हरियाणा के 2337 छात्रों की होगी बल्ले-बल्ले: 9वीं से 12वीं तक मिलेंगे 1000 हर महीने, देना होगा ये एग्जाम
Haryana News: हरियाणा के सरकारी और अनुदान प्राप्त स्कूलों में पढ़ने वाले आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों के लिए छात्रवृत्ति का मौका है. राष्ट्रीय साधन-सह-पात्रता छात्रवृत्ति योजना (NMMS) के तहत इस साल राज्य में 2,337 छात्रों का चयन किया जाएगा.
Haryana News: हरियाणा में छात्रों के लिए एक अच्छी खबर है. सरकारी और अनुदान प्राप्त स्कूलों में पढ़ने वाले आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों के लिए सरकार ने कुछ सोचा है. दरअसल, हरियाणा में इस बार शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा चलाई जा रही राष्ट्रीय साधन-सह-पात्रता छात्रवृत्ति योजना के तहत 2337 छात्रों का चुनाव किया जाएगा.
चुने गए कक्षा 9वीं से 12वीं के छात्रों को 4 साल तक हर महीने 1000 रुपये की छात्रवृत्ति दी जाएगी. ये पैसे सीधे चुने हुए छात्रों के खाते में जाएगा. एससीईआरटी गुरुग्राम की तरफ से एक पत्र जारी किया गया है, जिसमें दिया है कि इसके लिए ऑनलाइन आवेदन भरने का लास्ट डेट 25 अक्टूबर 2026 है. परीक्षा का आयोजन 29 नवंबर 2026 को किया जाएगा.
कौन आवेदन कर सकता है.
इस परीक्षा में बैठने के लिए छात्रों का हरियाणा के किसी सरकारी या अनुदान प्राप्त स्कूल में 8th क्लास तक पढ़े होना जरूरी है. इसके साथ ही छात्र ने 7th क्लास भी सरकारी या अनुदान प्राप्त स्कूल से ही पास किया हो. छात्र के माता-पिता की सभी स्रोतों से कुल साल की आय 3 लाख 50 हजार रुपये से कम होनी चाहिए. इसके अलावा छात्र का नाम और डेट ऑफ बर्थ आधार कार्ड के अनुसार और आरक्षित श्रेणी का प्रमाण पत्र स्कूल रिकार्ड के अनुसार होना चाहिए.
जिले के हिसाब से कोटा
इस पेपर में छात्रों का जिला स्तर पर मेरिट के अनुसार कोटे के हिसाब से चुनाव होगा. इसमें बीसी-ए वर्ग को 16 प्रतिशत, बीसी-बी को 11 प्रतिशत, एससी को 20 प्रतिशत और दिव्यांग वर्ग को 3 प्रतिशत आरक्षण दिया गया है. इसके बाद की सीटें सामान्य वर्ग के लिए छोड़ दी गई है. जिले में सबसे पहले यमुनानगर का नाम है.
यहां से 271 छात्रों का चुनाव होगा. इसके बाद 136 सामान्य, 43 बीसी-ए, 30 बीसी-बी, 20 एससी के साथ अन्य वर्ग शामिल हैं. इसके बाद हिसार में 170, गुरुग्राम में 134, कैथल और कुरुक्षेत्र में 132-132 और करनाल में 127 का कोटा है. वहीं, सबसे कम कोटा फरीदाबाद में 32, पंचकूला में 54 और चरखी दादरी में 58 है.
इसमें अंबाला से 104, भिवानी से 100, फतेहाबाद से 106, रोहतक से 100, सोनीपत से 105 और सिरसा से 107 छात्र शामिल हैं. आरक्षण के तहत 1,167 सामान्य, 373 बीसी-ए, 260 बीसी-बी, 360 एससी, 467 पीएच और 70 दिव्यांग वर्ग के छात्रों का चयन होगा.
इच्छुक विद्यार्थी ऑनलाइन करें आवेदन
DMS सुमित मान के अनुसार, इच्छुक छात्र हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की वेबसाइट या एससीईआरटी की वेबसाइट से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. वहीं आरक्षित वर्ग के छात्रों को सक्षम अधिकारी द्वारा जारी प्रमाण पत्र की फोटोकॉपी भी अपलोड करनी होगी. वहीं अधिक जानकारी के लिए हेल्पलाइन नंबर 0124-4066243 पर कॉल करके संपर्क किया जा सकता है.