SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

Indian ARMY के लिए बड़ा सवाल: इंडिया में क्यों कॉन्सर्ट नहीं करना चाहते BTS? वजह सिर्फ टिकट या वेन्यू नहीं

K-POP BTS India Concert: BTS की इंडिया में जबरदस्त फैन फॉलोइंग के बावजूद इंडियन आर्मी लंबे समय से अपने पसंदीदा सितारों को लाइव देखने का इंतजार कर रही है. साल 2020 का अधूरा दौरा और 2027 में मुंबई कॉन्सर्ट की खबरों ने एक बार फिर उम्मीद जगा दी है. लेकिन इस बीच सबसे बड़ा सवाल ये उठता है कि इंडिया में BTS की पॉपुलैरिटी इतनी जबरदस्त होने के बावजूद ग्रुप ने अब तक यहां एक भी लाइव कॉन्सर्ट क्यों नहीं किया है?

Written By Jyoti Rajput
Published: Sep 11, 2026, 01:16 PM IST | Updated: Sep 11, 2026, 02:29 PM IST
Image Credit: इंडिया में क्यों कॉन्सर्ट नहीं करना चाहते BTS?
Join

के-पॉप की दुनिया में BTS का नाम किसी पहचान का मोहताज नहीं है. आरएम, जिन, सुगा,जे-होप, जिमिन, वी और जुंगकूक की सात मेंबर की टीम ने दुनिया के कोने-कोने में अपनी अलग फैन फॉलोइंग बनाई है और भारत भी इससे बच नहीं पाया है. यहां BTS के चाहने वालों की तादाद लाखों में है, जो सालों से सिर्फ एक चीज का इंतजार कर रहे हैं, अपने पसंदीदा सितारों को सामने से स्टेज पर परफॉर्म करते देखना. दिलचस्प बात ये है कि भारत में BTS की पॉपुलैरिटी इतनी जबरदस्त होने के बावजूद ग्रुप ने अब तक यहां एक भी लाइव कॉन्सर्ट नहीं किया है? ऐसे में इंडियन आर्मी के मन में सवाल उठना लाजिमी है कि आखिर BTS भारत क्यों नहीं आया? क्या वजह सिर्फ बड़ा वेन्यू, टिकटों की बिक्री या प्रमोटर की कमी है, या इसके पीछे कहानी कुछ और है?

इंडियन आर्मी एक बार इस सपने के बेहद करीब पहुंच चुकी थी. साल 2020 में BTS के Map of the Soul Tour में मुंबई को कई जगहों में शामिल किए जाने की खबरें थीं. यानी पहली बार ऐसा लगा था कि BTS के मेंबर इंडिया में अपने फैंस के सामने होंगे. लेकिन तभी पूरी दुनिया कोरोना की चपेट में आ गई. कॉन्सर्ट, स्पोर्ट्स इवेंट और तमाम बड़े ऑर्गेनाइजेशन की तरह BTS का टूर भी पर असर आया. शो टलते गए और आखिरकार ये टूर कैंसल हो गया.


BTS ने खुद कहा, 'इंडियन आर्मी हम आपको मिस करते हैं’

ये कहना गलत होगा कि BTS ने कभी इंडियन फैंस की तरफ ध्यान नहीं दिया. अक्टूबर 2020 में एक इंटरव्यू के दौरान जब इंडियन आर्मी के लिए मैसेज देने को कहा गया, तो सातों मेंबर्स ने कहा कि वो इंडियन फैंस को बहुत याद करते हैं. भारत में परफॉर्म करने के सवाल पर ग्रुप ने ये भी इच्छा जताई कि जब मुश्किल समय खत्म हो जाए तो वो भारत आकर आर्मी की एनर्जी को खुद महसूस करना चाहते हैं. उन्होंने साथ में डांस करने, गाने और आमने-सामने मिलने की बात कही. BTS का ये बयान इंडियन फैंस के लिए सिर्फ एक इंटरव्यू का हिस्सा नहीं था, बल्कि उम्मीद की एक बड़ी वजह बन गया. लेकिन साल गुजरते गए और ये उम्मीद अभी तक पूरी तरह हकीकत नहीं बन पाई.

