SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

हांसी में 5वें दिन भी बसों का चक्का जाम, लोगों की बढ़ी परेशानी, पूरे प्रदेश में हड़ताल की चेतावनी!

हरियाणा के हांसी में रोडवेज कर्मचारियों की हड़ताल जारी है. ऐसे में लोगों को हांसी बस स्टैंड पर बसों का इंतजार करते देखाय गया. कर्मचारियों ने साफ कर दिया है कि अगर जल्द उनकी मांगें पूरी नहीं की गईं तो इस बार कर्मचारी काली दिवाली मनाएंगे.

Written By Akanchha Singh
Published: Nov 04, 2026, 11:59 AM IST | Updated: Nov 04, 2026, 12:02 PM IST
Image Credit: हांसी में 5वें दिन भी बसें बंद
Join

हरियाणा रोडवेज के निजीकरण और लंबित मांगों को लेकर रोडवेज कर्मचारियों ने एक बार फिर सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है. हांसी में रोडवेज कर्मचारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल का आज पांचवां दिन है. बसों का संचालन ठप होने से आम यात्रियों की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है. हांसी बस स्टैंड पर यात्री घंटों बसों का इंतजार करते नजर आए. कोई गांव जाने के लिए बस पूछता रहा, तो कोई दिल्ली, हिसार, चंडीगढ़ और करनाल जाने के लिए परेशान होता दिखाई दिया. बसें नहीं मिलने के कारण यात्रियों को निजी वाहनों और अन्य साधनों का सहारा लेना पड़ा.

कर्मचारियों ने क्यों किया है चक्का जाम? 

वहीं अब से कुछ दिन बाद ही दीपावली का त्योहार है. ऐसे में अगर रोडवेज बसों का संचालन बहाल नहीं हुआ तो त्योहार पर अपने घर जाने वाले यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है. खासकर ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों, विद्यार्थियों और नौकरीपेशा यात्रियों की मुश्किलें बढ़ सकती हैं. हिसार डिपो और हांसी सब-डिपो में लंबित वित्तीय भत्तों और बकाया भुगतान की मांग को लेकर कर्मचारियों ने अनिश्चितकालीन चक्का जाम किया हुआ है. हड़ताल के कारण हिसार डिपो की 181 और हांसी सब-डिपो की 71 बसों सहित कुल 259 बसों का संचालन प्रभावित होने का दावा किया जा रहा है.

कर्मचारियों ने क्या कहा? 

कर्मचारियों का कहना है कि उनकी मेन मांगों में नाइट ड्यूटी भत्ता, टीए, एलटीसी और मेडिकल बिलों का लंबित भुगतान शामिल है. कर्मचारियों के अनुसार, करीब साढ़े चार करोड़ रुपये का टीए भुगतान अभी तक लंबित है. उनका दावा है कि पांच दिनों से बसों का संचालन बंद रहने के कारण करीब एक करोड़ रुपये का नुकसान हो चुका है. रोडवेज कर्मचारी जयबीर सिवाच और मंजीत कुमार ने बताया कि कर्मचारी लंबे समय से अपने वित्तीय लाभों के भुगतान की मांग कर रहे हैं. अधिकारियों को कई बार ज्ञापन सौंपने और धरना-प्रदर्शन करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ. कर्मचारियों ने साफ कहा कि जब तक बकाया राशि उनके खातों में नहीं आती, तब तक हड़ताल खत्म नहीं होगी.

कर्मचारियों ने दी चेतावनी

कर्मचारियों ने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर जल्द उनकी मांगें पूरी नहीं की गईं तो इस बार कर्मचारी काली दिवाली मनाएंगे. साथ ही साझा मोर्चा के आह्वान पर पूरे हरियाणा में रोडवेज बसों का चक्का जाम किया जा सकता है. कर्मचारियों का कहना है कि सरकार ने समय रहते उनकी मांगों का समाधान नहीं किया तो आंदोलन और तेज किया जाएगा. फिलहाल एक तरफ रोडवेज कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर आंदोलन पर अड़े हुए हैं. वहीं दूसरी तरफ दीपावली का त्योहार नजदीक आने के साथ यात्रियों की चिंता बढ़ती जा रही है. अब देखना होगा कि सरकार और कर्मचारी संगठनों के बीच बातचीत से कोई समाधान निकलता है या फिर इस बार त्योहारों के सीजन में यात्रियों को बसों के लिए परेशान होना पड़ेगा.

ये भी पढ़ें- फरीदाबाद में जहरीली हवा का अटैक, कंपनियों के काले धुएं ने बढ़ाई लोगों की टेंशन

(हांसी से नवीन शर्मा की रिपोर्ट)
 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

जी-न्यूज में ट्रेनी सब एडिटर. वर्तमान में दिल्ली-एनसीआर हरियाणा डिजिटल टीम में दिल्ली-एनसीआर-हरियाणा की राजनीति, हाइपर लोकल, क्राइम की खबरों पर नजर. यूटिलीटी की खबरों में दिलचस्पी है. 2023 में संस्थान से जुड़े. माखन लाल चतुर्वेदी भोपाल से पत्रकारिता में डिग्री हासिल की.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES