Ed शिरीन के खिलाफ क्यों भड़का ग्लोबल गुस्सा? मैकलेमोर को टूर से हटाने पर मचा बवाल; जानें पूरा विवाद
एड शिरीन इन दिनों ग्लोबल बैकलैश का सामना कर रहे हैं. मैकलेमोर से जुड़े विवाद के बीच सिंगर को लेकर सोशल मीडिया पर बहस तेज हो गई है.
ब्रिटिश सिंगर एड शिरीन इन दिनों दुनियाभर में चर्चा में हैं, लेकिन इस बार वजह उनका संगीत नहीं बल्कि एक विवाद है. एड को रैपर मैकलेमोर को अपने 'Loop Tour' के अमेरिकी हिस्से से हटाए जाने के बाद आलोचनाओं का सामना करना पड़ रहा है. दरअसल, न्यू जर्सी में टूर के ओपनिंग शो के दौरान मैकलेमोर ने फिलिस्तीन के समर्थन में बयान दिए थे. इसके बाद उन्हें टूर से हटाने का फैसला चर्चा में आ गया. इस पूरे मामले ने सोशल मीडिया से लेकर म्यूजिक इंडस्ट्री तक कई सवाल खड़े कर दिए हैं.
लोग अब अभिव्यक्ति की आजादी, इजरायल-फिलिस्तीन संघर्ष और बड़े म्यूजिक इवेंट्स में कलाकारों की जिम्मेदारी जैसे मुद्दों पर बहस कर रहे हैं. आखिर मैकलेमोर के बयान के बाद क्या हुआ और एड शिरीन को इस फैसले के लिए क्यों आलोचना झेलनी पड़ रही है? आइए समझते हैं पूरा मामला
मैकलमोर ने ED शिरीन के कॉन्सर्ट में क्या कहा?
यह विवाद इसी साल 4 सितंबर को शुरू हुआ, जब मैकलमोर ने न्यू जर्सी के मेटलाइफ स्टेडियम में शिरीन के लिए ओपनिंग एक्ट के तौर पर परफ़ॉर्म किया. अपने परफ़ॉर्मेंस के दौरान मैकलमोर ने गाज़ा के हालात पर बात की और बार-बार फ़िलिस्तीन के लिए अपना समर्थन जताया. उन्होंने अपना गाना 'हिंद्स हॉल' गाया, जो 2024 में पांच साल की फ़िलिस्तीनी बच्ची हिंद रजब की हत्या और कोलंबिया यूनिवर्सिटी में फ़िलिस्तीन-समर्थक विरोध प्रदर्शनों से प्रेरित था.
उन्होंने कहा, 'फ़िलिस्तीन को आजाद करो. मैं कहता हूं लेबनान को आज़ाद करो. क्यूबा से लेकर कांगो, सूडान और ईरान तक सबको आज़ाद करो.' उन्होंने यह भी कहा कि गाजा और कब्ज़े वाले वेस्ट बैंक के लोगों को पता होना चाहिए कि उन्हें भुलाया नहीं गया है. फिर बाद में 5 सितंबर को भी रैपर ने अपनी परफ़ॉर्मेंस के दौरान अपनी बात दोहराई. दर्शकों में मौजूद यहूदी लोगों को संबोधित करते हुए मैकलमोर ने कहा कि इजराइल की आलोचना और जिसे उन्होंने रंगभेद और नरसंहार बताया, उसका विरोध करना किसी भी तरह से यहूदी लोगों की आलोचना नहीं है. उन्होंने कहा कि उनका संदेश शांति, प्यार और सभी लोगों के लिए समान सम्मान के बारे में था.
मैकलेमोर को टूर से क्यों हटाया गया?
मैकलमोर के बयानों के बाद मामला बढ़ गया, जिसके चलते जिन स्टेडियमों में शीरन के आने वाले शो होने थे. उनके मालिकों ने रैपर को लाइनअप से हटाने का फैसला किया. रिपोर्ट्स के मुताबिक, न्यू इंग्लैंड पैट्रियट्स और जिलेट स्टेडियम के मालिक रॉबर्ट क्राफ्ट ने मैकलमोर के शामिल होने पर आपत्ति जताई. क्राफ्ट और स्टेडियम के दूसरे मालिकों ने कहा कि अगर मैकलमोर लाइनअप में बने रहे, तो वे शिरीन के शो आयोजित नहीं करेंगे.