V की बात ने फिर जगा दी उम्मीद

दिसंबर 2025, जब सिंगर वी (V) ने Weverse लाइवस्ट्रीम के दौरान इंडियन फैंस का नाम लेते हुए कहा, 'नमस्ते इंडियन आर्मी! अगले साल मिलते हैं.' बस, इसके बाद तो सोशल मीडिया पर मानो हलचल मच गई. इंडियन फैंस ने इसे BTS के इंडिया आने का साइन मान लिया. आखिरकार V ने खुद अगले साल मिलने की बात जो कही थी. साल 2026 को लेकर उम्मीदें और भी बढ़ गईं. लेकिन जब BTS ने अपनी आर्मी सेवा पूरी करने के बाद 2026 के ARIRANG World Tour का ऐलान किया, तो इंडियन फैंस को एक बार फिर झटका लगा. टूर में दुनिया के कई बड़े शहर शामिल हुए, लेकिन भारत का नाम उस लिस्ट में नहीं था.

तो क्या BTS भारत आना ही नहीं चाहता?

यहीं सबसे बड़ा सवाल खड़ा होता है, क्या BTS भारत में परफॉर्म करना नहीं चाहता? BTS या HYBE की तरफ से कभी ये ऑफिशियली तौर पर नहीं कहा गया कि वो भारत में शो नहीं करना चाहते. उल्टा, ग्रुप के मेंबर्स ने कई मौकों पर इंडियन फैंस से मिलने की इच्छा जताई है. असल मुश्किल शायद इच्छा की नहीं, बल्कि इतने बड़े शो को होस्ट करने की पूरी प्रोसेस की हो सकती है. BTS का कॉन्सर्ट कोई नॉर्मल म्यूजिक शो नहीं होता. ये एक बड़ा प्रोडक्शन होता है, जिसमें स्टेज, एलईडी स्क्रीन, लाइटिंग, साउंड, रैंप, विजुअल इफेक्ट्स और बड़ी इंटरनेशनल टीम शामिल होती है. ऐसे पूरे सेटअप को एक देश से दूसरे देश तक ले जाना अपने आप में काफी बड़ा ऑपरेशन है.


सिर्फ स्टेडियम और टिकट नहीं, पूरा सिस्टम चाहिए

BTS जैसे ग्लोबल स्टार का कॉन्सर्ट कराने के लिए सिर्फ एक बड़ा स्टेडियम और लाखों टिकट बेचना काफी नहीं है. टूर की रूटिंग, लॉजिस्टिक्स, लोकल टूरिस्ट, सिक्योरिटी, क्राउड मैनेजमेंट, प्रोडक्शन इंफ्रास्ट्रक्चर और कई तरह की परमिशन इस पूरे प्रोसेस का हिस्सा होती हैं. आम तौर पर इंटरनेशनल टूर इस तरह बनाए जाते हैं कि एक एरिया से दूसरे एरिया में क्रू और भारी-भरकम चीजों को ले जाना ज्यादा आसान और किफायती हो. जापान, अमेरिका, यूरोप और दक्षिण-पूर्व एशिया जैसे बाजारों में बड़े स्टेडियम कॉन्सर्ट का लंबा एक्सपीरियंस है. इंडिया का लाइव एंटरटेनमेंट मार्केट तेजी से बढ़ रहा है, लेकिन इतने बड़े इंटरनेशनल स्टेडियम टूर अभी भी यहां बहुत कम हुए हैं. यही चीज BTS जैसे ग्रुप के लिए भारत को टूर प्लान में शामिल करने को थोड़ा ज्यादा मुश्किल बना सकती है.

