राजस्थान की खास परंपरा पर टिकी है फिल्म की कहानी, बड़े पर्दे के बाद इस OTT प्लेटफॉर्म पर धमाल मचाएगी 'ये प्रेम मोल लिया'
आयुष्मान खुराना और शरवरी की रोमांटिक फैमिली ड्रामा फिल्म 'ये प्रेम मोल लिया' 27 नवंबर को थिएटर्स में रिलीज हो रही है. सूरज बड़जात्या के डायरेक्शन में बनी यह फिल्म सिनेमाघरों के बाद अमेजन प्राइम वीडियो पर स्ट्रीम होगी.
बॉलीवुड के मशहूर फिल्ममेकर सूरज बड़जात्या एक बार फिर बड़े पर्दे पर अपनी खास स्टाइल वाली रोमांटिक फैमिली ड्रामा फिल्म लेकर लौट रहे हैं. उनकी नई फिल्म 'ये प्रेम मोल लिया' में आयुष्मान खुराना और शरवरी की फ्रेश जोड़ी नजर आने वाली है. यह फिल्म 27 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है, लेकिन उससे पहले ही फिल्म के ओटीटी प्लेटफॉर्म को लेकर बड़ा अपडेट सामने आ गया है.
थिएटर्स में अपना सफर पूरा करने के बाद 'ये प्रेम मोल लिया' मशहूर स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म अमेजन प्राइम वीडियो पर रिलीज होगी. फिल्म के ऑफिशियल पोस्टर्स पर प्राइम वीडियो का नाम साफ तौर पर देखा जा सकता है. हालांकि, मेकर्स ने अभी तक इसकी ओटीटी रिलीज डेट का ऐलान नहीं किया है. आमतौर पर हिंदी फिल्में थिएट्रिकल रिलीज के 45 से 60 दिनों के बाद ओटीटी पर आती हैं. ऐसे में उम्मीद की जा रही है कि यह फिल्म भी इसी टाइमलाइन के आसपास ऑनलाइन स्ट्रीम हो सकती है, लेकिन पक्की तारीख के लिए फैंस को ऑफिशियल अनाउंसमेंट का इंतजार करना होगा.
'प्रेम' के किरदार में नजर आएंगे आयुष्मान
इस फिल्म में आयुष्मान खुराना 'प्रेम मिश्रा' का रोल निभा रहे हैं, जबकि शरवरी 'पूर्वा सोलंकी' के किरदार में दिखेंगी. 't2online' को दिए एक इंटरव्यू में आयुष्मान ने अपने किरदार के बारे में खुलकर बात की. उन्होंने कहा कि उनके और हर किसी के लिए प्रेम एक 'ग्रीन फ्लैग' है, जो अपने पार्टनर और परिवार से बेहद प्यार करता है. आयुष्मान ने इसे राजश्री प्रोडक्शन की अब तक की सबसे प्रोग्रेसिव फिल्म बताया है. साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि प्रेम का किरदार निभाना एक बड़ी जिम्मेदारी है और उनके मुताबिक सलमान खान सबसे आइडियल प्रेम रहे हैं. इससे पहले आयुष्मान को सारा अली खान के साथ फिल्म 'उड़ता तीर' में देखा गया था.
शादी की एक खास परंपरा पर बनी है कहानी
फिल्म के डायरेक्टर सूरज बड़जात्या ने भी इस कहानी के पीछे की दिलचस्प वजह शेयर की है. न्यूज एजेंसी एएनआई से बातचीत में उन्होंने बताया कि 'ये प्रेम मोल लिया' उस पारंपरिक वचन पर आधारित है, जो एक दूल्हा बारात लेकर दुल्हन के घर पहुंचने पर लेता है. राजस्थान और मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में दूल्हा दरवाजे पर लगे तोरण को अपनी तलवार से छूता है और यह वचन लेता है कि उस दिन से वह इस घर और परिवार की रक्षा की जिम्मेदारी लेगा. इसी कमिटमेंट के इर्द-गिर्द फिल्म की कहानी बुनी गई है.
हिमेश रेशमिया ने दिया था फिल्म का टाइटल
सूरज बड़जात्या ने आगे बताया कि जब म्यूजिक डायरेक्टर हिमेश रेशमिया ने उनसे पूछा कि फिल्म का टाइटल और टाइटल सॉन्ग क्या होना चाहिए, तो उन्होंने बताया कि इसका मेन आइडिया एक 'वचन' है. इस पर हिमेश ने 'वचन' शब्द को थोड़ा और म्यूजिकल बनाने का सुझाव दिया और यहीं से 'ये प्रेम मोल लिया' टाइटल निकलकर सामने आया. सूरज बड़जात्या ने इस शानदार टाइटल का पूरा क्रेडिट हिमेश रेशमिया को दिया है.
बजट और दमदार स्टारकास्ट
'ये प्रेम मोल लिया' को करीब 70 करोड़ रुपये के बजट में तैयार किया गया है, हालांकि मेकर्स ने इस पर कोई आधिकारिक मुहर नहीं लगाई है और जी न्यूज भी इसके दावे और प्रमाणिकता पर पुष्टि नहीं करता है. फिल्म में आयुष्मान और शरवरी के अलावा अनुपम खेर, शाद रंधावा, सुप्रिया पाठक, सीमा पाहवा, स्वानंद किरकिरे और सौम्या टंडन जैसे बेहतरीन कलाकार भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे.