लगातार प्रभावित हो रही है. यदि भूख हड़ताल पर बैठे छात्रों को कुछ होता है तो इसकी पूरी जिम्मेदारी भाजपा सरकार की होगी.

विधानसभा सत्र में मेवात इंजीनियरिंग कॉलेज का मुद्दा उठाएंगे MLA आफताब अहमद 
विधायक ने कहा कि आगामी विधानसभा सत्र में वह अपने साथी विधायक आफताब अहमद के साथ मेवात इंजीनियरिंग कॉलेज का मुद्दा प्रमुखता से उठाएंगे. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से इस मामले में सीधे जवाब मांगा जाएगा और कॉलेज की समस्याओं को लेकर सरकार को जवाबदेह बनाया जाएगा.

इस दौरान छात्रों की ओर से जिले के सभी कांग्रेस विधायकों से एक दिन की सांकेतिक भूख हड़ताल पर बैठने की मांग किए जाने के सवाल पर मामन खान ने कहा कि वह अपने सभी साथी विधायकों से बातचीत करेंगे और इस प्रस्ताव पर विचार किया जाएगा.

लंबित मांगों को लेकर 38 दिनों से धरना जारी
गौरतलब है कि कॉलेज के शिक्षक और कर्मचारी लंबे समय से लंबित वेतन, महंगाई भत्ता और पदोन्नति का लाभ देने की मांग को लेकर धरने पर बैठे हैं. वहीं छात्र आधुनिक प्रयोगशालाओं, खेल सुविधाओं, बेहतर लाइब्रेरी, बुनियादी संसाधनों और जर्जर छात्रावासों की मरम्मत की मांग उठा रहे हैं. लगातार 38 दिनों से जारी आंदोलन और दो छात्रों की भूख हड़ताल के बावजूद समस्या का समाधान नहीं होने से कॉलेज का माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है.

ये भी पढ़ें: हरियाणा में पराली जलाने की घटनाओं ने बढ़ाई चिंता, 89 मामले दर्ज; किसानों पर जुर्माना और FIR

(अनिल मोहनिया की रिपोर्ट)

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

रेनू अकर्णिया, वर्तमान में Zee News में सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं और दिल्ली-एनसीआर और हरियाणा की लेटेस्ट, ट्रेंडिंग कंटेंट, यूटिलिटी जुड़ी खबरों पर काम कर रहे हैं. रेनू पिछले 3 सालों से डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं. पत्रकारिता में ग्रेजुएशन करने के बाद उन्होंने 2022 में Zee News से करियर की शुरुआत की.  लोकल चैनल समाचार प्लस में इंटर्न से शुरुआत की और कारवां बढ़ता हुआ जी न्यूज पहुंचा.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES