SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

शाहरुख खान की हाजिरजवाबी के वो दिन; जब उनके इंटरव्यू बन जाते थे एंटरटेनमेंट का डोज, आज के फैंस क्यों मिस करते हैं?

शाहरुख खान सिर्फ अपनी फिल्मों और रोमांस ही नहीं, बल्कि अपनी हाजिरजवाबी के लिए भी मशहूर रहे हैं. उनके पुराने इंटरव्यू में बेबाकी, मजाक और गहरी बातें देखने को मिलती थीं. आज भी फैंस उनके उस अंदाज और इंटरव्यू के सुनहरे दौर को याद करते हैं.

Written By Swati Singh
Published: Nov 02, 2026, 02:41 PM IST | Updated: Nov 02, 2026, 03:34 PM IST
Image Credit: AI
Join

आज से लगभग आठ साल पहले तक शाहरुख खान की कोई फिल्म रिलीज होने वाली होती थी, तो उनके फैंस के बीच एक अलग ही उत्साह होता था. ऐसा सिर्फ इसलिए नहीं था कि उन्हें बड़े पर्दे पर देखने का मौका मिलेगा, बल्कि इसलिए था कि उनके कई ऐसे इंटरव्यू आते थे. ये इंटरव्यू काफी मजेदार, हाजिरजवाबी से भरे और डीप मीनिंग वाले होते थे. अपनी हाजिरजवाबी के लिए मशहूर शाहरुख खान के लिए ब्रांड खुद सामने आते थे. आज साल 2026 में जब तस्वीर बदल चुकी हैं, फिर भी एक्टर मार्केटिंग का एक जीनियस बने हुए हैं. 

भले ही 2018 के बाद से उन्होंने शायद ही कोई इंटरव्यू दिया हो. लेकिन इसमें खास बात यह है कि पहले जहां वह लगातार इंटरव्यू देकर अपनी फिल्मों का माहौल बनाते थे, वहीं अब मीडिया से दूरी भी चर्चा का विषय बन जाती है. लेकिन आज भी फैंस को उनकी इंटरव्यू में गैरमौजूदगी पुराने दौर की याद दिलाती है.

शाहरुख खान की बातचीत करने की कला

'शाहरुख खान: लीजेंड, आइकॉन स्टार' की राइटर मोहर बसु ने भी किंग खान के इंटरव्यू को लेकर बात की है. वो कहती हैं, 'शाहरुख खान ने अपने करियर में इतने इंटरव्यू दिए हैं कि उनकी कभी कोई कमी नहीं होगी. हर मूड के हिसाब से शाहरुख खान का कोई न कोई बेहतरीन इंटरव्यू मौजूद है जिसे आप दोबारा देख सकते हैं.' उनकी यह बात बिल्कुल सच है. अगर आप शाहरुख खान का कोई ऐसा इंटरव्यू देखना चाहते हैं, जिसमें वे गहराई से बातें कर रहे हों, तो 'तहलका' के साथ उनका 2012 का इंटरव्यू देख सकते हैं.

ऐश्वर्या राय को देखकर दुनिया ने बदला भारतीय महिलाओं को देखने का नजरिया, आखिर कैसे बनीं ग्लोबल आइकॉन?

वहीं, अगर आप कुछ ज्यादा पर्सनल या दिल के करीब वाली बातचीत देखना चाहते हैं, तो 'माई नेक्स्ट गेस्ट विद डेविड लेटरमैन' (2019) मौजूद है. अगर आप उन्हें उनके सबसे चुलबुले और शरारती अंदाज में देखना चाहते हैं, तो 'कॉफी विद करण' के उनके 'रैपिड फायर' राउंड देख सकते हैं. और अगर आप उन्हें सबसे ज्यादा हाजिरजवाब और एकदम बेबाक अंदाज में देखना चाहते हैं, तो AIB के साथ उनका 2017 का दो-पार्ट वाला पॉडकास्ट देख सकते हैं. उस पॉडकास्ट के दौरान शाहरुख खान ने मजाकिया अंदाज में बताया था कि उन्हें पता है कि उन्हें अपने हर मीडिया अपीयरेंस के लिए कैसे दिखना है. चाहे वह मैडम तुसाद में अपने मोम के पुतले के साथ पोज देना हो, सिमी गरेवाल के शो 'रेंडेवू' में उनके साथ बातचीत करना हो या फिर 'AIB' के लिए अपनी लाइब्रेरी के सोफे पर आराम से बैठना हो.

2012 से 2016 तक उनके ग्लोबल पब्लिसिस्ट रहीं मांडवी शर्मा कहती हैं, 'वे सिर्फ सवालों के जवाब नहीं देते, बल्कि उनमें पूरी तरह शामिल हो जाते हैं. वे एक पल में आपको हंसा सकते हैं. अगले ही पल आपको सोचने पर मजबूर कर सकते हैं और फिर कुछ बहुत ही निजी बात बताकर आपको हैरान भी कर सकते हैं.'

'लेहरेन रेट्रो' आज भी मौजूद है इंटरव्यू 

अगर आप शाहरुख खान के सबसे बेबाक और मस्तमौला अंदाज में देखना चाहते हैं, तो 1990 के दशक के उनके कुछ टीवी इंटरव्यू देखने लायक है. ये इंटरव्यू 'लेहरेन रेट्रो' पर मौजूद हैं. फिल्म समीक्षक अनुपमा चोपड़ा को किंग खान का यही अंदाज पसंद था. उन्होंने शाहरुख का इंटरव्यू फिल्म के सेट से शुरू किया था और बाद में उन पर 'किंग ऑफ बॉलीवुड' (2007) नाम की किताब भी लिखी. इंडियन एक्सप्रेस से बातचीत करते हुए अनुपमा कहती हैं, 'उस समय हर मिनट कुछ न कुछ ऐसा कहा जाता था जिसे कोट किया जा सके. मैंने पहली बार उनका इंटरव्यू 'राम जाने'के सेट पर लिया था, और तब भी वे बहुत मजेदार थे. वे कुछ ऐसा कहते थे, जैसे-लोग कहते हैं कि मेरे पास सिर्फ पांच एक्सप्रेशन हैं. खैर, यह तो अच्छी बात है, क्योंकि बाकी लोगों के पास तो सिर्फ तीन ही हैं!' उनकी यह बात सुनकर अनुपमा भी अपनी हंसी नहीं रोक पाई थीं. अनुपमा ने नौ साल पहले लिए इस इंटरव्यू को सबसे यादगार बताया है.

इस दौरान अनुपमा ने कहा, 'बांद्रा के महबूब स्टूडियो में आधी रात के बाद का समय था. 'जब हैरी मेट सेजल’ के प्रोमोशन के लिए शाहरुख खान और अनुष्का शर्मा थे. उस समय एक आवारा कुत्ता अपने भौंकने से इंटरव्यू में रुकावट डाल रहा था. और फिर एक ऐसा पल आया जब शाहरुख ने भी कुत्ते की तरह उसे जवाब में भौंक दिया! यह बहुत मजेदार था.' इससे एक साल पहले वह पुर्तगाल के लिस्बन भी गई थीं, जहां इम्तियाज अली की रोमांटिक कॉमेडी की शूटिंग के दौरान उन्होंने एक दिन शाहरुख को फॉलो किया था. वह कहती हैं, 'लिस्बन में भी कुछ फैंस ने उन्हें पहचान लिया और फोटो खिंचवाने के लिए उनके पास आ गए! हमने पूरे दिन बात की. लेकिन ऐसा लगा जैसे हम 24 घंटे और बात कर सकते थे.'

जब शाहरुख खान ने किया इंटरव्यू देना बंद करने का फैसला

अनुपमा याद करती हैं कि एक वक्त था, जब वह शाहरुख को फोन करके बात कर सकती थीं. लेकिन तब शाहरुख उनसे फोन रखने के लिए कहते थे, वह कहीं न कहीं लोगों की भीड़ से घिर जाते थे. लेकिन अब PR मशीनरी का बोलबाला है. सोशल मीडिया की पैनी नजर सेलिब्रिटीज की जिंदगी पर हावी है और ऑनलाइन कंटेंट की भरमार हो गई है. ऐसे में अपनी पीढ़ी के ज्यादातर सितारों की तरह शाहरुख खान ने भी इंटरव्यू देना बंद कर दिया है.

विदेश में कभी-कभार दिए गए कुछ इंटरव्यू को छोड़ दें, तो उनका आखिरी इंटरव्यू शायद डेविड लेटरमैन के साथ था. एंटरटेनमेंट जर्नलिस्ट मोहर कहती हैं, 'यह बहुत अजीब दौर है, जहां लगभग हर एक्टर या फिल्ममेकर बहुत संभलकर और पहले से तैयारी करके बात करता है. लोग पहले से ही सवाल मांग लेते हैं. ऐसे माहौल में मुझे इसका कोई मतलब समझ नहीं आता.'

अंडरवर्ल्ड के डर ने तोड़ दी पहली शादी, फिर हुआ तलाक और उसके बाद दोबारा कैसे अनु के प्यार में पड़ गए संजय गुप्ता?

साल 2004 में शाहरुख खान की जिंदगी पर बनी डॉक्यूमेंट्री बनाने वालीं नसरीन मुन्नी कबीर कहती हैं कि अगर वह शाहरुख की जगह होतीं, तो शायद इंटरव्यू देने से दूरी बनाना ही पसंद करतीं. वो कहती हैं, 'पहले के मुकाबले आज के मीडिया का दायरा बढ़ गया है. पहले जहां कुछ चुनिंदा पत्रकार ही थे, वहीं अब ऐसे पत्रकारों की संख्या कम से कम 55 हो गई है. ऐसे में अगर शाहरुख कुछ लोगों को इंटरव्यू देते और बाकी को नहीं, तो यह दूसरों के साथ भेदभाव जैसा लग सकता था. इसलिए वह भी किसी को इंटरव्यू देने के बजाय सभी से दूरी बनाना बेहतर समझतीं.'

