)
Nayyi Navelli Trailer: बॉलीवुड एक्ट्रेस यामी गौतम धर की मोस्ट अवेटेड फिल्म ‘नई नवेली’ का धमाकेदार ट्रेलर आखिरकार 30 सितंबर को रिलीज हो गया है. ट्रेलर में एक आदर्श बहू की एंट्री से लेकर एक अतरंगी परिवार के ड्रामे और एक रहस्यमयी राज की झलक देखने को मिलती है. कॉमेडी, फैंटेसी, इमोशन और एक्शन से भरपूर यह फिल्म दशहरे से ठीक पहले 16 अक्टूबर 2026 को सिनेमाघरों में दस्तक देने के लिए पूरी तरह तैयार है. फिल्म में यामी गौतम 'मोहिनी' नाम की एक नई नवेली बहू के मुख्य किरदार में नजर आ रही हैं.
‘नई नवेली’ की कहानी मेरठ की बैकग्राउंड पर सेट की गई है और इसे भारत की अपनी 'फैंटेसी फैमिली एंटरटेनर' के तौर पर पेश किया जा रहा है. ट्रेलर की शुरुआत एक आम भारतीय परिवार के माहौल और शादी की रस्मों से होती है, जो धीरे-धीरे एक ऐसे अनोखे और काल्पनिक मोड़ पर पहुंचती है, जिसकी किसी ने कल्पना नहीं की होगी. फिल्म का निर्देशन बालाजी मोहन ने किया है, जबकि कहानी हिमांशु शर्मा और दिव्य निधि शर्मा ने लिखी है. आनंद एल. राय और हिमांशु शर्मा इसके प्रोड्यूसर हैं और संगीत की जिम्मेदारी जी.वी. प्रकाश कुमार ने संभाली है.
एक्ट्रेस यामी गौतम धर ने अपने किरदार के बारे में बात करते हुए कहा कि मोहिनी का रोल इसलिए खास है क्योंकि उसमें एक साधारण आम जिंदगी का अपनापन तो है ही, साथ ही उसके अंदर एक गहरा राज भी छिपा है. वहीं, निर्देशक बालाजी मोहन ने बताया कि फिल्म का पारिवारिक माहौल और कॉमेडी दर्शकों को हैरान करने के साथ-साथ बड़े स्तर का मनोरंजन देगा. यामी ने निर्देशक बालाजी मोहन, आनंद एल. राय, कलर येलो और अमेजन एमजीएम स्टूडियोज के साथ काम करने के अनुभव को बेहद शानदार बताया.
वहीं, इस मौके पर फिल्म के निर्देशक बालाजी मोहन ने कहा, 'सच कहूं तो ‘नई नवेली’ मेरे लिए इसलिए खास है क्योंकि इसकी शुरुआत एक ऐसे परिवार से होती है जो बिल्कुल अपना-सा लगता है, जिसमें वो तमाम नोक-झोंक, अपनी राय और अजीबोगरीब पागलपन हैं, जो हर घर में देखने को मिलता है. लेकिन फिर यह कहानी सोच से परे एक ऐसा मोड़ लेती है, जो दर्शकों के चेहरे पर मुस्कान लाकर उन्हें हैरान कर देगी. फिल्म में एक से बढ़कर एक बेहतरीन कलाकार हैं और सबने अपनी अनोखी अदाकारी से अपने-अपने किरदार में जान डाल दिया है, जबकि मोहिनी के किरदार में यामी का अपनापन, रहस्यमयी अंदाज और चुलबुलापन दर्शकों का दिल जीत लेगा. हमने घर-परिवार की इन जानी-पहचानी बातों को बड़े ही भव्य और अनोखे रूप में पेश किया है, साथ ही कॉमेडी का तड़का शुरू से आखिर तक बरकरार रखा है. मुझे बेहद खुशी है और उस लम्हे का बेसब्री से इंतजार है, जब दर्शक इस बार दशहरे के मौके पर मेरी पहली फिल्म और इस शानदार, काल्पनिक दुनिया का बड़े पर्दे पर आनंद लेंगे.'
सोशल मीडिया पर 'नई नवेली' के ट्रेलर को दर्शकों से जबरदस्त रिस्पॉन्स मिल रहा है. एक यूजर ने यामी गौतम की तारीफ में उन्हें 'वन मैन आर्मी' लिखा, तो किसी ने कमेंट किया, 'इतनी सुंदर डायन.' कई दर्शकों ने इसे 'सॉलिड ट्रेलर' बताते हुए फर्स्ट डे फर्स्ट शो देखने की बात कही है. ट्रेलर से साफ है कि यह फिल्म एक आम परिवार की कहानी से शुरू होकर दर्शकों को एक अनोखी और काल्पनिक दुनिया की सैर कराएगी.