App

झाड़-फूंक के बहाने युवती को पिलाया नशीला पदार्थ! इलाज के नाम पर मांगे हजारों रुपये

फरीदाबाद में झाड़-फूंक के नाम पर एक युवती को नशीला पदार्थ पिलाने और फिर इलाज के नाम पर हजारों रुपये मांगने का मामला सामने आया है.

झाड़-फूंक के बहाने युवती को पिलाया नशीला पदार्थ! इलाज के नाम पर मांगे हजारों रुपये
Image Credit: AI Image

फरीदाबाद में झाड़-फूंक के नाम पर एक युवती को नशीला पदार्थ पिलाने और फिर इलाज के नाम पर हजारों रुपये मांगने का मामला सामने आया है. युवती की मां ने एक मौलवी पर आरोप लगाते हुए पुलिस को शिकायत दी है. महिला का आरोप है कि मौलवी ने झाड़-फूंक के बहाने उसकी बेटी को पानी में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया. इसके बाद से ही उसकी बेटी की तबीयत लगातार बिगड़ रही है. आरोप है कि मौलवी अब इलाज के नाम पर 51 हजार रुपये और ठीक होने के बाद 21 हजार रुपये देने की मांग कर रहा है.

बजरंग दल के लोग पहुंचे

मामले की सूचना मिलते ही बजरंग दल के लोग भी पीर पर पहुंच गए. बजरंग दल के लोगों ने पीर के बाहर धरने पर बैठकर हनुमान चालीसा का पाठ करना शुरू कर दिया. मामले को बढ़ता देख पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और युवती की मां की तरफ से शिकायत ली. सराय थाना इंचार्ज राकेश कुमार के मुताबिक पुलिस मामले की जांच कर रही है.

पुलिस को दी शिकायत में महिला शीला ने बताया कि वो अपने परिवार के साथ वेदराम कालोनी में रहती है. कुछ दिन पहले उसकी बेटी झाड़-फूंक के सिलसिले में एक सराय में एक पीर पर मौलवी के पास गई थी. महिला का आरोप है कि वहां मौलवी ने झाड़-फूंक के बहाने उसकी बेटी को पानी में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया. इसके अलावा इलायची और किसी अन्य पदार्थ के साथ भी कुछ खिलाया गया. महिला ने आगे बताया कि उसी दिन से उसकी बेटी की तबीयत खराब रहने लगी और उसकी हालत लगातार बिगड़ती चली गई.

51 हजार रुपये मांग

महिला ने शिकायत में आरोप लगाया कि जब उसने मौलवी से बेटी की बिगड़ती तबीयत को लेकर बात की तो उसने इलाज के नाम पर 51 हजार रुपये मांगे. इसके अलावा बेटी के ठीक होने पर 21 हजार रुपये देने की मांग भी की. महिला का कहना है कि उसकी बेटी की हालत काफी खराब है, लेकिन मौलवी बिना पैसे के कुछ भी करने या बात करने को तैयार नहीं है.

बेटी को कुछ हुआ तो मौलवी होगा जिम्मेदार

महिला ने पुलिस से मामले की जांच कराने की मांग की है. उसने शिकायत में कहा है कि उसकी बेटी की हालत गंभीर बनी हुई है. यदि बेटी को कुछ होता है तो इसके लिए संबंधित मौलवी जिम्मेदार होगा. महिला ने झाड़-फूंक के नाम पर नशीला पदार्थ पिलाने के आरोपों की जांच कर मौलवी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने और अपनी बेटी की जान-माल की सुरक्षा करने की मांग की है.

(फरीदाबाद से जय प्रकाश की रिपोर्ट)

 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Akanchha Singh

Akanchha Singh

जी-न्यूज में ट्रेनी सब एडिटर. वर्तमान में दिल्ली-एनसीआर हरियाणा डिजिटल टीम में दिल्ली-एनसीआर-हरियाणा की राजनीति, हाइपर लोकल, क्राइम की खबरों पर नजर. यूटिलीटी की खबरों में दिलचस्पी है. 2023 में संस्थान से जुड़े. माखन लाल चतुर्वेदी भोपाल से पत्रकारिता में डिग्री हासिल की.
Read More