5 सेकेंड में 5 थप्पड़… चरखी दादरी में महिला कृषि अधिकारी से मारपीट का VIDEO VIRAL, दो महिलाओं पर केस
चरखी दादरी के कृषि विभाग कार्यालय में महिला कृषि विकास अधिकारी के साथ मारपीट और जातिसूचक शब्द कहने का आरोप लगा है. घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने दो महिलाओं के खिलाफ SC-ST एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया है.
चरखी दादरी के लोहारू रोड स्थित कृषि विभाग कार्यालय में महिला कृषि विकास अधिकारी के साथ मारपीट करने और जातिसूचक शब्द कहने के मामला सामने आया है. घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया है, जो कि सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल भी हो रहा है. इस वीडियो में एक महिला कार्यालय में ही महिला कृषि विकास अधिकारी को जमीन पर पटककर और उनके पेट पर बैठकर थप्पड़ मारती दिखाई दे रही है. अहम बात यह है कि आरोपित महिला ने महज पांच सेकेंड में ही महिला कृषि विकास अधिकारी को पांच थप्पड़ जड़ दिए.
दो महिलाओं खिलाफ एससी-एसटी एक्ट समेत कई धाराओं में केस दर्ज
शिकायत के आधार पर सिटी थाना पुलिस ने दो महिलाओं के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट सहित अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. जानकारी के अनुसार, महेंद्रगढ़ जिला के सतनाली निवासी महिला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह चरखी दादरी में कृषि विकास अधिकारी के पद पर कार्यरत हैं. वह 16 नवंबर को दोपहर करीब साढ़े तीन बजे लोहारू रोड स्थित कृषि विभाग कार्यालय में अपने काम में व्यस्त थी. उसी दौरान झोझू कलां निवासी महिला एक और अन्य महिला के साथ कार्यालय पहुंची.
महिला कृषि अधिकारी से मारपीट
महिला कृषि विकास अधिकारी का आरोप है कि दोनों ने उनके साथ कहासुनी शुरू कर दी और गाली-गलौज करते हुए जातिसूचक शब्द कहे. विरोध करने पर उनके साथ मारपीट की गई, जिससे उसे चोटें भी आई.
दो महिलाओं ने की महिला अधिकारी से बदतमीजी
महिला अधिकारी का आरोप है कि मारपीट के दौरान दूसरी महिला, जो वकील बताई गई है, उसने भी उसके साथ दुर्व्यवहार किया. घटना के बाद उसे इलाज के लिए स्थानीय सिविल अस्पताल अस्पताल ले जाया गया. डीएसपी धीरज कुमार ने बताया कि शिकायत के आधार पर पुलिस ने दोनों महिलाओं के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है. मामले की जांच की जा रही है.
(चरखी दादरी से सुरेंद्र सिंह की रिपोर्ट)