बाद में क्राफ्ट ने कहा कि यह फ़ैसला मैकलमोर की हालिया हरकतों, न्यू जर्सी में उनके परफ़ॉर्मेंस के दौरान दिखाए गए कंटेंट के आधार पर लिया, जिसमें उन्होंने यहूदी-विरोधी बयानों और तस्वीरों का लंबा इतिहास बताया. उसके क्राफ्ट का मानना था कि जिलेट स्टेडियम में होने वाले शो में मैकलमोर का शामिल होना सीमा पार करने जैसा होगा.
ED शिरीन ने भी फैंस से मांगी माफी
15 सितंबर को सैफ़ायर (Sapphire) सिंगर ने इस विवाद पर सबके सामने बात की. उन्होंने कहा कि वह इजराइल और फिलिस्तीन के बीच चल रहे झगड़े से बहुत दुखी हैं और दोनों तरफ हो रही तकलीफ को एक मानवीय त्रासदी बताया. शिरीन ने यह भी साफ किया कि मैकलमोर को हटाने का फ़ैसला उनका नहीं था. उन्होंने लिखा, 'मैकलमोर का टूर से हटना प्रमोटर का फ़ैसला था, मेरा नहीं.'
बाद में, 20 सितंबर को अपने शो के दौरान शिरीन ने अपने फैंस से माफी मांगी और कहा, 'मैं कभी भी एक एक्टिविस्ट म्यूज़िशियन नहीं बनना चाहता था. लेकिन इसने मुझे फ़्री स्पीच (अभिव्यक्ति की आज़ादी) और दुनिया के सबसे जटिल राजनीतिक मुद्दे पर एक ज़रूरी और ज़बरदस्त बहस के बीच ला खड़ा किया है.'
शिरीन ने आगे कहा कि भले ही वह अपने म्यूज़िक के लिए आलोचना का सामना करने के आदी रहे हों, लेकिन इस हफ़्ते आलोचना कहीं ज़्यादा ज़रूरी चीज के बारे में थी. मुझे मुश्किल फ़ैसले लेने पड़े और मुझसे गलतियां भी हो रही हैं. इसके लिए मैं बहुत-बहुत माफ़ी चाहता हूं. उन्होंने यह भी बताया कि मैकलमोर को हटाने का फ़ैसला उनका नहीं था.
ED शिरीन की क्यों हो रही है आलोचना?
मैकलमोर को हटाए जाने के बाद कई लोगों ने सोशल मीडिया पर ED शिरीन की आलोचना की कि उन्होंने रैपर का साथ नहीं दिया. कुछ लोगों ने तो उनके कॉन्सर्ट वेन्यू के बाहर विरोध प्रदर्शन भी किया और सिंगर के खिलाफ नारे लगाए. विवाद तब और बढ़ गया जब फिनीस, लुकास ग्राहम, एरन रोवे और आयरिश लोक संगीत ग्रुप 'बेओगा' जैसे अन्य कलाकारों ने भी टूर छोड़ दिया. बेओगा ने कहा कि वे शिरीन को एक दशक से भी ज़्यादा समय से जानते हैं, लेकिन वे उस बात का समर्थन नहीं कर सकते जिसे वे मैकलमोर के संदेश को दबाने के तौर पर देखते हैं.
ग्रुप ने एक बयान में कहा, 'ज़ायोनी लॉबी द्वारा मैकलमोर की आवाज दबाए जाने के बाद हमने Ed शिरीन के बैंड के तौर पर बाकी बचे US लूप टूर से अलग होने का फ़ैसला किया है. हम एक पारंपरिक आयरिश बैंड हैं और हमने कभी खुद को इतने बड़े स्टेडियमों में परफॉर्म करते हुए नहीं देखा था, और हम इस मौके की अहमियत समझते हैं. हम 10 से ज़्यादा सालों से शिरीन के दोस्त रहे हैं और आगे भी रहेंगे. हम फ़िलिस्तीनी लोगों की मुश्किल स्थिति को सुधारने के लिए बातचीत को एक ज़रिया मानते हैं.'