SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

Karnal मंडी सचिव के ड्राइवर ने किया सुसाइड, रिकॉर्ड रूम में फंदे से लटका मिला शव; अफसर पर लगे गंभीर आरोप

करनाल की नई अनाज मंडी के रिकॉर्ड रूम में ड्राइवर रोहतास शर्मा का शव मिलने से हड़कंप मच गया, परिजनों ने मंडी सचिव पर प्रताड़ना के आरोप लगाए हैं और पुलिस मामले की जांच कर रही है.

Written By Renu Akarniya
Published: Sep 30, 2026, 10:00 PM IST | Updated: Sep 30, 2026, 10:30 PM IST
Image Credit: Karnal मंडी सचिव के मृतक ड्राइवर की पत्नी नीतू
Join

Karnal News: करनाल की नई अनाज मंडी स्थित मार्केट कमेटी कार्यालय में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब बेसमेंट के रिकॉर्ड रूम में मंडी सचिव के ड्राइवर का शव फंदे पर लटका मिला. मृतक की पहचान 50 वर्षीय रोहतास शर्मा के रूप में हुई है, जो मूल रूप से चौचड़ा गांव का रहने वाला था और पिछले कुछ समय से मंगल कॉलोनी पार्ट-2 में अपने परिवार के साथ रह रहा था.

मंगलवार से परिवार से नहीं हो पा रहा था संपर्क
परिजनों के मुताबिक मंगलवार से रोहतास से फोन पर संपर्क नहीं हो पा रहा था. परिवार लगातार उसके मोबाइल पर कॉल कर रहा था, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला. बुधवार को मोबाइल की लोकेशन के आधार पर परिजन उसे तलाशते हुए नई अनाज मंडी स्थित मार्केट कमेटी कार्यालय पहुंचे.

रिकॉर्ड रूम के दोनों दरवाजे अंदर से बंद
परिजनों का कहना है कि बेसमेंट स्थित रिकॉर्ड रूम के दोनों दरवाजे अंदर से बंद थे. दरवाजा खुलवाकर अंदर देखा गया तो रोहतास का शव फंदे पर लटका हुआ था. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई शुरू की. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.

परिजनों ने मंडी सचिव पर लगाए प्रताड़ना के आरोप
रोहतास की पत्नी नीतू ने मंडी सचिव विकास सेतिया पर पति को परेशान करने के गंभीर आरोप लगाए हैं. पत्नी के मुताबिक रोहतास करीब 25 से 27 वर्षों से ड्राइवर के तौर पर काम कर रहा था. उसे कई बार घर पर बताते हुए सुना गया कि ड्यूटी को लेकर मंडी सचिव की तरफ से उसे परेशान किया जा रहा है.

डबल ड्यूटी और बार-बार ड्यूटी बदलने का आरोप
परिजनों का आरोप है कि रोहतास की ड्यूटी अलग-अलग जगहों पर लगाई जाती थी और उससे डबल ड्यूटी भी करवाई जाती थी. पत्नी के मुताबिक लगातार ड्यूटी बदलने और अतिरिक्त काम दिए जाने से वह मानसिक रूप से परेशान था. बताया गया है कि दो दिन पहले भी ड्यूटी को लेकर रोहतास और मंडी सचिव के बीच कहासुनी हुई थी.

बीमारी के बावजूद काम को लेकर दबाव का दावा
मृतक की पत्नी ने बताया कि रोहतास को शुगर की बीमारी भी थी. इसके बावजूद वह काम को लेकर दबाव में था. परिजनों का कहना है कि रोहतास ने अपनी परेशानी परिवार के सदस्यों से साझा की थी. वहीं मृतक के साले मुकेश ने भी दावा किया कि दो दिन पहले फोन पर हुई बातचीत के दौरान रोहतास ने मंडी सचिव द्वारा परेशान किए जाने की बात कही थी.

साले का दावा- स्टाफ भी सचिव से परेशान
मृतक के साले मुकेश का आरोप है कि मंडी का पूरा स्टाफ मंडी सचिव के रवैये से परेशान था. हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है. पुलिस अब परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों समेत घटनाक्रम से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है.

पुलिस ने शुरू की जांच, साक्ष्य जुटाए
सिटी थाना के जांच अधिकारी हिम्मत सिंह के मुताबिक मंगलवार से रोहतास का परिवार से संपर्क नहीं हो पा रहा था. मोबाइल लोकेशन के आधार पर परिजन नई अनाज मंडी पहुंचे, जहां रिकॉर्ड रूम में उसका शव मिला. पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं और मामले की जांच की जा रही है. परिजनों के आरोपों को भी जांच का हिस्सा बनाया गया है.

एसडीएम ने कहा- जांच के आधार पर होगी कार्रवाई
मौके पर पहुंचे करनाल एसडीएम देवेंद्र शर्मा ने बताया कि मार्केट कमेटी कार्यालय की बेसमेंट में एक कर्मचारी का शव मिला है. एफएसएल टीम ने भी मौके पर पहुंचकर जांच की है. शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है. एसडीएम के मुताबिक पुलिस जांच के आधार पर आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी.

(करनाल से कमरजीत सिंह की रिपोर्ट)

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

रेनू अकर्णिया, वर्तमान में Zee News में सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं और दिल्ली-एनसीआर और हरियाणा की लेटेस्ट, ट्रेंडिंग कंटेंट, यूटिलिटी जुड़ी खबरों पर काम कर रहे हैं. रेनू पिछले 3 सालों से डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं. पत्रकारिता में ग्रेजुएशन करने के बाद उन्होंने 2022 में Zee News से करियर की शुरुआत की.  लोकल चैनल समाचार प्लस में इंटर्न से शुरुआत की और कारवां बढ़ता हुआ जी न्यूज पहुंचा.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES