)
Haryana News: बहादुरगढ़ से एक मामला सामने आया है, जहां NCR नहर में गणेश प्रतिमा का विसर्जन करने पहुंचे 3 युवक नहर में डूब गए. पहले एक युवक प्रतिमा के विसर्जन के लिए पानी में उतरा तेज बहाव होने के कारण पानी में डूब गया. वहीं उसे बचाने के लिए उतरे दो युवक भी नहर में समा गए.
पानी में डूबता देख दूसरे श्रद्धालुओं ने शोर मचाया. इस दौरान वहां मौजूद कुछ लोगों ने पानी में उतरकर तीनों की तलाश की, लेकिन वो मिले नहीं. इसके बाद पुलिस को हादसे की जानकारी दी गई. सूचना मिलते ही पुलिस और गोताखोरों की टीमें मौके पर पहुंचीं और सर्च अभियान चलाया. वहीं देर रात तक दो युवकों के शव बरामद हो गए थे, जबकि तीसरे की तलाश जारी थी. पुलिस ने बताया कि जिस NCR नहर में ये हादसा हुआ, वो दिल्ली ब्रांच से निकलकर सोनीपत, रोहतक और झज्जर होते हुए गुरुग्राम क्षेत्र तक जाती है.
कैसे डूबे तीनों युवक
नहर में डूबे दोनों युवकों की पहचान मध्य प्रदेश निवासी अजय (24) और बिहार निवासी नीतीश (21) के रूप में हुई है. वहीं उनका साथी उत्तर प्रदेश निवासी शिवकांत की तलाश रात तक जारी है. पुलिस के अनुसार, तीनों युवक रोहद के टेक फूड प्रोडक्ट कंपनी में काम करते थे, जहां चॉकलेट बनाई जाती है.
पुलिस ने जानकारी दी कि शुक्रवार शाम लगभग 16-17 लोग ढोल बजाते हुए गणेश प्रतिमा विसर्जन के लिए NCR विसर्जन के लिए पहुंचे थे. शाम लगभग 6:20 पर अजय प्रतिमा विसर्जन के लिए नहर में उतरा. इस दौरान वो गहरे पानी में डूबने लगा. अजय को डूबता देख उसे बचाने के प्रयास में शिवकांत और नीतीश भी नहर में कूद गए. इसके बाद तीनों नहर में डूब गए.
तीनों युवकों के नहर में डूबने से लोगों के बीच हड़कंप मच गया. मौके पर ग्रामीण और कंपनी कर्मचारी भी पहुंच गए. वहां मौजूद कुछ लोग पानी में उतरकर तीनों की तलाश भी की, लेकिन सफलता नहीं मिली. इसके बाद थाने को हादसे की जानकारी दी गई. पुलिस ने मौके पर पहुंचते ही युवकों की तलाश शुरू तक दी. आसपास के लोग भी बचाव अभियान में जुट गए. कुछ ही देर बाद अजय और नीतीश का शव बरामद कर लिया गया, लेकिन शिवकांत की तलाश जारी थी.
पुलिस ने क्या कहा?
पुलिस के अनुसार, युवकों के नहर में डूबने की सूचना मिलने के बाद SDRF टीम को भी जानकारी दी गई. वहीं पुलिस और बचाव दल तीसरे युवक की तलाश में लगे हुए हैं. नहर में पानी का बहाव और गहराई ज्यादा होने के कारण परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. थाना आसौदा एसएसचओ जयभगवान के अनुसार, NCR नगर में गणपति विसर्जन के दौरान तीनों युवक पानी में डूब गए. इसमें से दो युवकों को बरामद कर लिया गया है. वहीं तीसरे की तलाश अभी जारी है.