App

खेत में पानी लगाने गया था दीपक: छत पर खून से लथपथ मिला शव, हत्या का आरोप

Hansi News: हांसी के धर्मखेड़ी गांव में खेत में पानी लगाने गए 25 साल के साहिल उर्फ दीपक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. उसका शव खेत में बने कमरे की छत पर खून से लथपथ मिला. सूचना पर पहुंचे परिजनों ने रोहतक के अजायब गांव निवासी प्रिंस और उसके साथियों पर हत्या का आरोप लगाया है.

खेत में पानी लगाने गया था दीपक: छत पर खून से लथपथ मिला शव, हत्या का आरोप
Image Credit: Hansi_murder

Haryana News: हांसी के धर्मखेड़ी गांव में खेत में पानी लगाने गए 25 साल के युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. युवक का शव खेत में बने कमरे की छत पर खून से लथपथ हालत में मिला. मृतक की पहचान साहिल उर्फ दीपक के रूप में हुई है. मृतक के पिता होशियार सिंह ने रोहतक जिले के अजायब गांव निवासी प्रिंस और उसके साथियों पर बेटे की हत्या करने का आरोप लगाया है.

परिवार वालों ने क्या कहा? 
परिवार वालों के अनुसार, साहिल खेती बाड़ी का काम करता था और रात खेत में पानी लगाने के लिए गया था. ग्रामीणों ने परिजनों को सूचना दी कि साहिल खेत में मृत अवस्था में पड़ा है. सूचना मिलते ही होशियार सिंह अपने दूसरे परिवार के सदस्यों के साथ खेत में पहुंचे. वहां कमरे की छत पर साहिल का शव खून से लथपथ हालत में पड़ा मिला.

क्या है मामला?  
पुलिस को दिए बयान में होशियार सिंह ने बताया कि उसके दो बेटे और एक बेटी हैं. बड़ा बेटा अशोक कटाई मशीन लेकर काम के सिलसिले में बाहर गया हुआ है, जबकि छोटा बेटा साहिल खेतीबाड़ी करता था. पिता का आरोप है कि अजायब निवासी प्रिंस और उसके साथियों ने मिलकर साहिल की हत्या की है. परिजनों ने वारदात में बीयर की बोतल और तेजधार हथियारों का इस्तेमाल किए जाने का भी आरोप लगाया है. सूचना मिलने के बाद बास थाना पुलिस मौके पर पहुंची. मामले की गंभीरता को देखते हुए सीन ऑफ क्राइम टीम को बुलाया गया. टीम ने घटना वाली जगह की बारीकी से निरीक्षण कर मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाया और बाद में शव परिजनों को सौंप दिया.

पुलिस ने क्या कहा? 
पुलिस के अनुसार, मृतक के सिर और गर्दन पर चोट के निशान मिले हैं. हालांकि मौत के वास्तविक कारणों और वारदात में इस्तेमाल हथियारों की पुष्टि जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगी. बास थाना प्रभारी जय सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी. सीन ऑफ क्राइम टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया गया. परिजनों के बयान के आधार पर एक नामजद आरोपी समेत अन्य के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है. आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों का गठन किया गया है और संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है. मामले की जांच जारी है.

पुलिस ने शुरू की आरोपियों की तलाश
थाना प्रभारी जय सिंह ने बताया कि मृतक के सिर और गर्दन पर चोट के निशान मिले हैं. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है. पुलिस घटना वाली जगह से मिले साक्ष्यों और अन्य पहलुओं के आधार पर मामले की जांच कर रही है तथा आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है.

(हांसी से नवीन शर्मा रिपोर्ट)

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Akanchha Singh

Akanchha Singh

जी-न्यूज में ट्रेनी सब एडिटर. वर्तमान में दिल्ली-एनसीआर हरियाणा डिजिटल टीम में दिल्ली-एनसीआर-हरियाणा की राजनीति, हाइपर लोकल, क्राइम की खबरों पर नजर. यूटिलीटी की खबरों में दिलचस्पी है. 2023 में संस्थान से जुड़े. माखन लाल चतुर्वेदी भोपाल से पत्रकारिता में डिग्री हासिल की.
Read More