App

हांसी में गैस सिलेंडर ब्लास्ट से ढहा मकान, 2 बच्चों समेत परिवार के 5 लोग घायल; 3 घरों को नुकसान

हरियाणा के हांसी में गैस सिलेंडर फटने से प्रताप सिंह का मकान ढह गया और एक ही परिवार के 2 बच्चों समेत 5 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. इतना ही नहीं ब्लास्ट इतना जोरदार था कि पड़ोसियों के मकान को भी भारी नुकसान पहुंचा है.

हांसी में गैस सिलेंडर ब्लास्ट से ढहा मकान, 2 बच्चों समेत परिवार के 5 लोग घायल; 3 घरों को नुकसान
Image Credit: हांसी में गैस सिलेंडर ब्लास्ट से ढहा मकान, 2 बच्चों समेत परिवार के 5 लोग घायल; 3 घरों को नुकसान

हांसी से जींद रोड पर ढाणी चदरपुल के पास स्थित ढाणी चमारान में मंगलवार देर शाम करीब 7:00 बजे जोरदार धमाका हो गया. ब्लास्ट मकान में रखे घरेलू गैस सिलेंडर में धमाका हो गया. ब्लास्ट इतना जोरदार था कि करीब 500 मीटर दूरी पर बने मकानों की छत भी हिल गई. गैस सिलेंडर के ब्लास्ट से आसपास के तीन मकानों को नुकसान हुआ है. इस हादसे में एक ही परिवार के 5 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिसमें दो बच्चे शामिल है.  

सिलेंडर ब्लास्ट से परिवार के 5 लोग घायल
जिस घर में ब्लास्ट हुआ है, वह मकान पूरी तरह से गिर गया है. यह मकान प्रताप सिंह का है. इस हादसे के दौरान प्रताप सिंह की पत्नी रामप्यारी (65),  बेटा नवीन (32), दूसरे बेटे दीपक की पत्नी सुनीता (32), दीपक का करीब 8 साल का बेटा निखिल व करीब 5 साल की बेटी मीत गंभीर रूप से घायल हो गई. ब्लास्ट होते ही प्रताप सिंह का पूरा मकान गिर गया. आसपास के लोग तुरंत बचाव कार्य के लिए मौके पर पहुंचे.

अस्पताल में इलाज जारी 
सभी ने मिलकर मलबे के नीचे दबे हुए परिजनों को बाहर निकाला. इसके बाद आनन फानन में निजी वाहन का प्रबंध करके सभी को हांसी शहर के नागरिक अस्पताल में भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने उनका प्राथमिक इलाज करके अग्रोहा मेडिकल के लिए रेफर कर दिया. जहां उनकी हालत ठीक बताई जा रही है. अगर मौके पर आस पड़ोस के लोग नहीं पहुंचते तो एक बड़ी अनहोनी हो सकती थी.

पड़ोसियों के मकान को भी पहुंचा नुकसान
मकान के पड़ोसी गोपाल का मकान का कमरा गिर गया. गोपाल के बेटे की बहु कुछ समय पहले ही पूजा करके कमरे से बाहर निकली थी.  वहीं दूसरी साइड में बने चांदगीराम के मकान का एक कमरा भी ढ़ह गया.

ब्लास्ट इतना जोरदार था कि मकान की ईंट करीब 100 मीटर दूरी पर जाकर गिरी. प्रताप के मकान के तीन कमरों के छत पूरी तरह से फट गई. घटना की सूचना मिलते ही हांसी पुलिस मौके पर पहुंची.  उन्होंने ही एम्बुलेंस को बुलाकर घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया.

(हांसी से नवीन शर्मा की रिपोर्ट) 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Renu Akarniya

Renu Akarniya

रेनू अकर्णिया, वर्तमान में Zee News में सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं और दिल्ली-एनसीआर और हरियाणा की लेटेस्ट, ट्रेंडिंग कंटेंट, यूटिलिटी जुड़ी खबरों पर काम कर रहे हैं. रेनू पिछले 3 सालों से डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं. पत्रकारिता में ग्रेजुएशन करने के बाद उन्होंने 2022 में Zee News से करियर की शुरुआत की.  लोकल चैनल समाचार प्लस में इंटर्न से शुरुआत की और कारवां बढ़ता हुआ जी न्यूज पहुंचा.
Read More