SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

22 सितंबर को हरियाणा में यहां लगेगी बिजली अदालत, तुरंत मिलेगा समस्याओं का समाधान

हरियाणा के पंचकूला में 22 सितंबर को बिजली अदालत का आयोजन किया जाएगा. सुनवाई के दौरान बिजली उपभोक्ताओं की अलग-अलग तरह की समस्याओं को सुना जाएगा और उसका समाधान किया जाएगा.

Written By Renu Akarniya
Published: Sep 21, 2026, 08:19 PM IST | Updated: Sep 21, 2026, 08:23 PM IST
Image Credit: हरियाणा में लगेगी बिजली अदालत
Join

Haryana News: उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम (UHBVN) की ओर से पंचकूला जिले के बिजली उपभोक्ताओं की समस्याओं के समाधान के लिए उपभोक्ता शिकायत निवारण मंच की बैठक आयोजित की जा रही है. इस मंच के जरिए उपभोक्ताओं को बिजली सेवाओं से जुड़ी शिकायतें सीधे अधिकारियों के सामने रखने का अवसर मिलेगा.

पंचकूला सर्कल के उपभोक्ता शिकायत निवारण मंच की कार्यवाही 22 सितंबर 2026 मंगलवार को सुबह 11:30 बजे शुरू होगी. सुनवाई अधीक्षण अभियंता, पंचकूला के कार्यालय में की जाएगी. इस दौरान केवल पंचकूला जिले से संबंधित बिजली उपभोक्ताओं की शिकायतों पर ही विचार किया जाएगा.

निगम के प्रवक्ता के मुताबिक, सुनवाई के दौरान बिजली उपभोक्ताओं की अलग-अलग तरह की समस्याओं को सुना जाएगा. इनमें बिजली बिल में गड़बड़ी, वोल्टेज की समस्या, मीटर से संबंधित शिकायत, कनेक्शन काटने या दोबारा जोड़ने, बिजली आपूर्ति में बाधा समेत अन्य सेवा संबंधी मामले शामिल हैं.

इसके अलावा बिजली आपूर्ति और सेवाओं की कार्यकुशलता, सुरक्षा एवं विश्वसनीयता से जुड़े मामलों को भी मंच के समक्ष रखा जा सकता है. हरियाणा विद्युत नियामक आयोग (HERC) के आदेशों का पालन नहीं होने से संबंधित शिकायतों पर भी सुनवाई की जाएगी.

हालांकि, शिकायत निवारण मंच के अधिकार क्षेत्र में सभी तरह के मामले शामिल नहीं हैं. बिजली अधिनियम की धारा 126 और धारा 135 से 139 के तहत बिजली चोरी या बिजली के अनधिकृत इस्तेमाल से जुड़े मामलों में लगाए गए दंड और जुर्माने की सुनवाई इस मंच पर नहीं होगी. इसके अलावा धारा 161 के तहत बिजली दुर्घटनाओं और उनसे संबंधित जांच के मामलों को भी मंच के दायरे से बाहर रखा गया है.

UHBVN ने पंचकूला जिले के उपभोक्ताओं से अपील की है कि बिजली सेवाओं से जुड़ी अपनी शिकायतों के समाधान के लिए इस अवसर का लाभ उठाएं और निर्धारित तिथि एवं स्थान पर पहुंचकर अपनी समस्या दर्ज कराएं.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

रेनू अकर्णिया, वर्तमान में Zee News में सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं और दिल्ली-एनसीआर और हरियाणा की लेटेस्ट, ट्रेंडिंग कंटेंट, यूटिलिटी जुड़ी खबरों पर काम कर रहे हैं. रेनू पिछले 3 सालों से डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं. पत्रकारिता में ग्रेजुएशन करने के बाद उन्होंने 2022 में Zee News से करियर की शुरुआत की.  लोकल चैनल समाचार प्लस में इंटर्न से शुरुआत की और कारवां बढ़ता हुआ जी न्यूज पहुंचा.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES