SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

Nana Patekar Last Rites: सूरज ढलने के बाद क्यों हुआ नाना पाटेकर का अंतिम संस्कार? बेटे मल्हार ने बताई बड़ी वजह

बॉलीवुड के दिग्गज नाना पाटेकर का 75 वर्ष की उम्र में कार्डियक अरेस्ट से गुरुवार को निधन हो गया. सूर्यास्त के बाद उनका अंतिम संस्कार क्यों किया गया, इस पर उनके बेटे मल्हार पाटेकर ने बड़ी वजह बताई है.

Written By Alkesh Kushwaha
Published: Oct 09, 2026, 06:54 AM IST | Updated: Oct 09, 2026, 07:30 AM IST
Image Credit: नाना पाटेकर का सूर्यास्त के बाद उनका अंतिम संस्कार क्यों किया गया, बेटे मल्हार ने बताई पूरी बात (AI Image)
Join

बॉलीवुड के दिग्गज एक्टर नाना पाटेकर अब हमारे बीच नहीं रहे. 75 साल की उम्र में कार्डियक अरेस्ट की वजह से उनका निधन हो गया. लेकिन उनके अंतिम संस्कार को लेकर फैंस के मन में एक बड़ा सवाल था. आमतौर पर हिंदू परंपराओं के मुताबिक सूर्यास्त यानी सूरज ढलने के बाद अंतिम संस्कार नहीं किया जाता है. लेकिन नाना पाटेकर का अंतिम संस्कार रात के समय किया गया. अब उनके बेटे मल्हार पाटेकर ने मीडिया के सामने आकर इसकी पूरी वजह बताई है.

नाना पाटेकर के बेटे मल्हार पाटेकर ने अंतिम संस्कार के बाद मीडिया से बात की. उन्होंने बताया कि नाना पाटेकर का निधन गोवा में सुबह तड़के हुआ था. इसके बाद उनके पार्थिव शरीर को गोवा से पुणे जिले के डोंजे गांव स्थित फार्महाउस लाना था. यात्रा काफी लंबी थी और इस सफर में उम्मीद से ज्यादा वक्त लग गया. मल्हार ने बताया कि निधन को काफी घंटे बीत चुके थे. इतने लंबे समय तक पार्थिव शरीर को रखना सही नहीं था. इसी वजह से परिवार को मजबूरी में सूर्यास्त के बाद अंतिम संस्कार का फैसला लेना पड़ा.

राजकीय सम्मान और 3-गन सलूट के साथ अंतिम विदाई

पुणे के डोंजे गांव वाले फार्महाउस पर गुरुवार को नाना पाटेकर का अंतिम संस्कार किया गया. महाराष्ट्र सरकार की ओर से उन्हें पूरे राजकीय सम्मान के साथ विदाई दी गई. पुलिस जवानों ने 3-गन सलूट देकर इस महान कलाकार को श्रद्धांजलि दी. इस दौरान डोंजे गांव में अपने चहेते एक्टर की आखिरी झलक पाने के लिए हजारों लोगों की भीड़ जमा हो गई थी. महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने पुणे एयरपोर्ट पर पहुंचकर नाना पाटेकर को श्रद्धांजलि दी. इसके अलावा उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे खुद उनके फार्महाउस पहुंचे और परिवार को सांत्वना दी.

 

 

पिता का अधूरा सपना पूरा करेगा बेटा मल्हार

नाना पाटेकर सिर्फ एक बेहतरीन एक्टर ही नहीं थे बल्कि एक बहुत बड़े समाजसेवक भी थे. उन्होंने नाम फाउंडेशन के जरिए महाराष्ट्र के किसानों और जरूरतमंदों की बहुत मदद की थी. बेटे मल्हार ने कहा कि नाना पाटेकर जैसे लोग कभी मरते नहीं हैं. वे अपने काम के जरिए हमेशा अमर रहते हैं. उन्होंने बताया कि उनके पिता ने समाज सेवा की जिम्मेदारियां पहले ही सही लोगों को सौंप दी थीं. मल्हार ने वादा किया कि उनके पिता के जो भी सपने अधूरे रह गए हैं उन्हें वह हर हाल में पूरा करेंगे.

