पहले रामायण को बताया था ऑस्कर का दावेदार, अब तारीफ वापस लेकर क्यों निराश हुए टीवी के 'श्री कृष्ण'?
'महाभारत' में भगवान कृष्ण का किरदार निभाने वाले नीतीश भारद्वाज ने नितेश तिवारी की 'रामायण' को लेकर अपना रुख बदल लिया है. पहले उन्होंने फिल्म को ऑस्कर का दावेदार बताया था, लेकिन अब वह इससे बेहद निराश हैं और अपनी पुरानी तारीफ भी वापस ले ली है.
बीआर चोपड़ा के 1988 के मशहूर टीवी सीरियल 'महाभारत' में भगवान कृष्ण का किरदार निभाने के लिए जाने जाने वाले एक्टर नीतीश भारद्वाज ने रणबीर कपूर की फिल्म 'रामायण' पर अपनी शुरुआती रिएक्शन से यू-टर्न ले लिया है. नीतीश ने पहले 'रामायण' के ट्रेलर की तारीफ की थी और कहा था कि यह ऑस्कर जीत सकती है. हालांकि, फिल्म देखने के बाद नीतीश ने निराशा जताई है.
उन्होंने फिल्म मेकर्स पर आरोप लगाया है कि उन्होंने रावण (जिसका किरदार यश ने निभाया है) को जिस तरह से दिखाया है, उससे इस महाकाव्य के नैतिक ढांचे को ही बदल दिया गया है. उन्होंने यह भी कहा कि यह फिल्म भारत की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत को गलत तरीके से पेश करती है. एक्टर ने मंगलवार को इंस्टाग्राम पर एक तीखी पोस्ट लिखकर अपनी आलोचना जाहिर की. उन्होंने यह भी घोषणा की कि वे नितेश तिवारी द्वारा निर्देशित इस फिल्म के लिए अपनी पहले की गई तारीफ को वापस ले रहे हैं.
नीतीश भारद्वाज ने 'रामायण' पर उठाए सवाल
अपनी पोस्ट में नीतीश भारद्वाज ने बताया कि रामायण केवल एक कहानी नहीं है, बल्कि भारत की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक पहचान का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है. उन्होंने तर्क दिया कि इस महाकाव्य के मुख्य संदेश को प्रभावित किए बिना इसके पात्रों और उनके महत्व को नए सिरे से परिभाषित नहीं किया जा सकता. फिल्म में रावण को एक उदार और सामाजिक न्याय करने वाले शासक के रूप में दिखाए जाने पर एक्टर ने कहा कि इस तरह की व्याख्या मूल कथा के नैतिक ढांचे को ही बदल देती है.
'आपको शर्म आनी चाहिए', सीता को लड़ते देख भड़के मुकेश खन्ना; रामायण मेकर्स को लगाई फटकार
उन्होंने इंस्टाग्राम पर लिखा, 'रामायण केवल एक कहानी नहीं है. यह सनातन भारत की सभ्यतागत और आध्यात्मिक चेतना में गहराई से रची-बसी है. इसके नायक, नायिका और खलनायक इस महाकाव्य के मूल्यों और मौसेज का अभिन्न हिस्सा हैं. उनके चरित्र और महत्व को यूं ही मनमाने ढंग से नहीं बदला जा सकता. भगवान विष्णु ने धर्म और परंपरा की रक्षा करने तथा मर्यादा स्थापित करने के लिए राम का अवतार लिया था. मेरी नजर में रावण को एक अत्यंत उदार, सामाजिक न्याय के पक्षधर और निष्पक्ष व्यक्ति के रूप में दिखाकर रामायण के नैतिक ढांचे को बदला है और अवतार लेने के मूल उद्देश्य को ही कमजोर कर दिया.'
VFX का दिखावा कभी भी मूल मूल्यों की जगह नहीं ले सकता
नीतीश भारद्वाज ने इस बात के लिए भी फिल्म की आलोचना की कि इसमें महाकाव्य के दार्शनिक और आध्यात्मिक पहलुओं के बजाय दृश्यों के दिखावे को ज्यादा अहमियत दी गई है. उनका मानना है कि तकनीकी उत्कृष्टता और शानदार विजुअल इफेक्ट्स, मूल कथा के मुख्य मूल्यों से भटकाव की भरपाई नहीं कर सकते. अभिनेता ने कहा कि वे इस फिल्म से बेहद निराश हैं और उन्होंने सवाल उठाया कि क्या यह फिल्म अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारतीय सिनेमा का प्रतिनिधित्व करने के लायक है.
