)
स्वच्छता के क्षेत्र में करनाल ने एक बार फिर हरियाणा में अपनी धमक साबित की है. स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के 10वें संस्करण के परिणामों में करनाल को हरियाणा का पहला स्वच्छ शहर घोषित किया गया है. इसके साथ ही करनाल ने लगातार दूसरी बार राष्ट्रपति पुरस्कार हासिल कर प्रदेश में एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है.
बुधवार को नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित भव्य समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने करनाल को प्रेसिडेंशियल अवार्ड देकर सम्मानित किया. सम्मान समारोह में हरियाणा के शहरी स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल, विभाग के आयुक्त एवं सचिव अशोक कुमार मीणा, करनाल की महापौर रेणु बाला गुप्ता और नगर निगम आयुक्त सलोनी शर्मा ने राष्ट्रपति से पुरस्कार ग्रहण किया.
इस अवसर पर केंद्रीय आवासन एवं शहरी मामले में मंत्री मनोहर लाल, केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू और मंत्रालय के सचिव भी मौजूद रहे. राष्ट्रीय स्तर की रैंकिंग अगले दो दिनों में जारी होने की उम्मीद है. इस उपलब्धि पर नगर निगम में खुशी का माहौल है. राष्ट्रपति अवार्ड के साथ नगर निगम कमिश्नर सलोनी शर्मा और मेयर रेनू बाला गुप्ता नगर निगम पहुंचे, जहां उन्होंने सभी पार्षदों और अधिकारियों के साथ संयुक्त बैठक की.
नगर निगम आयुक्त सलोनी शर्मा के अनुसार, स्वच्छ सर्वेक्षण के तहत मार्च-अप्रैल में केंद्र सरकार की टीम ने शहर का मूल्यांकन किया था. इसमें दृश्य स्वच्छता, कूड़े का पृथक्करण, संग्रहण और परिवहन, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, सार्वजनिक स्वच्छता सुविधाओं की उपलब्धता, प्रयुक्त जल प्रबंधन और डीस्लजिंग सेवाओं के मशीनीकरण जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं को शामिल किया गया था.
इसके अतिरिक्त सफाई कर्मचारियों का कल्याण, स्वच्छता के प्रति जन-जागरूकता, संस्थागत व्यवस्थाओं, पर्यावरणीय प्रबंधन तथा नागरिकों की प्रतिक्रिया और शिकायतों के निवारण की स्थिति भी जांची गई. मूल्यांकन टीम ने नगर निगम की ओर से प्रस्तुत दस्तावेजों और व्यवस्थाओं की गहन पड़ताल कर अपनी रिपोर्ट केंद्रीय आवासन एवं शहरी मामले मंत्रालय को भेजी थी. इन्हीं मानकों के आधार पर परिणाम घोषित किए गए हैं.
रेनू बाला गुप्ता ने कहा कि करनाल के साथ पूरे हरियाणा के लिए ये गौरव का क्षण है. स्वच्छता के क्षेत्र में लगातार दूसरी बार राष्ट्रपति पुरस्कार मिलना नगर निगम की टीम और शहरवासियों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है. उन्होंने विशेष रूप से सफाई मित्रों, अधिकारियों और कर्मचारियों की सराहना की, जिनकी मेहनत से शहर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाने में सफलता मिली है.
(करनाल से कमरजीत सिंह की रिपोर्ट)