App

Faridabad Bulletproof Car Case: 'कानूनी तरीके से बना रहा था बुलेट प्रूफ कार, नेताओं की हैं बरामद गाड़ियां'- फैक्ट्री मालिक

फरीदाबाद में बुलेट प्रूफ गाड़ियां बनाने वाली वर्कशॉप पर CM फ्लाइंग की रेड में 4 लग्जरी कारें सीज हुईं, जबकि मालिक प्रमोद ने काम को कानूनी बताते हुए पूरे दस्तावेज होने का दावा किया है.

Faridabad Bulletproof Car Case: 'कानूनी तरीके से बना रहा था बुलेट प्रूफ कार, नेताओं की हैं बरामद गाड़ियां'- फैक्ट्री मालिक
Image Credit: Faridabad Bulletproof Car Case

Faridabad News: हरियाणा के फरीदाबाद स्थित तिगांव में गाड़ियों को बुलेट प्रूफ बनाने वाली एक वर्कशॉप पर CM फ्लाइंग और पुलिस की संयुक्त टीम ने मंगलवार को छापेमारी की. कार्रवाई के दौरान मौके से चार लग्जरी गाड़ियां बरामद की गईं. इनमें दो स्कॉर्पियो और दो फॉर्च्यूनर शामिल हैं. टीम ने सभी गाड़ियों और बुलेट प्रूफिंग से जुड़े सामान को सीज कर दिया है. फिलहाल वर्कशॉप में गाड़ियों को मॉडिफाई करने की अनुमति और जरूरी लाइसेंस की जांच की जा रही है.

फैक्ट्री मालिक ने दी अपनी सफाई 
ज़ी मीडिया से बातचीत में वर्कशॉप के मालिक प्रमोद ने दावा किया कि वह पूरे दस्तावेजों के साथ कानूनी तरीके से बुलेट प्रूफ गाड़ियां तैयार कर रहा था. प्रमोद के मुताबिक, वह पहले भारत सरकार के एक उपक्रम में काम करता था, जहां बुलेट प्रूफ गाड़ियां बनाई जाती थीं. नौकरी छोड़ने के बाद उसने अपना काम शुरू किया.

प्रमोद मूल रूप से केरल का रहने वाला है. उसका कहना है कि बरामद सभी गाड़ियां नेताओं की हैं, लेकिन वह उनके नाम नहीं बता सकता. उसने यह भी दावा किया कि गाड़ियां तैयार करने का काम कानूनी प्रक्रिया के तहत किया जा रहा था.

वहीं, पुलिस और CM फ्लाइंग की टीम इस बात की जांच कर रही है कि ये गाड़ियां किसके लिए तैयार की जा रही थीं और वर्कशॉप के पास बुलेट प्रूफिंग का वैध लाइसेंस मौजूद है या नहीं.

बदमाशों तक गाड़ियां पहुंचने का भी उठ रहा सवाल
इस मामले के सामने आने के बाद यह सवाल भी उठ रहा है कि क्या यहां सिर्फ नेताओं और अन्य लोगों के लिए बुलेट प्रूफ गाड़ियां तैयार की जा रही थीं या फिर इनका इस्तेमाल अपराधियों तक वाहन पहुंचाने में भी हो रहा था. पिछले कुछ दिनों में दिल्ली में बदमाशों के पास से बुलेट प्रूफ गाड़ियां मिलने के बाद इस एंगल से भी जांच की जा रही है.

फिलहाल पुलिस वर्कशॉप के मालिक से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आरोपी अब तक कितनी बुलेट प्रूफ गाड़ियां तैयार कर चुका है. एक गाड़ी को बुलेट प्रूफ बनाने में करीब पांच लाख रुपये तक का खर्च आता है. मामले में आगे की कार्रवाई जांच पूरी होने के बाद की जाएगी.

(फरीदाबाद से राजू राज की रिपोर्ट)

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Renu Akarniya

Renu Akarniya

रेनू अकर्णिया, वर्तमान में Zee News में सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं और दिल्ली-एनसीआर और हरियाणा की लेटेस्ट, ट्रेंडिंग कंटेंट, यूटिलिटी जुड़ी खबरों पर काम कर रहे हैं. रेनू पिछले 3 सालों से डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं. पत्रकारिता में ग्रेजुएशन करने के बाद उन्होंने 2022 में Zee News से करियर की शुरुआत की.  लोकल चैनल समाचार प्लस में इंटर्न से शुरुआत की और कारवां बढ़ता हुआ जी न्यूज पहुंचा.
Read More