SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

इतना शक कि काम पर साथ जाती, वॉशरूम में 5 मिनट और 182 बार कॉल; पत्नी से प्रताड़ित अरमान ने बनाया वीडियो और फिर....

फरीदाबाद में पत्नी पर प्रताड़ना का आरोप लगाकर वीडियो बनाने के बाद 24 वर्षीय अरमान खान लापता हो गया है. कटला पुल के पास उसकी बाइक और मोबाइल मिलने के बाद SDRF आगरा नहर में उसकी तलाश कर रही है.

Written By Renu Akarniya
Published: Nov 18, 2026, 16:29 IST | Updated: Nov 18, 2026, 16:51 IST
Image Credit: इतना शक कि काम पर साथ जाती, वॉशरूम में 5 मिनट और 182 बार कॉल; पत्नी से प्रताड़ित अरमान ने बनाया वीडियो और फिर....
Join

हरियाणा के फरीदाबाद में अपनी पत्नी पर प्रताड़ना का आरोप लगाते मंगलवार को युवक ने नहर में छलांग लगा दी. यह कदम उठाने से पहले 24 साल के अरमान खान ने वीडियो बनाकर अपने पिता को भेजा. अब ये वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है. परिवार ने कई गंभीर आरोप लगाए हैं. परिवार का दावा है कि अरमान की पत्नी आलिया उस पर शक करती थी और उसकी हर हरकत पर नजर रखती थी. परिवार के मुताबिक, दोनों के बीच झगड़ा इतना बढ़ गया था कि कई बार पंचायत भी करनी पड़ी थी. इस बीच अरमान के लापता होने के बाद उसकी बाइक और मोबाइल फोन आगरा नहर के कटला ब्रिज के पास मिले. SDRF की टीम नहर में उसकी तलाश कर रही है, लेकिन वह अभी तक नहीं मिला है.

पति के साथ Zomato डिलीवरी पर साथ जाने का आरोप 
मवई गांव का रहने वाला अरमान खान जोमैटो के लिए डिलीवरी बॉय का काम करता था और B.Pharma की पढ़ाई भी कर रहा था. उसके पिता अख्तर खान का आरोप है कि आलिया को अरमान पर शक था. वह जानना चाहती थी कि वह काम के दौरान कहां जाता है और किससे मिलता है. परिवार वालों के मुताबिक, आलिया अक्सर अरमान के साथ देर रात डिलीवरी करने के लिए उसकी बाइक पर जाती थी. परिवार का दावा है कि ऐसा अरमान की एक्टिविटीज पर नजर रखने के लिए किया जाता था. यह भी आरोप है कि आलिया उसके कॉल रिकॉर्ड चेक करती थी और घर में किसी से भी उसकी फोन पर हुई बातचीत की जानकारी मांगती थी. दोनों के बीच इस बात पर भी बहस होती थी कि अरमान का मोबाइल फोन बाथरूम में ले जाए और पांच मिनट से ज्यादा वहां रहे.

शादी के कुछ महीनों के अंदर ही झगड़े शुरू
अरमान के पिता के मुताबिक, आलिया और अरमान की शादी करीब साढ़े नौ महीने पहले हुई थी. शादी के कुछ समय बाद ही उनके बीच झगड़े शुरू हो गए थे. झगड़े को सुलझाने के लिए परिवार और गांव वालों की मौजूदगी में तीन बार पंचायत हुई थी.

परिवार वालों का कहना है कि पिछले एक महीने से आलिया अपनी पत्नी के साथ परिवार से दूर किराये के मकान में रह रहा था. आलिया करीब आठ महीने की प्रेग्नेंट है. पिता ने आरोप लगाया कि घरेलू झगड़ों की वजह से अरमान पर कर्ज बढ़ गया था और वह बहुत परेशान रहने लगा था.

वीडियो में पत्नी पर परेशान करने का आरोप
लापता होने से पहले अरमान ने एक वीडियो बनाया था ,जिसमें उसने अपनी पत्नी पर लगातार शक करने और उसे परेशान करने का आरोप लगाया था. वीडियो में उसने कहा कि उसे अपनी हर हरकत का हिसाब देने के लिए मजबूर किया जाता था. उससे हर चीज के बारे में पूछा जाता था कि वह क्या खाता है, किससे बात करता है और कहां जाता है.

अरमान ने अपने माता-पिता और भाई-बहनों से अलग होने, कर्ज में डूबे होने और मानसिक रूप से परेशान किए जाने की भी बात कही. उसने अपनी पत्नी से कहा कि अगर उसकी इज्जत की जाती तो शायद हालात इस मोड़ तक नहीं पहुंचते. वीडियो के आखिर में उसने आगरा नहर पर उससे मिलने की बात कही.

जब अरमान घर नहीं लौटा तो उसकी पत्नी ने 182 बार फोन किया 
परिवार वालों के मुताबिक, जब सोमवार रात अरमान घर नहीं लौटा तो उसकी पत्नी आलिया ने उसे बार-बार फोन किया. बताया जाता है कि उसने अरमान को 182 बार फोन किया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला. इसके बाद उसकी तलाश शुरू हुई.

जांच के दौरान, अरमान की बाइक और मोबाइल फोन आगरा नहर पर कटला पुल के पास मिले. वीडियो में उसके नहर में कूदने का पता चलने के बाद पुलिस ने SDRF टीम को बुलाया और नहर में सर्च ऑपरेशन शुरू किया.

SHO ने बताया कि किसी ने उसे नहर में कूदते नहीं देखा
खेड़ी पुलिस स्टेशन इंचार्ज राकेश के मुताबिक, अरमान और उसकी पत्नी के बीच पहले से ही झगड़ा चल रहा था. करीब सात महीने पहले भी उनका झगड़ा हुआ था, जिसके बाद पुलिस ने मामला शांत कराया था.

SHO ने बताया कि अरमान को किसी ने नहर में कूदते नहीं देखा. कटला ब्रिज के पास उसकी बाइक और मोबाइल फोन मिलने के बाद SDRF की मदद से नहर में सर्च किया जा रहा है. फिलहाल युवक का कोई सुराग नहीं मिला है. पुलिस के मुताबिक, अरमान के मिलने के बाद ही पूरी घटना साफ हो पाएगी.
ये भी पढ़ें: हांसी में गैस सिलेंडर ब्लास्ट से ढहा मकान, 2 बच्चों समेत परिवार के 5 लोग घायल; 3 घरों को नुकसान

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

रेनू अकर्णिया, वर्तमान में Zee News में सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं और दिल्ली-एनसीआर और हरियाणा की लेटेस्ट, ट्रेंडिंग कंटेंट, यूटिलिटी जुड़ी खबरों पर काम कर रहे हैं. रेनू पिछले 3 सालों से डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं. पत्रकारिता में ग्रेजुएशन करने के बाद उन्होंने 2022 में Zee News से करियर की शुरुआत की.  लोकल चैनल समाचार प्लस में इंटर्न से शुरुआत की और कारवां बढ़ता हुआ जी न्यूज पहुंचा.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES