App

हरियाणा में दशहरे की धूम: बराड़ा में 10 लाख की लागत से बना 120 फीट का रावण, भिवानी में सुरक्षा के कड़े इंतजाम

हरियाणा के अंबाला जिले के बराड़ा में करीब 10 लाख रुपये की लागत से 120 फीट ऊंचा रावण तैयार किया जा रहा है. वहीं भिवानी में रावण, कुंभकर्ण और मेघनाथ के पुतलों के दहन के साथ रामलीला, सुरक्षा और नशे के खिलाफ जागरूकता की विशेष तैयारियां की गई हैं.

हरियाणा में दशहरे की धूम: बराड़ा में 10 लाख की लागत से बना 120 फीट का रावण, भिवानी में सुरक्षा के कड़े इंतजाम
Image Credit: AI IMAGE

हरियाणा में अबाला के बराड़ा और भिवानी में दशहरा महोत्सव को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं. बराड़ा में इस बार 120 फीट ऊंचे रावण के पुतले का निर्माण किया जा रहा है, जो दशहरा महोत्सव का मुख्य आकर्षण बनने जा रहा है. करीब 10 लाख रुपये की लागत से तैयार हो रहे इस विशालकाय पुतले को अंतिम रूप देने के लिए कारीगर दिन-रात जुटे हुए हैं.

अंबाला के बराड़ा में 120 फीट का रावण
बराड़ा में दशहरा महोत्सव को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं. दशहरा कमेटी की ओर से 120 फीट ऊंचे रावण के पुतले का निर्माण लगभग पूरा कर लिया गया है. मैदान में कारीगर लगातार मेहनत कर रहे हैं, ताकि दशहरे के दिन इस विशालकाय पुतले को दर्शकों के सामने खड़ा किया जा सके और भव्य आयोजन को यादगार बनाया जा सके. बराड़ा में रावण के विशाल पुतले को देखने के लिए हर साल लोगों में खास उत्साह रहता है. इस बार भी दशहरा महोत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा.

गौरतलब है कि बराड़ा में निर्मित रावण के विशालकाय पुतलों को विश्व स्तर पर पहचान मिली है. यहां बनने वाले रावण के पुतले पांच बार लिम्का बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में भी दर्ज हो चुके हैं. यही वजह है कि बराड़ा का दशहरा महोत्सव केवल स्थानीय ही नहीं, बल्कि दूर-दराज से आने वाले लोगों के लिए भी खास आकर्षण रखता है.

भिवानी में रावण दहन की तैयारियां पूरी 
वहीं, भिवानी में दशहरा पर्व को लेकर श्री अग्रसेन रामलीला कमेटी की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं. शहर के किरोड़ीमल पार्क में 11 दिवसीय रामलीला का आयोजन चल रहा है और आज इसका नौवां दिन है. दशहरा ग्राउंड में रावण, कुंभकर्ण और मेघनाथ के पुतले खड़े किए जा रहे हैं. कमेटी ने बताया कि इस बार कई नए आकर्षण जोड़े गए हैं.

उसी कड़ी में कमेटी सदस्यों ने बताया कि युवाओं को, जो आज नशे में घिरे हुए हैं, नशे के विरुद्ध शपथ दिलाने का कार्य दादरी पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार के नेतृत्व में भी किया जाएगा. उन्होंने बताया कि सीसीटीवी कैमरों की निगरानी रहेगी और चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात होगी. फायर ब्रिगेड और एंबुलेंस सहित सभी व्यवस्थाएं की गई हैं, ताकि कोई अनहोनी न हो सके. जिला प्रशासन भी उनके साथ है.

अग्रसेन रामलीला कमेटी द्वारा आयोजित 11 दिवसीय रामलीला का आज नौवां दिन है. पूरे पार्क को सील किया गया है और कैमरों से सुरक्षा की जाएगी. एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड और पर्याप्त संख्या में पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे. बैठने के लिए हजारों कुर्सियों का प्रबंध किया जा रहा है. कमेटी सदस्यों ने कहा कि कलाकारों ने कल शानदार प्रदर्शन किया, जो काफी सराहनीय रहा. पूरा भिवानी गूंज रहा है कि भिवानी की रामलीला अच्छी है.

(अमन कपूर,नवीन शर्मा की रिपोर्ट) 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Renu Akarniya

Renu Akarniya

रेनू अकर्णिया, वर्तमान में Zee News में सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं और दिल्ली-एनसीआर और हरियाणा की लेटेस्ट, ट्रेंडिंग कंटेंट, यूटिलिटी जुड़ी खबरों पर काम कर रहे हैं. रेनू पिछले 3 सालों से डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं. पत्रकारिता में ग्रेजुएशन करने के बाद उन्होंने 2022 में Zee News से करियर की शुरुआत की.  लोकल चैनल समाचार प्लस में इंटर्न से शुरुआत की और कारवां बढ़ता हुआ जी न्यूज पहुंचा.
Read More