हालांकि, शाहरुख सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपने खास सेशन #AskSRK के जरिए सीधे फैंस से बातचीत करते हैं. इन सेशन में फैंस उनसे तरह-तरह के सवाल पूछते हैं और शाहरुख अपने जाने-पहचाने मजाकिया अंदाज में जवाब देते हैं. उनके कई जवाब सोशल मीडिया पर वायरल हो जाते हैं. यानी इंटरव्यू से दूरी बनाने के बावजूद शाहरुख की हाजिरजवाबी और फैंस से जुड़ने का उनका अंदाज आज भी पहले जैसा ही है.

शाहरुख खान फिर से इंटरव्यू कब देंगे?

अपनी पहचान पहले ही बना चुके शाहरुख खान ने माना है कि उनके पास अब कहने के लिए कुछ नया नहीं है. हालांकि, साल 2023 में एक न्यूज चैनल द्वारा 'इंडियन ऑफ द ईयर' अवार्ड से सम्मानित किए जाने के दौरान उन्होंने कुछ साल पहले आई एक निजी मुश्किल का जिक्र किया. उन्होंने बताया था कि इससे उन्हें एक सबक मिला है कि शांत रहें, बिल्कुल शांत रहें और पूरी गरिमा के साथ कड़ी मेहनत करें.' ये उस वक्त उनके बेटे की हिरासत को लेकर ही इशारा था. बता दें कि जिस तरह उस साल शाहरुख खान ने सिद्धार्थ आनंद की स्पाई थ्रिलर 'पठान' और एटली की एक्शन थ्रिलर 'जवान' की लगातार बॉक्स-ऑफिस सफलताओं के साथ वापसी की. उसी तरह पिछले साल आर्यन खान ने भी नेटफ्लिक्स इंडिया पर 'द बास्टर्ड्स ऑफ बॉलीवुड' के साथ एक यादगार निर्देशन डेब्यू करके शानदार वापसी की.

हालांकि, आर्यन पैपराजी से बचना उनकी पर्सनल चॉइस हो सकती है. लेकिन शाहरुख खान का इंटरव्यू न देना एक सोचा-समझा फैसला है. उनके इंटरव्यू ने 'ब्रांड SRK' को पहचान दिलाने में बड़ी भूमिका निभाई है. इसके बावजूद उनके फैंस ने उस दौर में भी उनका साथ नहीं छोड़ा. आज शाहरुख अपना जन्मदिन मनाने पर होने वाले सालाना फैन इवेंट में भी शामिल नहीं होते. वहीं, 24 दिसंबर को रिलीज होने वाली सिद्धार्थ आनंद की एक्शन फिल्म 'किंग' के प्रमोशन के दौरान भी वह शायद सिर्फ #AskSRK सेशन के जरिए ही फैंस से बातचीत करें. हालांकि, उनके दोबारा लंबे इंटरव्यू देने की उम्मीद अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुई है.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

स्वाति सिंह एक वरिष्ठ डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें न्यूज़ मीडिया में 9 वर्षों से अधिक का अनुभव है. वर्तमान में वह Zee News Hindi की डिजिटल टीम के एंटरटेनमेंट (मनोरंजन) सेक्शन में काम कर रही हैं. स्वाति की एक्सपर्टीज बॉलीवुड न्यूज़, सिनेमा, एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री के ट्रेंड्स और सेलेब्स की इन-डेप्थ रिपोर्टिंग में है.अपने करियर के दौरान स्वाति ने आयुष्मान खुराना, नीना गुप्ता, गजराज राव और ध्वनि भानुशाली जैसी कई जानी-मानी बॉलीवुड और म्यूजिक इंडस्ट्री की हस्तियों के एक्सक्लूसिव इंटरव्यू किए हैं. Zee News से पहले उन्होंने अमर उजाला, लाइव हिंदुस्तान और लोकमत जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में भी अहम जिम्मेदारियां निभाई हैं, जहां काम के लिए उन्हें सम्मानित भी किया गया है.माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय (MCU) से मास कम्युनिकेशन और सुरेश ज्ञान विहार यूनिवर्सिटी से बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन (MBA) की डिग्री हासिल करने वाली स्वाति, मनोरंजन जगत की खबरों को पाठकों तक रोचक और सटीक ढंग से पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं.आप स्वाति सिंह से swati.kumari@india.com पर सीधे ईमेल के जरिए संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा आप उनसे एक्स (ट्विटर), इंस्टाग्राम और लिंक्डइन पर भी कनेक्ट कर सकते हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES