SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

'मुनाफे का 10% अच्छे कामों में लगाओ’, डॉ. सुभाष चंद्रा ने साझा किया पिता से जुड़ा किस्सा

पलवल में महाराजा अग्रसेन जयंती समारोह के दौरान सेवा सदन के नवनिर्मित भवन का उद्घाटन किया गया, जिसका नाम स्वर्गीय नंद किशोर गोयनका के नाम पर रखा गया. सुभाष चंद्रा ने समाज की एकता और अनुभव साझा करने, जबकि अर्चना गुप्ता ने बेटियों की शिक्षा पर जोर दिया.

Written By Renu Akarniya
Published: Oct 18, 2026, 06:54 PM IST | Updated: Oct 18, 2026, 07:01 PM IST
Image Credit: Dr Subhash Chandra
Join

रविवार को पलवल में महाराजा अग्रसेन जयंती के अवसर पर समारोह का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में पूर्व राज्यसभा सांसद डॉ. सुभाष चंद्रा, हरियाणा प्रदेश अध्यक्ष अर्चना गुप्ता, हरियाणा सरकार में कैबिनेट मंत्री गौरव गौतम सहित वैश्य-अग्रवाल समाज के अनेक गणमान्य लोग शामिल हुए.

इस अवसर पर महाराजा अग्रसेन सेवा सदन के नवनिर्मित भवन का उद्घाटन किया गया. इस भवन का नाम स्वर्गीय नंद किशोर गोयनका के नाम पर रखा गया है. समारोह के दौरान वैश्य-अग्रवाल समाज के वरिष्ठ नागरिकों को उनके योगदान के लिए सम्मानित भी किया गया.

'समाज के साथ धन ही नहीं, अनुभव भी बांटना चाहिए'
पूर्व राज्यसभा सांसद डॉ. सुभाष चंद्रा ने कहा कि महाराजा अग्रसेन सेवा सदन के नए भवन का नाम उनके पिता स्वर्गीय नंद किशोर गोयनका के नाम पर रखा गया है. इसके लिए उन्होंने पलवल के वैश्य-अग्रवाल समाज और सभी लोगों का धन्यवाद करते हुए आभार व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि व्यापार के सिलसिले में वह मुंबई में रहने लगे थे. हिसार से उनका दोबारा परिचय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2014 में करवाया.

सुभाष चंद्रा ने कहा कि सिर्फ धन ही नहीं, बल्कि अपना अनुभव भी समाज के साथ साझा करना चाहिए. वह ऐसा करते हैं. उन्होंने बताया कि उनके पिता ने उनसे पूछा था कि क्या वह अपने मुनाफे का 10% हिस्सा अच्छे कामों में लगा रहे हैं. इस पर उन्होंने कहा कि वह ऐसा कर रहे हैं और उनके पिता ने उन्हें आशीर्वाद दिया.

उन्होंने आगे बताया कि उनके पिता ने उनसे यह भी पूछा था कि उन्होंने जो अनुभव हासिल किया है, उसका समाज को क्या लाभ मिल रहा है. उस समय उनके पास कोई जवाब नहीं था. बाद में उन्हें समझ आया कि युवाओं से बातचीत करके वह अपने पिता की इच्छा पूरी कर सकते हैं. इसके बाद उन्होंने ‘सुभाष चंद्रा शो’ शुरू किया.

उन्होंने कहा कि दशहरा और दिवाली के त्योहार आने वाले हैं. ऐसे में वह माता लक्ष्मी और महाराजा अग्रसेन से प्रार्थना करते हैं कि सभी को खुशियां मिलें, सभी लोग खुश रहें और आगे बढ़ें.

महाराजा अग्रसेन ने समाजवाद की नींव रखी
सुभाष चंद्रा ने कहा कि यह महाराजा अग्रसेन जयंती का समापन समारोह है. महाराजा अग्रसेन ने समाजवाद की नींव रखी थी. उन्होंने कहा कि जब भी कोई समाज जाति या रंग के आधार पर आपसी मनमुटाव करता है तो समझना चाहिए कि वह धर्म से वंचित हो गया है.

उन्होंने कहा कि बाबू बनारसी दास गुप्ता और नंद किशोर गोयनका ने करीब 50 साल पहले अग्रोहा के उत्थान की बात शुरू की थी. उन्होंने कहा कि वह भी खुद को इसके लिए जिम्मेदार मानते हैं कि वहां दो संस्थाएं बन गईं.

सुभाष चंद्रा ने बताया कि अग्रोहा विकास ट्रस्ट की बैठक में यह प्रस्ताव पारित किया गया है कि अग्रोहा विकास ट्रस्ट दोबारा अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन में विलय करने के लिए तैयार है. साथ ही उन्होंने समाज की अन्य संस्थाओं से भी अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन में विलय करने की अपील की ताकि पूरा अग्रवाल समाज एकजुट होकर आगे बढ़ सके और समाज की मजबूती तथा विकास के लिए मिलकर काम कर सके.

बेटियों को पढ़ाएं और आगे बढ़ने का मौका दें
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष अर्चना गुप्ता ने महाराजा अग्रसेन जयंती कार्यक्रम में पूर्व राज्यसभा सांसद डॉ. सुभाष चंद्रा, कैबिनेट मंत्री गौरव गौतम और अन्य अतिथियों के शामिल होने पर उनका धन्यवाद किया. महाराजा अग्रसेन को याद करते हुए अर्चना गुप्ता ने कहा कि हम सभी सूर्यवंशी हैं. उनके संदेश के आधार पर ही देश के प्रधानमंत्री और हरियाणा के मुख्यमंत्री सामाजिक समरसता, एकता और भाईचारे का संदेश दे रहे हैं. हमारी सरकार भी उन्हीं सिद्धांतों पर काम कर रही है. महाराजा अग्रसेन के विचारों और आदर्शों के प्रति इससे बड़ी श्रद्धांजलि कोई और नहीं हो सकती.

उन्होंने बेटियों की शिक्षा और उनके आगे बढ़ने पर जोर देते हुए कहा कि लड़कियों को पढ़ाना और आगे बढ़ाना चाहिए. उन्होंने बताया कि उनकी मां की जिद थी कि वह डॉक्टर बनें और इसी वजह से वह डॉक्टर बनीं.

अर्चना गुप्ता ने कहा कि समाज में सामर्थ्य होने के बावजूद शिक्षा की बात आने पर विवाह को प्राथमिकता दी जाती है. उन्होंने कहा कि समाज की बेटियां आसमान छूना चाहती हैं. बेटियां जिस भी क्षेत्र में आगे बढ़ना चाहती हैं, उन्हें मदद मिलनी चाहिए. एक शिक्षित बेटी दो परिवारों को मजबूत करने का काम करती है. उन्होंने कहा कि बेटियों और बहुओं को आगे बढ़ाना होगा.

महाराजा अग्रसेन सेवा सदन का भवन 36 बिरादरियों को समर्पित
हरियाणा सरकार में कैबिनेट मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि पूरे देश में पहचान रखने वाले डॉ. सुभाष चंद्रा और बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष अर्चना गुप्ता यहां आए हैं. उन्होंने कार्यक्रम में शामिल सभी लोगों का स्वागत किया. गौरव गौतम ने कहा कि दो साल पहले नए भवन का उद्घाटन किया गया था और आज इस भवन को 36 बिरादरियों को समर्पित किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि अग्रवाल और वैश्य समाज हमेशा सेवा भाव से काम करता रहा है.

सामाजिक और सामुदायिक गतिविधियों को बढ़ावा देगा भवन
महाराजा अग्रसेन सेवा सदन के अध्यक्ष ओमप्रकाश गुप्ता ने नवनिर्मित भवन के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि यह भवन समाज की सामाजिक और सामुदायिक गतिविधियों को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा. उन्होंने कहा कि सेवा सदन समाज के लोगों को एक मंच पर लाने, आपसी भाईचारे को मजबूत करने और सामाजिक कार्यों को आगे बढ़ाने में सहायक होगा.

भवन का नाम स्वर्गीय नंद किशोर गोयनका के नाम पर रखा जाना उनके योगदान और स्मृति को सम्मान देने का प्रतीक है.

ये भी पढ़ें: धान खरीद पर हरियाणा सरकार का नया दांव, 80% बकाया चुकाने वाले राइस मिलर्स को मिली छूट

(देवेश कुमार की रिपोर्ट)

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

रेनू अकर्णिया, वर्तमान में Zee News में सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं और दिल्ली-एनसीआर और हरियाणा की लेटेस्ट, ट्रेंडिंग कंटेंट, यूटिलिटी जुड़ी खबरों पर काम कर रहे हैं. रेनू पिछले 3 सालों से डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं. पत्रकारिता में ग्रेजुएशन करने के बाद उन्होंने 2022 में Zee News से करियर की शुरुआत की.  लोकल चैनल समाचार प्लस में इंटर्न से शुरुआत की और कारवां बढ़ता हुआ जी न्यूज पहुंचा.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES