दिल्ली-श्रीनगर जा रही बस पर GT रोड पर पथराव, गाड़ी मोड़ने को लेकर हुआ विवाद और टूटे शीशे; एक यात्री घायल
हरियाणा के करनाल में नीलोखेड़ी के बुटाना थाना क्षेत्र में GT रोड पर दिल्ली से श्रीनगर जा रही बस पर कथित तौर पर गाड़ी सवार युवकों ने पथराव कर दिया, जिससे शीशे टूट गए और एक यात्री घायल हो गया. पुलिस के मुताबिक, विवाद गाड़ी और बस मोड़ने को लेकर हुआ था.
करनाल के नीलोखेड़ी के बुटाना थाना क्षेत्र में जीटी रोड पर दिल्ली से श्रीनगर जा रही एक बस पर पथराव किए जाने का मामला सामने आया है. पत्थर लगने से बस के शीशे टूट गए, जबकि घटना के दौरान एक बस सवार व्यक्ति को चोट भी आई. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी.
बस सवार और गाड़ी सवार के बीच विवाद
पुलिस के अनुसार, बस को मोड़ने और एक गाड़ी को मोड़ने को लेकर बस में सवार एक व्यक्ति और गाड़ी में सवार दो युवकों के बीच विवाद हुआ था. आरोप है कि विवाद बढ़ने पर गाड़ी सवार युवकों ने बस पर पत्थर मार दिए, जिससे बस के शीशे टूट गए.
गाड़ी का शीशा टूटा, शख्स को लगी चोट
बुटाना थाना प्रभारी विपिन कुमार के मुताबिक, शुरुआती जानकारी में बस सवार व्यक्ति और गाड़ी सवार युवकों के शराब पीने की बात सामने आई है. घटना में गाड़ी के शीशे टूटने के दौरान बस में सवार एक व्यक्ति को चोट लगने की जानकारी भी दी गई है.
किसी पक्ष की ओर से शिकायत नहीं
पुलिस ने बताया कि फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से शिकायत नहीं दी गई है. बस जम्मू-कश्मीर के लिए रवाना हो चुकी है. पुलिस बस में सवार लोगों के संपर्क में है और उन्हें शिकायत देने के लिए कहा गया है.
मामले की जांच में जुटी पुलिस
साथ ही पुलिस अपने स्तर पर भी मामले का संज्ञान लेकर जांच कर रही है. थाना प्रभारी विपिन कुमार ने स्पष्ट किया कि शुरुआती जानकारी के अनुसार यह विवाद धर्म से जुड़ा हुआ नहीं था, बल्कि गाड़ी और बस मोड़ने को लेकर हुआ था. उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें और क्षेत्र में शांति एवं भाईचारा बनाए रखें. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है.
(करनाल से कमरजीत सिंह की रिपोर्ट)