उन्होंने लिखा, 'मैं इस फिल्म से बेहद परेशान और निराश हूं. मैं इसे लेकर की गई अपनी पिछली पोस्ट वापस लेता हूं. मुझे इसके बारे में कहने के लिए एक भी अच्छी बात नहीं मिल रही है. केवल शानदार VFX का प्रदर्शन, इस महाकाव्य के मूल मूल्यों, दार्शनिक गहराई और आध्यात्मिक सार की जगह कभी नहीं ले सकता. मेरी राय में यह फिल्म अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारतीय सिनेमा का प्रतिनिधित्व करने के लायक नहीं है, क्योंकि इसकी कहानी भारत के इतिहास, विरासत और मुख्य आध्यात्मिक मूल्यों को गलत तरीके से पेश करती है.'
ऑस्कर मिलने कि जताई थी उम्मीद
नीतीश भारद्वाज की हालिया रिएक्शन इसलिए भी खास है, क्योंकि वे उन मशहूर हस्तियों में शामिल थे जिन्होंने फिल्म के ट्रेलर की तारीफ की थी. अपने पिछले सोशल मीडिया पोस्ट पर अभिनेता ने फिल्म के बड़े पैमाने इसके विजुअल इफेक्ट्स (VFX) और संगीतकार हंस जिमर और एआर रहमान के बीच हुए सहयोग की सराहना की थी. उन्होंने तो यहां तक भविष्यवाणी कर दी थी कि यह फिल्म 'बेस्ट फॉरेन फिल्म' (सर्वश्रेष्ठ विदेशी फिल्म) की श्रेणी में ऑस्कर जीतेगी.
रणबीर कपूर को बड़े पर्दे पर एक्टिंग करते नहीं देख पाएंगे फैंस? डायरेक्शन की दुनिया में रखेंगे कदम; एक्टर ने बताया अपना प्लान
उन्होंने लिखा था, 'बेस्ट फॉरेन फिल्म के लिए 100% ऑस्कर. सत्यजीत रे और शेखर कपूर के बाद नितेश तिवारी विश्व सिनेमा के लिए भारत की अगली सौगात हैं. प्रोडक्शन डिजाइन और सिनेमैटोग्राफी (DOP) के लिए ढेरों पुरस्कार मिलेंगे. VFX और AI का इस्तेमाल करके एक शानदार दौर को पर्दे पर उतारा गया है. भारतीय सिनेमा के साथ जुड़ने के लिए महान संगीतकार हंस जिमर का धन्यवाद. रणबीर अब रणवीर के बराबर आ गए हैं. ये दोनों आने वाले समय के दो ऐसे धुरंधर हैं जिन्हें हराना नामुमकिन है. यश ग्लोबल सिनेमा में आपका स्वागत है.'
रामायण का बॉक्स ऑफिस कलेक्शन
इस बीच 'रामायण' दुनिया भर के बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन कर रही है. फिल्म ने अपने पहले पांच दिनों में वर्ल्डवाइड 673.90 करोड़ रुपये की कमाई की है. इसमें भारत से 413.90 करोड़ रुपये और विदेशी बाजारों से 260 करोड़ रुपये का योगदान शामिल है. भारत में इसका नेट कलेक्शन 346.35 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है.
फिल्म की घरेलू कमाई में हिंदी संस्करण का सबसे बड़ा योगदान है, जिसका नेट कलेक्शन 260 करोड़ रुपये रहा है. कन्नड़ वर्जन ने 33.45 करोड़ रुपये, तेलुगु ने 29 करोड़ रुपये, तमिल ने 13.75 करोड़ रुपये और मलयालम ने 10.15 करोड़ रुपये की कमाई की है. फिल्म की विदेशी कमाई इसके कुल वैश्विक कलेक्शन का लगभग 38.6% है.