कौन हैं कल्याणी प्रियदर्शन? रणवीर सिंह की 'प्रलय' में आलिया भट्ट के बाद मारी बाजी, जानें क्यों बनीं फर्स्ट च्वॉइस
'धुरंधर' से धूम मचा चुके रणवीर सिंह जल्द ही निर्देशक जय मेहता की फिल्म 'प्रलय' में एक नए और अनोखे अवतार में दिखाई देंगे. मगर इस बार उनकी हीरोइन के रूप में कोई बॉलीवुड हसीना नहीं, बल्कि साउथ ब्यूटी कल्याणी प्रियदर्शन नजर आएंगी. हिंदी सिनेमा में ये उनका डेब्यू प्रोजेक्ट है, इसलिए लोगों के मन में अब ये सवाल उठे रहे हैं कि कैसे वो इतनी बढ़ी फिल्म का हिस्सा बन गईं.
साल 2025 और 2026 की शुरुआत में बॉक्स ऑफिस पर लगातार रणवीर सिंह का कब्जा बना रहा. उन्होंने अपनी फिल्म 'धुरंधर' और 'धुरंधर द रिवेंज' से कई पुराने रिकॉर्ड्स को तोड़कर एक नया इतिहास रच दिया. वहीं इस फिल्म की सफलता के बाद वो जल्द ही एक बड़े प्रोजेक्ट से सिनेमाघरों में वापसी करेंगे. रणवीर सिंह इस समय निर्देशक जय मेहता की अपकमिंग फिल्म 'प्रलय' की शूटिंग में बिजी हैं, जो जल्द ही रिलीज हो सकती है. वहीं 'प्रलय' में रणवीर सिंह के साथ 'लोका चैप्टर 1: चंद्रा' फेम एक्ट्रेस कल्याणी प्रियदर्शन नजर आएंगी.
कल्याणी प्रियदर्शन का नाम भले ही बॉलीवुड ऑडियंस के लिए नया हो, लेकिन साउथ सिनेमा में वो पहले ही अपनी मजबूत पहचान बना चुकी हैं. 5 अप्रैल, 1993 को चेन्नई में जन्मी एक्ट्रेस मशहूर फिल्ममेकर प्रियदर्शन और एक्ट्रेस लिस्सी की बेटी हैं. यानी कल्याणी का जन्म एक ऐसे परिवार में हुआ, जहां बचपन से ही फिल्मों और एक्टिंग का माहौल बना हुआ था. हालांकि, दिलचस्प बात ये है कि उन्होंने सीधे कैमरे के सामने आने के बजाय फिल्म डायरेक्शन के दूसरे पहलुओं से अपने करियर की शुरुआत की थी.
कल्याणी ने ऐसे की करियर की शुरुआत
फिल्ममेकर प्रियदर्शन की बेटी कल्याणी प्रियदर्शन ने अपने करियर की शुरुआत फिल्म 'कृष 3' में असिस्टेंट प्रोडक्शन डिजाइनर के तौर पर की थी और बाद में तमिल फिल्म Iru Mugan में असिस्टेंट आर्ट डायरेक्टर के रूप में अपने काम को दिखाया. कल्याणी इतने बड़े फिल्मी परिवार से हैं इसके बावजूद, उन्होंने अपने पिता प्रियदर्शन से खुद को लॉन्च करवाने से इनकार कर दिया था. इस बात का खुलासा उस समय हुआ, जब साल 2021 में प्रियदर्शन ने एक इंटरव्यू में बताया कि उनकी बेटी की शर्त थी कि वो अपने पिता की फिल्म से लॉन्च नहीं होंगी.
कल्याणी अपने दम पर फिल्म इंडस्ट्री में जगह बनाना चाहती थीं. शायद यही वजह रही कि कल्याणी की पहचान सिर्फ प्रियदर्शन की बेटी के रूप में ही सीमित नहीं रही. आपको बता दें कि उन्होंने न्यूयॉर्क के पार्सन्स स्कूल ऑफ डिजाइन से आर्किटेक्चरल डिजाइन की पढ़ाई की और एक्टिंग में आने से पहले थिएटर और प्रोडक्शन डिजाइन का एक्सपीरियंस भी हासिल किया.
तेलुगु फिल्म से शुरू हुआ एक्टिंग करियर
कल्याणी ने अपने एक्टिंग करियर की शुरुआत साल 2017 में तेलुगु फिल्म Hello से बतौर एक्ट्रैस के रूप में की थी. इस फिल्म में वो अक्किनेनी नागार्जुन के छोटे बेटे अखिल अक्किनेनी के साथ नजर आई थीं. फिल्म से उन्हें पहचान मिली और उनके एक्टिंग को लोगों ने बेहद पसंद किया. उन्हें इस फिल्म के लिए 'बेस्ट फीमेल डेब्यू' का साउथ फिल्मफेयर अवॉर्ड भी मिला. इसके बाद उन्होंने तेलुगु के साथ-साथ तमिल और मलयालम फिल्मों में भी काम करना शुरू किया. 'चित्रलहरी', 'हीरो', 'वरने अवश्यमुंड' और 'मानाडु' जैसी फिल्मों ने उनके करियर को आगे बढ़ाया. यानी बॉलीवुड पहुंचने से पहले ही कल्याणी अलग-अलग लैंग्वेज में काम करके अपने एक्टिंग का दायरा साबित कर चुकी थीं.
'लोकाह' ने बदल दी पूरी तस्वीर
कल्याणी के करियर में सबसे बड़ा मोड़ उस समय आया, जब साल 2025 में उनकी मलयालम फिल्म 'लोकाह चैप्टर 1: चंद्रा' रिलीज हुई. इस फिल्म में उन्होंने सुपरहीरो चंद्रा का किरदार निभाया और उनकी परफॉर्मेंस ने उन्हें देशभर में पॉपुलर बना दिया. फिल्म को बॉक्स ऑफिस पर बड़ी सफलता हासिल हुई, जो एक पहली फीमेल लीड मलयालम फिल्म थी. कल्याणी के एक्शन अवतार ने ऑडियंस का ध्यान अपनी ओर खींच लिया, जो इससे पहले उनके काम को ज्यादा जानते नहीं थे. दिलचस्प बात ये है कि उनके पिता प्रियदर्शन ने शुरुआत में इस तरह की एक्शन भूमिका को लेकर आशंका जताई थी, लेकिन फिल्म का पहला कट देखने के बाद उन्होंने स्वीकार किया कि उनका शुरुआती अंदाजा गलत था.
फिर कल्याणी तक कैसे पहुंचा ऑफर?
अब सबसे बड़ा सवाल कि कल्याणी को रणवीर सिंह के साथ 'प्रलय' जैसी बड़ी फिल्म कैसे मिली? खबरों के मुताबिक,'लोकाह' में उनके काम ने हिंदी फिल्म इंडस्ट्री के डायरेक्टर्स का ध्यान खींचा और इसके बाद बॉलीवुड में उनके लिए कई रास्ते खुलने लगे. शुरुआत में इस फिल्म के लिए आलिया भट्ट का नाम सामने आया था, लेकिन उनकी बिजी डेट्स के चलते कास्टिंग में बदलाव हुआ और कल्याणी का नाम सामने आया. जनवरी, 2026 में जब उनसे बॉलीवुड डेब्यू की खबरों पर सवाल किया गया था, तब उन्होंने सीधे तौर पर फिल्म की पुष्टि नहीं की थी, लेकिन ये जरूर कहा था कि अच्छी कहानियां उन्हें लैंग्वेज की बाउंड्री से परे मिलती रही हैं.
कल्याणी को खुद रणवीर ने किया राजी
इस पूरी कास्टिंग की सबसे दिलचस्प बात रणवीर सिंह हैं. रिपोर्ट्स के मुताबिक, कल्याणी इस समय बॉलीवुड में कदम रखने को लेकर पूरी तरह से तैयार नहीं थीं. इसी दौरान रणवीर सिंह, जो 'प्रलय' के निर्माता भी हैं, ने खुद उनसे कॉन्टैक्ट किया और उन्हें फिल्म का हिस्सा बनने के लिए मनाया. कई रिपोर्ट में दावा किया गया कि रणवीर ने कल्याणी को फोन करके प्रोजेक्ट और उनकी भूमिका को लेकर भरोसा दिलाया. यानी ये सिर्फ एक नॉर्मल कास्टिंग प्रोसेस नहीं थी, बल्कि रणवीर की पर्सनल दिलचस्पी ने भी कल्याणी को फिल्म से जोड़ने में भूमिका निभाई है.
रणवीर सिंह के करियर पर एक झलक
रणवीर सिंह आज बॉलीवुड के सबसे पॉपुलर एक्टर में गिने जाते हैं, लेकिन उनका शुरुआती सफर भी आसान नहीं था. उन्होंने साल 2010 में 'बैंड बाजा बारात' से एक एक्टर के रूप में करियर की शुरुआत की. इस फिल्म में अनुष्का शर्मा के साथ उनकी जोड़ी पसंद की गई और उन्हें 'बेस्ट मेल डेब्यू' का फिल्मफेयर अवॉर्ड भी मिला. इसके बाद 'लेडीज वर्सेस रिकी बहल', लूटेरा, गोलियों की रासलीला राम-लीला', 'बाजीराव मस्तानी', 'पद्मावत', 'गुली बॉय’, ‘सिंम्बा’ और ‘83’ जैसी फिल्मों ने उन्हें अलग-अलग तरह के किरदार निभाने का मौका दिया. वहीं हाल में 'धुरंधर' और उसके सीक्वल की जबरदस्त सफलता ने उनके स्टारडम को फिर मजबूत किया है.
'प्रलय' दोनों के लिए क्यों है खास?
'प्रलय' इसलिए भी खास है क्योंकि ये एक तरफ रणवीर सिंह के करियर में बतौर एक्टर और निर्माता का नया सफर शुरू कर रही है, तो दूसरी तरफ कल्याणी प्रियदर्शन के लिए बॉलीवुड में एंट्री का बड़ा मौका है. फिल्म का निर्देशन जय मेहता कर रहे हैं, जो इससे पहले अपने पिता हंसल मेहता के साथ काम कर चुके हैं और 'स्कैम 1992' तथा 'लूटेरा' जैसी फिल्मों से जुड़े रहे हैं. हंसल मेहता ने भी बताया है कि रणवीर ने जय के काम से प्रभावित होकर उनसे कॉन्टैक्ट किया था और उनकी अपकमिंग फिल्म 'प्रलय' को आकार देने में अहम भूमिका निभाई.
ऐसे में रणवीर और कल्याणी की जोड़ी सिर्फ दो कलाकारों का मिलना नहीं, बल्कि बॉलीवुड और साउथ सिनेमा के बीच बढ़ती पार्टनरशिप का भी साइन है. अब देखना दिलचस्प होगा कि 'लोकाह’' से मिली पहचान को कल्याणी 'प्रलय' में कितना आगे ले जाती हैं और रणवीर के साथ उनकी ऑन-स्क्रीन केमिस्ट्री ऑडियंस पर कैसी छाप छोड़ती है.