App

सिनेमा की संस्था बनी अखाड़ा : CINTAA के ऑफिस में हंगामा! एक्टर दीपक काजिर केजरीवाल ने लगाए मारपीट के आरोप, लेकिन कहानी कुछ और...

सीनियर एक्टर दीपक काजिर केजरीवाल और CINTAA के बीच हुए हंगामे ने पूरी इंडस्ट्री को चौंका दिया है. मारपीट के आरोपों से लेकर दीपक की तबीयत बिगड़ने और उपासना सिंह द्वारा FIR दर्ज कराने तक दफ्तर के अंदर आखिर क्या हुआ और दोनों पक्षों के क्या दावे हैं, आइए बताते हैं.

सिनेमा की संस्था बनी अखाड़ा : CINTAA के ऑफिस में हंगामा! एक्टर दीपक काजिर केजरीवाल ने लगाए मारपीट के आरोप, लेकिन कहानी कुछ और...

हिंदी सिनेमा और टीवी इंडस्ट्री में दीपक काजिर केजरीवाल एक जाना-पहचाना नाम रहे हैं. उन्होंने अपने लंबे करियर में 'जाने भी दो यारो', 'रूप की रानी चोरों का राजा', 'परदेस' और 'मेट्रो...इन दिनों' जैसी हिट फिल्मों में काम करके ऑडियंस के बीच अपनी अलग पहचान बनाई. बड़े पर्दे के अलावा उन्होंने छोटे पर्दे और ओटीटी की दुनिया में भी खूब काम किया है. लेकिन हाल ही में वेटरन एक्टर के साथ एक ऐसी घटना हुई, जिसे सुनकर हर कोई हैरान रह गया. मुंबई स्थित सिने एंड टीवी आर्टिस्ट्स एसोसिएशन (CINTAA) के दफ्तर में हुए एक हंगामे ने पूरी इंडस्ट्री में हलचल मचा दी है, जहां मारपीट से लेकर पुलिस शिकायत तक की नौबत आ गई है.

ये पूरा मामला गुरुवार, 26 नवंबर का है, जब दीपक काजिर केजरीवाल मुंबई में CINTAA के ऑफिस पहुंचे थे. आरोपों के मुताबिक, दफ्तर के एंट्री गेट पर ही उन्हें अंदर जाने से रोक दिया गया. जब उन्होंने रोके जाने की वजह पूछी तो वहां मौजूद लोगों से उनकी बहस शुरू हो गई, जो देखते ही देखते काफी बढ़ गई. केजरीवाल का दावा है कि इस दौरान साथी सदस्यों ने उनके साथ मारपीट की और उन्हें लात-घूंसे मारे, जिससे उन्हें चोटें आईं. इस घटना के बाद उन्होंने एनसी (NC) शिकायत भी दर्ज कराई कि दफ्तर के अंदर उनके साथ बुरा बर्ताव और हमला किया गया.

हंगामे की वजह से बिगड़ी दीपक पाराशर की तबीयत

इस घटना को लेकर फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज (FWICE) के अध्यक्ष बीएन तिवारी और CINTAA की अध्यक्ष उपासना सिंह ने बिल्कुल अलग तस्वीर पेश की है. उपासना सिंह ने एक बातचीत में बताया कि केजरीवाल की सदस्यता पहले ही रद्द की जा चुकी है, इसके बावजूद वो सिक्योरिटी गार्ड के रोकने पर ऊपर कॉन्फ्रेंस हॉल में चल रही मीटिंग में घुस आए.

उपासना ने कहा, 'अंदर आते ही, उन्होंने हमसे बहुत बुरी भाषा में बात करना शुरू कर दिया. मैं उन शब्दों को दोहराना नहीं चाहती. दीपक पराशर जी, जो 74 साल के हैं, उनसे इतनी बुरी तरह बात की गई कि उन्हें सदमा लगा और वो बेहोश हो गए. उन्हें डायबिटीज और हाई ब्लड प्रेशर है और उनके सिर के एक तरफ अक्सर दर्द रहता है. इस व्यवहार की वजह से उनकी हालत इतनी खराब हो गई कि वो बेहोश हो गए. आपने शायद इसके वीडियो भी देखे होंगे.'

उपासना सिंह का पलटवार, नाक पर चोट लगने का लगाया आरोप

दीपक काजिर के मारपीट वाले आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए उपासना सिंह ने दावा किया कि असल में केजरीवाल के व्यवहार की वजह से उन्हें खुद चोट लग गई. उन्होंने बताया कि जब वो 74 साल के दीपक पाराशर का बचाव करने और केजरीवाल को कॉन्फ्रेंस रूम से बाहर ले जाने की कोशिश कर रही थीं, तभी ये घटना हुई.

