)
Karnal News: हरियाणा में धान खरीद को लेकर मंडियों में बनी अव्यवस्थाओं और राइस मिलों की कमी के बीच विधानसभा स्पीकर हरविंदर कल्याण घरौंडा अनाज मंडी पहुंचे. उन्होंने मंडी में खरीद व्यवस्था का जायजा लिया और दावा किया कि सरकार के नए फैसले से धान खरीद में तेजी आएगी. हरविंदर कल्याण के मुताबिक, जिन राइस मिलर्स ने सरकार का पिछला 80 प्रतिशत भुगतान कर दिया है, उन्हें धान खरीद की अनुमति दे दी गई है. उन्होंने उम्मीद जताई कि अगले दिन तक सभी मंडियों में खरीद प्रक्रिया सुचारू रूप से शुरू हो जाएगी. साथ ही अधिकारियों और व्यापारियों को स्पष्ट संदेश दिया कि किसानों को परेशानी हुई या उनके साथ दुर्व्यवहार किया गया, तो इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.
सरकार का फैसला, खरीद में तेजी आने की उम्मीद
हरविंदर कल्याण ने कहा कि पिछले दिनों राइस मिलों की कमी के चलते धान खरीद प्रभावित हुई और किसानों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा. अब सरकार ने उन राइस मिलर्स को खरीद की अनुमति देने का निर्णय लिया है, जिन्होंने पिछला 80 प्रतिशत बकाया भुगतान कर दिया है. सरकार को उम्मीद है कि इस फैसले से खरीद व्यवस्था पटरी पर लौटेगी और मंडियों में धान की खरीद में तेजी आएगी. उन्होंने कहा कि सरकार की कोशिश है कि किसानों को अपनी फसल बेचने के लिए अनावश्यक इंतजार न करना पड़े.
किसान की मेहनत का सम्मान, लापरवाही पर अधिकारियों को चेतावनी
विधानसभा स्पीकर ने कहा कि किसान की फसल उसकी खून-पसीने की कमाई है. खेतों में लगातार मेहनत और कठिन परिस्थितियों का सामना करने के बाद किसान अपनी फसल तैयार करता है. ऐसे में उसकी उपज की खरीद और समय पर उठान सुनिश्चित करना सभी संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी है. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों के साथ सम्मानजनक व्यवहार किया जाए. छोटी-सी लापरवाही भी पूरी व्यवस्था को प्रभावित करती है और इसका खामियाजा किसान को भुगतना पड़ता है. उन्होंने स्पष्ट किया कि किसानों के साथ किसी भी तरह का दुर्व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.
व्यापारियों को दो टूक, एमएसपी पर खरीद और समय पर उठान सुनिश्चित करें
हरविंदर कल्याण ने आढ़तियों और व्यापारियों से अपील की कि वे धान खरीद प्रक्रिया में सहयोग करें और किसानों की फसल का समय पर उठान सुनिश्चित करवाएं. उन्होंने कहा कि सरकार किसानों की फसल न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर खरीदने के लिए प्रतिबद्ध है. इसके साथ ही यह भी जरूरी है कि किसानों के साथ उचित व्यवहार हो और उन्हें न्याय मिले. उन्होंने कहा कि पिछले दिनों कुछ समस्याओं के कारण सरकार को सख्ती करनी पड़ी थी. व्यवस्था बनाए रखने के लिए उठाए जाने वाले कदम सभी के हित में हैं.
बारिश की आशंका के बीच नमी पर भी बोले स्पीकर
मौसम की मार का जिक्र करते हुए कल्याण ने कहा कि बदलते मौसम के कारण मंडियों में व्यवस्थाएं प्रभावित होती हैं. मौसम विभाग ने बारिश की संभावना जताई है, ऐसे में किसानों और मंडी से जुड़े सभी लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है. उन्होंने किसानों से अपील की कि यदि धान में नमी अधिक है तो उसे अच्छी तरह पलटकर सुखाएं और इसके बाद मंडी में लेकर आएं, ताकि खरीद प्रक्रिया में अनावश्यक रुकावट न आए. उन्होंने आढ़तियों से भी इस काम में सहयोग देने की अपील की.
पोर्टल की दिक्कत पर मंडी प्रशासन को तत्काल समाधान के निर्देश
धान खरीद के दौरान कई मंडियों में पोर्टल संबंधी समस्याएं सामने आने पर हरविंदर कल्याण ने कहा कि मंडी प्रशासन को ऐसी शिकायतों पर तुरंत संज्ञान लेना चाहिए. उन्होंने किसानों और आढ़तियों से कहा कि यदि पोर्टल के कारण खरीद में परेशानी आ रही है, तो वे मंडी मार्केटिंग कमेटी कार्यालय में अपनी शिकायत दर्ज करवाएं. संबंधित अधिकारियों को समस्या का जल्द समाधान करना चाहिए, ताकि तकनीकी खामियों के कारण किसानों की फसल की खरीद प्रभावित न हो.
अधिकारियों को निर्देश, गंभीरता से निपटाएं खरीद सीजन
विधानसभा स्पीकर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि धान खरीद सीजन को गंभीरता से लेते हुए सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त रखें. खरीद से लेकर उठान तक हर स्तर पर निगरानी की जाए और किसानों की शिकायतों का तत्काल समाधान किया जाए. उन्होंने कहा कि सरकार चाहती है कि किसान की मेहनत से तैयार फसल की बिक्री बिना अनावश्यक बाधा के हो और उसकी कमाई सुरक्षित तरीके से उसके घर तक पहुंचे.
(करनाल से कमरजीत सिंह की रिपोर्ट)