गोवा पुलिस ने दर्ज की 'अप्राकृतिक मौत' की FIR

गोवा पुलिस ने दिग्गज अभिनेता नाना पाटेकर के निधन के मामले में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 194 के तहत मेडिको-लीगल 'अप्राकृतिक मौत' का मामला दर्ज किया है, जिसकी जांच PSI नितिन नाइक द्वारा की जा रही है. डोना पाउला स्थित उनके आवास से मणिपाल अस्पताल लाए जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें 'ब्रॉट डेड' घोषित कर दिया था. पुलिस मौत के सही कारणों का पता लगाने के लिए इनक्वेस्ट जांच (शव की पंचनामा पड़ताल), गोवा मेडिकल कॉलेज (GMC) में पोस्टमार्टम और परिजनों व अन्य संबंधित लोगों के बयान दर्ज करने की प्रक्रिया पूरी कर रही है. फिलहाल पुलिस मौत की परिस्थितियों की विस्तृत जांच में जुटी है, जिसके तहत यदि मौत प्राकृतिक पाई जाती है तो केस बंद कर दिया जाएगा, वहीं किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या संदिग्ध परिस्थिति सामने आने पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

 

 

बॉलीवुड सितारों ने दी भावुक श्रद्धांजलि

नाना पाटेकर के जाने से पूरा बॉलीवुड और देश सदमे में है. उनके अंतिम संस्कार में जैकी श्रॉफ, डायरेक्टर अनिल शर्मा, अनीस बज्मी और प्रोड्यूसर फिरोज नाडियाडवाला जैसे बड़े नाम पहुंचे. सोशल मीडिया पर भी बॉलीवुड सितारों ने अपना दुख जाहिर किया. सलमान खान ने इंस्टाग्राम पर लिखा 'नाना... रेस्ट इन पीस भाऊ'. अजय देवगन ने फिल्म अपहरण का एक सीन शेयर करते हुए लिखा कि नाना की एक्टिंग और उनकी मौजूदगी का कोई मुकाबला नहीं था. साउथ के सुपरस्टार कमल हासन ने भी कारगिल युद्ध और किसानों के लिए नाना के काम को याद करते हुए श्रद्धांजलि दी.

गोवा में क्या हुआ था उस सुबह?

नाना पाटेकर गोवा में थे जब उन्हें अचानक सीने में दर्द हुआ. उन्हें तुरंत पास के अस्पताल ले जाया गया. डॉक्टरों ने करीब 45 मिनट तक सीपीआर दिया और उन्हें बचाने की हर संभव कोशिश की. लेकिन दुर्भाग्य से डॉक्टरों की सारी कोशिशें नाकाम रहीं और उन्हें मृत घोषित कर दिया गया. नाना पाटेकर भले ही आज हमारे बीच नहीं हैं लेकिन उनकी फिल्में और उनका सोशल वर्क हमेशा लोगों के दिलों में जिंदा रहेगा.

(इनपुट आईएएनएस से भी)
 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

अल्केश कुशवाहा एक वरिष्ठ डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें प्रिंट और डिजिटल मीडिया में 14 वर्षों से अधिक का गहन अनुभव है. वर्तमान में वे जी न्यूज हिंदी में चीफ सब-एडिटर के रूप में बॉलीवुड-वायरल सेक्शन संभाल रहे हैं. अल्केश की मुख्य विशेषज्ञता बॉलीवुड, एंटरटेनमेंट, वायरल सिनेमा ट्रेंड्स और सेलिब्रिटी एक्सक्लूसिव्स में है. साल 2012 में अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत करने वाले अल्केश ने दैनिक भास्कर, हिन्दुस्तान टाइम्स, राजस्थान पत्रिका और NDTV जैसे देश के अग्रिम मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं. अल्केश ने अपने करियर में अर्जुन रामपाल, ऋचा चड्ढा और राजपाल यादव जैसी कई दिग्गज बॉलीवुड हस्तियों के एक्सक्लूसिव इंटरव्यूज किए हैं. फिल्म रिव्यू, बॉक्स ऑफिस एनालिसिस, सेलिब्रिटी गॉसिप्स और एंटरटेनमेंट ट्रेंड्स का इन-डेप्थ डेटा एनालिसिस करना उनका मजबूत पक्ष है. वे पाठकों तक बॉलीवुड जगत की हर छोटी-बड़ी खबर सटीक, निष्पक्ष और विश्लेषणात्मक तरीके से पहुंचाते हैं. आप अल्केश कुशवाहा से सीधे alkesh.kushwaha@zeemedia.com पर संपर्क कर सकते हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES