देशभर में नवरात्रि और रावण दहन को लेकर बाजारों और मेलों में उत्सव का माहौल है और हर तरफ रौनक नजर आ रही है. अब लोगों को कल यानी कि 20 अक्टूबर को मनाए जाने वाले विजयादशमी यानी दशहरे का बेसब्री से इंतजार है. इस बार दशहरा समारोह में हरियाणा के पंचकूला और दिल्ली के द्वारका पर खास नजर रहेगी. ऐसा इसलिए क्योंकि दोनों जगहों पर 221 फीट ऊंचे रावण के पुतलों का दहन किया जाएगा, जो इस बार के आयोजन के प्रमुख आकर्षणों में शामिल होंगे. ऐसा कहा जा रहा है कि ये रावण में विश्व का सबसे ऊंचा रावण है.
पंचकूला में 221 फीट ऊंचे रावण का दहन, 34-35 लाख रुपये में बना
पंचकूला के सेक्टर-5 स्थित शालीमार ग्राउंड में इस बार दशहरा महोत्सव पर 221 फीट ऊंचे विशालकाय रावण का दहन किया जाएगा. रावण के निर्माण पर करीब 34 से 35 लाख रुपये की लागत आई है. रावण दहन के दौरान इको-फ्रेंडली पटाखों से आतिशी नजारा देखने को मिलेगा. विशालकाय रावण को खड़ा करने के लिए कारीगर दिन-रात जुटे हुए हैं. आयोजन को लेकर शहरवासियों में खासा उत्साह है.
विशाल दशहरा महोत्सव को लेकर श्री माता मनसा देवी चैरिटेबल एंड डेवलपमेंट ट्रस्ट दशहरा कमेटी पंचकूला और आदर्श रामलीला ड्रामेटिक स क्लब पंचकूला की ओर से संयुक्त रूप से प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई. इसमें श्री माता मनसा देवी चैरिटेबल एंड डेवलपमेंट ट्रस्ट के अध्यक्ष विष्णु गोयल ने महोत्सव की तैयारियों और 221 फीट ऊंचे रावण के निर्माण सहित विभिन्न व्यवस्थाओं की जानकारी दी.
भारत में पहली बार तैयार हुआ 221 फीट के दो रावण
आयोजन की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इस बार भारत में पहली बार विश्व के सबसे ऊंचे रावण के पुतले यानी 221 फीट ऊंचा रावण तैयार किया जा रहा है. जो कि दशहरे पर पंचकूला और दिल्ली में आकर्षण का केंद्र रहेगा.
कारीगर तजिंदर पाल चौहान के मुताबिक, इनमें से एक रावण पंचकूला के सेक्टर-5 स्थित शालीमार ग्राउंड में तैयार किया गया है.
रावण को खड़ा करने के बाद आसपास की गई बैरिकेडिंग, सुरक्षाकर्मी रहेंगे तैनात
221 फीट ऊंचे रावण की विशालता को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा. रावण को खड़ा करने के बाद उसके आसपास बैरिकेडिंग की जाएगी और सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की जाएगी, ताकि कोई भी व्यक्ति निर्धारित सुरक्षा घेरे में प्रवेश न कर सके. आयोजकों का लक्ष्य कार्यक्रम को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराना है.
पंचकूला में इस बार 221 फीट ऊंचे रावण का दहन दशहरा महोत्सव का प्रमुख आकर्षण रहने वाला है. शहरवासियों को उस भव्य पल का इंतजार है, जब बुराई पर अच्छाई की जीत के प्रतीक के रूप में विशालकाय रावण का दहन किया जाएगा.
(दिव्या रानी की रिपोर्ट)