Haryana में 7 अक्टूबर से इतने दिन तक तेज आंधी-बारिश का अलर्ट, गिरेगा तापमान; जानें IMD का नया अपडेट
हरियाणा में मौसम बदलने वाला है. 7 से 12 अक्टूबर के बीच दो पश्चिमी विक्षोभ के असर से बारिश, तेज हवाओं और गरज-चमक की संभावना है, जिससे तापमान गिरने के साथ गर्मी-उमस से राहत मिलेगी.
Haryana Weather Update: अक्टूबर शुरू होने के बावजूद हरियाणा में गर्मी से पूरी तरह राहत नहीं मिली है. हालांकि तापमान में थोड़ी गिरावट आई है, लेकिन दिन में तेज गर्मी और उमस लोगों को परेशान कर रही है. इस बीच हिसार की चौधरी चरण सिंह हरियाणा एग्रीकल्चरल यूनिवर्सिटी के मौसम विभाग ने ने आने वाले दिनों के लिए मौसम का अनुमान जारी किया है. ऐसे में जानें कि कैसा रहेगा हरियाणा में मौसम का हाल?
मौसम विभाग के मुताबिक, पिछले कुछ दिनों से पश्चिमी और सूखी हवाओं की वजह से राज्य में तापमान सामान्य से ज्यादा बना हुआ है. दिन का तापमान सामान्य से लगभग 3 से 4 डिग्री सेल्सियस ज्यादा और रात का तापमान सामान्य से 2 से 3 डिग्री सेल्सियस ज्यादा रिकॉर्ड किया गया है.
हालांकि, अब मौसम में बदलाव की उम्मीद है. 7 से 12 अक्टूबर के बीच दो पश्चिमी विक्षोभ के एक्टिव होने के आसार है, जिससे राज्य के कई हिस्सों में बारिश और आंधी-तूफान आ सकता है. पहले पश्चिमी विक्षोभ के असर से 7 अक्टूबर की रात से 9 अक्टूबर तक उत्तरी हरियाणा में हल्की बारिश और तेज हवाएं चलने की उम्मीद है. दूसरे इलाकों में कहीं-कहीं बूंदाबांदी हो सकती है. इसके बाद, दूसरा पश्चिमी विक्षोभ 10 से 12 अक्टूबर तक कई जिलों में बारिश और बादल ला सकता है. बारिश के बाद उत्तर-पश्चिमी हवाओं से दिन और रात के तापमान में गिरावट आने और गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है.
अगले 7 दिन कैसा रहेगा हरियाणा का मौसम ?
6 अक्टूबर को हरियाणा में मौसम में बदलाव दिखाई देना शुरू हो सकता है. IMD ने राज्य में अलग-अलग स्थानों पर हल्की बारिश की संभावना जताई है. हालांकि, इस दिन किसी बड़े मौसम अलर्ट की घोषणा नहीं की गई है.
7 अक्टूबर को मौसम ज्यादा सक्रिय रहने की संभावना है. कुछ इलाकों में बारिश के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की स्थिति बन सकती है. इस दौरान तेज हवाएं भी चलने का अनुमान है. IMD के अनुसार हवा की रफ्तार 30-40 किमी प्रति घंटे तक, जबकि झोंकों के दौरान 50 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है.
8 अक्टूबर को भी हरियाणा के कुछ हिस्सों में मौसम खराब रह सकता है. गरज-चमक, बिजली और तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश की संभावना है. IMD ने इस दिन भी राज्य के लिए बिजली कड़कने की चेतावनी जारी की है.
9 अक्टूबर को भी बारिश और आंधी का दौर जारी रहने की संभावना है. IMD के मुताबिक, हरियाणा में अलग-अलग स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं. इसके बाद मौसम धीरे-धीरे शांत होने की ओर बढ़ेगा.
10 अक्टूबर को मौसम में कुछ सुधार देखने को मिल सकता है. हालांकि अलग-अलग स्थानों पर हल्की बारिश की संभावना बनी रह सकती है.
11 अक्टूबर को भी कुछ हिस्सों में बारिश की संभावना कम है. हालांकि, मौसम पूरी तरह साफ रहने के बजाय कुछ हिस्सों में बादल छाए रह सकते हैं और छिटपुट बारिश हो सकती है. IMD के सात दिन के पूर्वानुमान में 11 अक्टूबर तक अलग-अलग स्थानों पर बारिश की संभावना रखी गई है.
12 अक्टूबर को अधिकांश हिस्सों में आंशिक बादल, तेज हवाएं और बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं. बारिश के बाद उत्तर-पश्चिमी ठंडी हवाएं चलने से तापमान में गिरावट आने और गर्मी-उमस से राहत मिलने की संभावना है.