उपासना ने आरोप लगाया, 'जब वो आगे बढ़ता रहा और दीपक जी से बदतमीजी से बात करता रहा, तो मैंने उससे प्यार से कहा कि वो इस तरह से कॉन्फ्रेंस रूम में नहीं आ सकता. मैंने उसे जाने के लिए कहा और कहा कि वो हमसे इस तरह बात नहीं कर सकता. जब मैं उसे बाहर ले जा रही थी, तो उसे पता था कि मैं उसके पीछे खड़ी हूं. उसने अचानक अपना हाथ घुमाया और उसकी कोहनी मेरी नाक पर बुरी तरह लगी.' उन्होंने आगे कहा कि बाद में केजरीवाल ने इसे महज एक गलती बताया, जबकि उनकी नाक सूज गई थी और उन्हें तुरंत दीपक पाराशर को अस्पताल ले जाना पड़ा.

upasana singh

बार-बार दफ्तर आकर हंगामा करने का आरोप

उपासना सिंह ने साफ-साफ शब्दों में कहा कि इस पूरी घटना के बाद केवल दीपक काजिर केजरीवाल के खिलाफ ही एफआईआर (FIR) दर्ज कराई गई है. उनका कहना है कि एसोसिएशन की कमेटी ने सबकी सहमति से उनकी मेंबरशिप कैंसल कर उन्हें आजीवन सस्पेंड कर दिया है, फिर भी वो बार-बार दफ्तर आकर माहौल खराब करते हैं.

उपासना ने कहा, 'हमें उसके खिलाफ FIR दर्ज करनी पड़ी क्योंकि वो बार-बार वहां आता है और गलत व्यवहार करता है. वो महिलाओं के साथ-साथ हमारे EC मेंबर्स के साथ भी बहुत खराब भाषा का इस्तेमाल करता है. वो वहां लगे पोस्टर फाड़ देता है.' उन्होंने ये भी बताया कि पहले भी केजरीवाल ने महिलाओं से अभद्रता, ऐशट्रे फेंकने और 26 जनवरी के प्रोग्राम में हंगामा करने जैसी हरकतें की हैं, जिसके बाद वो लिखित या वीडियो के जरिए माफी मांग लेते हैं.

असुरक्षा के माहौल के बीच पुलिस तक पहुंचा पूरा मामला

बीएन तिवारी ने भी ये बात कही कि केजरीवाल अक्सर डेजी नाम की एक महिला के साथ दफ्तर आकर गाली-गलौज करते हैं, लेकिन कैंसर पीड़ित होने की वजह से मेंबर उनका सीधा सामना करने से बचते हैं. वहीं, उपासना सिंह ने साफ किया कि बार-बार कहने पर भी जब केजरीवाल दफ्तर से बाहर नहीं गए, तो मजबूरन पुलिस को बुलाना पड़ा.

उन्होंने कहा, 'हमें उससे खतरा महसूस होता है. कल, वो कुछ गंभीर कर सकता है, या उसके साथ कुछ हो सकता है और फिर वो हम पर उसे नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाएगा. वो अपनी मर्जी से आता है, खुद लड़ाई शुरू करता है और फिर ये कहकर हम पर इल्जाम लगाता है कि हमने उस पर हमला किया.' फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की जांच कर रही है और दोनों पक्षों के दावों को खंगाला जा रहा है.

पुराने विवादों और सबूतों के आधार पर आगे बढ़ेगी जांच

उपासना सिंह के मुताबिक, एसोसिएशन के पास केजरीवाल की मेंबरशिप कैंसल होने से लेकर उनके पुराने लिखित माफीनामों और शिकायतों के सारे पुख्ता दस्तावेज मौजूद हैं. प्रीति सप्रू और हेतल परमार जैसी मेंबर्स के साथ पहले हुए विवादों का हवाला देते हुए उन्होंने साफ किया कि अब संस्था के सदस्यों की सुरक्षा सबसे बड़ी प्रायोरिटी है और आगे की कार्रवाई कानून के दायरे में रहकर ही की जाएगी.
 

 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Jyoti Rajput

Jyoti Rajput

ज्योति सिंह राजपूत जी न्यूज में सब एडिटर हैं और पिछले 1 साल से ज्यादा से डिजिटल मीडिया में काम कर रही हैं. दैनिक जागरण प्रिंट और सहारा न्यूज नेटवर्क में ट्रेनिंग लेने के बाद अब Zee News में काम कर रही हैं. कुछ समय तक लाइफस्टाइल की खबरों में काम करने के बाद अब एंटरटेनमेंट में काम कर रही हैं. वहीं हॉलीवुड की खबरों और फिल्मों पर पैनी नजर रखती हैं. उन्होंने पंडित माखनलाल चतुर्वेदी नेशनल यूनिवर्सिटी (MCU) से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में मास्टर डिग्री हासिल की है. आप Jyoti.Rajput@India.com पर सीधे ईमेल कर इनसे जुड़ सकते हैं.
Read More