भारत में बड़े कॉन्सर्ट को लेकर चुनौतियां भी कम नहीं

भारत में हाल के सालों में इंटरनेशनल और बड़े म्यूजिक इवेंट्स की पॉपुलैरिटी तेजी से बढ़ी है, लेकिन इसके साथ चुनौतियां भी सामने आई हैं. साल 2011 में Metallica का गुड़गांव शो सिक्योरिटी और व्यवस्था संबंधी समस्याओं के कारण कैंसल हुआ था. वहीं हाल के सालों में बड़े इंडियन आर्टिस्ट के कॉन्सर्ट में भी भीड़, गर्मी, ब्लैक टिकट्स और आयोजन व्यवस्था को लेकर सवाल उठते रहे हैं. ऐसे मामलों से ये समझ आता है कि लाखों फैंस वाले किसी ग्लोबल आर्टिस्ट का शो कराना सिर्फ एंटरटेनमेंट का प्रोग्राम नहीं, बल्कि एक बड़ा लॉजिस्टिक और मैनेजमेंट प्रोजेक्ट है. BTS की पॉपुलैरिटी को देखते हुए भारत में उनके कॉन्सर्ट में कितनी बड़ी भीड़ उमड़ सकती है, इसका अंदाजा लगाना मुश्किल नहीं है. ऐसे में होस्ट करने वालों के लिए सिक्योरिटी और एक्सपीरियंस दोनों को बेहतरीन रखना बेहद जरूरी होगा.

फिर Coldplay आया और तस्वीर बदल गई

हालांकि, भारत के लिए सबसे बड़ी पॉजिटिव बात ये है कि यहां अब ग्लोबल स्टार्स के बड़े कॉन्सर्ट के लिए ऑडियंस और मार्केट दोनों मौजूद हैं. 2025 में Coldplay के इंडिया में हुए शो ने ये दिखा दिया कि इंडियन फैंस इंटरनेशनल आर्टिस्ट के लिए बड़ी संख्या में टिकट खरीदने और बड़े पैमाने पर लाइव इवेंट का हिस्सा बनने के लिए तैयार हैं. BTS के मामले में तो फैन बेस और भी खास है, क्योंकि इंडियन आर्मी लंबे समय से ग्रुप से इमोशनली जुड़ी हुई है. ऐसे में अगर सही प्रमोटर, सही स्टेडियम, मजबूत लॉजिस्टिक्स और टूर रूटिंग का मेल बैठ जाए, तो भारत BTS के लिए एक बेहद मजबूत मार्केट साबित हो सकता है.

क्या मार्च 2027 में मुंबई में पूरा होगा आर्मी का सपना?

सबसे दिलचस्प उम्मीद अब मार्च 2027 को लेकर है. हाल ही में एक रिपोर्ट में ये दावा किया गया कि BTS अपने ARIRANG World Tour के चलते मार्च, 2027 में मुंबई में परफॉर्म कर सकता है. अगर ऐसा होता है, तो ये इंडियन आर्मी के लिए सिर्फ एक कॉन्सर्ट नहीं, बल्कि सालों के इंतजार का अंत होगा. हालांकि, अभी तक BTS या HYBE की तरफ से इस बारे में कोई ऑफिशियल अनाउंसमेंट नहीं हुई है, इसलिए इसे फिलहाल एक अफवाह के तौर पर ही देखना चाहिए.

लेकिन साल 2020 में मुंबई का अधूरा सपना, V का अगले साल मिलते हैं वाला मैसेज, भारत में बढ़ता लाइव म्यूजिक बाजार और BTS की इंडियन फैन फॉलोइंग इन सबको साथ रखकर देखें तो उम्मीद जरूर मजबूत होती है. आखिर इंडियन आर्मी का सवाल अब सिर्फ ये नहीं है कि BTS इंडिया आएगा या नहीं, बल्कि ये है कि जब आएगा, तो स्टेज के सामने लाखों फैंस में से सबसे पहले किसकी नजर BTS से मिलेगी?

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

ज्योति सिंह राजपूत जी न्यूज में सब एडिटर हैं और पिछले 1 साल से ज्यादा से डिजिटल मीडिया में काम कर रही हैं. दैनिक जागरण प्रिंट और सहारा न्यूज नेटवर्क में ट्रेनिंग लेने के बाद अब Zee News में काम कर रही हैं. कुछ समय तक लाइफस्टाइल की खबरों में काम करने के बाद अब एंटरटेनमेंट में काम कर रही हैं. वहीं हॉलीवुड की खबरों और फिल्मों पर पैनी नजर रखती हैं. उन्होंने पंडित माखनलाल चतुर्वेदी नेशनल यूनिवर्सिटी (MCU) से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में मास्टर डिग्री हासिल की है. आप Jyoti.Rajput@India.com पर सीधे ईमेल कर इनसे जुड़ सकते हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES