)
सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में बुधवार (18 नवंबर) को दिल्ली की टीम को शर्मनाक हार का सामना करना पड़ा. उसे इंदौर के डेली कॉलेज ग्राउंड में बिहार ने परास्त कर दिया. प्रियांश आर्या की कप्तानी वाली टीम 224 रन बनाने के बावजूद हार गई. टूर्नामेंट के एलीट ग्रुप में दिल्ली ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 5 विकेट पर 224 रन बनाए. उसके लिए यश ढुल ने 59 गेंद पर 125 रन बनाए. बिहार ने 19.5 ओवर में 227 रन बनाकर मैच को जीत लिया.
बिहार ने 14 नवंबर को वैभव सूर्यवंशी की कप्तानी में अपने अभियान की शुरुआत की थी. उसे सौराष्ट्र के खिलाफ उस मैच में हार का सामना करना पड़ा. वैभव फिर इंडिया ए टीम से जुड़ गए और उनकी जगह सूरज कश्यप टीम की कमान संभाल रहे हैं. बिहार को दूसरे मैच में रेलवे के खिलाफ हार मिली थी और अब उसने दिल्ली को हराकर तीन मैचों में पहली जीत हासिल कर ली.
225 रन के टारगेट का पीछा करने उतरी बिहार के लिए आयुष लोहारुका और आशीष कुमार ने रन चेज मजबूत शुरुआत की. दोनों ने 14 गेंदों पर तेजी से 25 रन की साझेदारी कर ली. आशीष 11 रन बनाकर आउट हुए. उनके बाद आयुष को बिपिन सौरभ का साथ मिला है और दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 35 गेंद पर 103 रन जोड़े. बिपिन ने 19 गेंद पर 49 रन बनाए. आयुष ने 22 गेंद पर 50 रन बनाए. बिहार ने 7.2 ओवर में एक विकेट पर 117 रन के स्कोर के बाद लगातार विकेट गंवाए और एक समय स्कोर 13.2 ओवर में छह विकेट पर 161 रन हो गया. यहां से दिल्ली की उम्मीदें जग गई थीं.
बिहार के लिए प्रशांत सिंह और मयंक कुमार ने नौवें विकेट के लिए 20 गेंदों पर 38 रन जोड़कर टीम को मैच की आखिरी गेंद पर टारगेट हासिल करने में मदद की. प्रशांत ने आठ गेंद पर 13 और मयंक ने 13 गेंद पर 24 रन बनाए. रघुवेंद्र प्रताप सिंह ने गेंदबाजी में 44 रन देकर तीन विकेट लिए और बल्लेबाजी में 15 गेंद पर 25 रन बनाए. इस ऑलराउंड प्रदर्शन के बाद उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड मिला.
इससे पहले दिल्ली के कप्तान प्रियांश के दो गेंदों पर बिना खाता खोले आउट होने के बाद धुल नंबर 3 पर बैटिंग करने उतरे और उन्होंने 59 गेंदों पर 16 चौके और सात छक्के लगाकर 125 रन बनाए. उन्होंने तेजस्वी दहिया के साथ चौथे विकेट के लिए 47 गेंदों पर 126 रन जोड़े. तेजस्वी ने 25 गेंदों पर चार चौकों और चार छक्कों की मदद से 51 रन बनाए. सार्थक रंजन ने 18 और केशव डबास ने नाबाद 13 रन बनाए. बिहार अपने अगले मुकाबले में 20 नवंबर को इंदौर के होल्कर स्टेडियम में जम्मू-कश्मीर से खेलेगा. वहीं दिल्ली की टीम 20 तारीख को ही डेली कॉलेड ग्राउंड पर सौराष्ट्र का सामना करेगी.