)
Gurugram News: गुरुग्राम के गोल्फ कोर्स रोड पर हुए हालिया हिट एंड रन मामले में यह बात सामने आई है कि पीड़ित महिला स्पोर्ट्स बाइकर (सिया) दिल्ली की रहने वाली हैं. गुरुग्राम के गोल्फ कोर्स रोड पर एक महिला स्पोर्ट्स बाइकर सिया को एक तेज रफ्तार कार ने जानबूझकर पीछे से टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया. टक्कर इतनी जोरदार थी कि महिला सड़क पर गिर गईं और उनकी बाइक कई मीटर तक घिसटती चली गई. हालांकि इस घटना के बाद गुरुग्राम पुलिस के द्वारा इस मामले में आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर लिया गया है.
वहीं दिल्ली की रहने वाली सिया की पहचान कालकाजी में रहने वाली शिवानी चौहान के रूप में हुई है, जो नगर निगम दिल्ली के चुनाव में कालकाजी वार्ड से आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी रही हैं. जिनके पिता भी आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता हैं.
वहीं सिया यानी कि शिवानी चौहान के पिता रोशन चौहान ने इस पूरे मामले में बताया कि देखिए यह घटना बीते रविवार के दिन का है. अब मुझे पता लगा है इस घटना के बारे में. इसके बारे में मेरी बिटिया ने कुछ नहीं बताया, लेकिन वह जब कुछ लंगड़ा कर चल रही थी, तब मैंने उससे पूछा. हालांकि उसे समय वह नहीं बताई, लेकिन अभी जानकारी मिली है कि उसको किसी कार ने गुरुग्राम के सड़क पर हिट कर दिया था. जिसमें वह सड़क पर ही गिर गई थी. वह तो गनीमत रहा की वह स्पोर्ट्स बाइक चलाने के दौरान पूरी तरह खुद को सेफ्टी सूट पहन कर और हेलमेट लगाकर राइड कर रही थी, जिसके वजह से उसकी जान बच गई है. नहीं तो बड़ा हादसा हो सकता था. उसके हाथ पैर टूट सकते थे. मैं शुक्रिया करूंगा गुड़गांव की पुलिस की जो उन्होंने आरोपियों की पहचान कर FIR दर्ज कर लिया है अब हम अपने वकील के साथ गुडगांव जा रहे हैं, जहां हम लिखित शिकायत देंगे और अपने तरफ से भी कंप्लेंट दर्ज करवाएंगे. एक महिला के साथ इस तरह की हिट एंड रन का घटना बेहद निंदनीय है.
वहीं हम आपको बता दें कि पीड़ित महिला राइडर ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट rebelwheels_sia_ पर घटना का वीडियो शेयर करते हुए आरोप लगाया कि कार में सवार लोग शराब के नशे में थे और काफी दूर से उनका पीछा कर रहे थे. जब उन्होंने दूरी बनाए रखने को कहा तो गुस्से में आकर कार ड्राइवर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी. फिलहाल पीड़िता शिवानी चौहान के पिता रोशन चौहान अपनी वकील के साथ गुड़गांव के लिए निकल गए हैं जहां वह पुलिस से मिलकर इस घटना को लेकर कंप्लेंट दर्ज करेंगे.
वहीं बता दें कि इस मामले में कार के मालिक मनीष ने न्यूज एजेंसी से कहा कि गाड़ी उनकी थी और वह काम पर थे. जब उनके दोस्त कल्याण सिंह बैंसला कहीं जाने की बात कहकर कार ले गए.
मनीष ने कहा, यह मेरी गाड़ी है. मैं काम पर था; एक दोस्त ने मेरी कार ली थी. कल्याण सिंह ने कहा कि उन्हें कहीं जाना है. वह दो दिन पहले कार ले गए. मुझे आज सुबह एक्सीडेंट के बारे में पता चला.
मनीष ने कहा कि घटना के बारे में जानने के बाद उन्होंने कल्याण सिंह को कॉल करने की कोशिश की, लेकिन उन्होंने जवाब नहीं दिया. उन्होंने आगे कहा कि उन्होंने अपने पिता और दूसरों को सिंह के घर भेजा. मनीष ने कहा कि सिंह हरियाणा के पलवल जिले से हैं और कहा, मैं आर्मी में काम करता हूं.
(दिल्ली से हरि किशोर साह की रिपोर्ट)