Apple Event में CEO जॉन टर्नस ने खुद तृप्ति डिमरी और AP Dhillon को दिखाया नया iPhone 18 Pro, तस्वीरें देखकर फैंस हुए क्रेजी
अमेरिका के कैलिफोर्निया में हुए इस इवेंट में जब Apple ने अपना नया iPhone 18 Pro पेश किया, तो वहां भारत के दो बड़े स्टार्स भी मौजूद थे. बॉलीवुड की नेशनल क्रश तृप्ति डिमरी और पंजाबी म्यूजिक के सुपरस्टार AP Dhillon इस ग्रैंड इवेंट का हिस्सा बने.
Apple Event: एप्पल के सबसे बड़े इवेंट का इंतजार पूरी दुनिया को रहता है, लेकिन इस बार का इवेंट सिर्फ टेक्नोलॉजी के लिए ही नहीं बल्कि बॉलीवुड और म्यूजिक लवर्स के लिए भी बहुत खास बन गया. कैलिफोर्निया के क्यूपर्टिनो में बने एप्पल पार्क के फेमस स्टीव जॉब्स थिएटर में यह शानदार इवेंट हुआ. इस बार एप्पल ने अपनी नई फ्लैगशिप सीरीज iPhone 18 lineup को पूरी दुनिया के सामने पेश किया. लेकिन जैसे ही स्टेज से ध्यान थोड़ा हटा, सबकी नजरें तृप्ति डिमरी और एपी ढिल्लों पर टिक गईं. दोनों ने न सिर्फ इवेंट में अपनी चमक बिखेरी बल्कि एप्पल के CEO जॉन टर्नस के साथ पोज भी दिए.
तृप्ति डिमरी और एपी ढिल्लों इस टेक इवेंट में एकदम स्टाइलिश लुक में पहुंचे थे. तृप्ति ने रेड कलर का ब्लेजर, मैचिंग टॉप और डेनिम पहनी थी जिसमें वो बेहद खूबसूरत लग रही थीं. वहीं 'Excuses' फेम सिंगर एपी ढिल्लों ग्रे कलर की स्टाइलिश जैकेट में एकदम कूल नजर आ रहे थे.
Apple CEO ने खुद दिखाया नया iPhone 18 Pro
इवेंट के बाद सोशल मीडिया पर कई तस्वीरें और वीडियो तेजी से वायरल होने लगे. इन वीडियोज में देखा जा सकता है कि Apple के CEO जॉन टर्नस खुद तृप्ति डिमरी और एपी ढिल्लों से बात कर रहे हैं. सिर्फ बातचीत ही नहीं, CEO ने दोनों स्टार्स को खुद अपने हाथों से नया iPhone 18 Pro दिखाया और उसके फीचर्स के बारे में बताया. तृप्ति और एपी ढिल्लों बहुत ध्यान से फोन को देखते और उसके नए फीचर्स को एक्सपीरियंस करते हुए नजर आए. हालांकि तीनों के बीच क्या-क्या बातें हुईं, यह तो पूरी तरह साफ नहीं है, लेकिन दोनों स्टार्स के चेहरे की खुशी देखकर लग रहा था कि उन्हें नया आईफोन काफी पसंद आया है. इसका वीडियो डिजिट ने इंस्टाग्राम पर शेयर किया है.
iPhone 18 Pro और iPhone 18 Duo का क्रेज
Apple के इस इवेंट में नए iPhone 18 Pro और iPhone 18 Duo मॉडल्स को लेकर लोगों में जबरदस्त क्रेज देखा गया. कंपनी ने इस नए मॉडल में कई बेहतरीन और एडवांस फीचर्स दिए हैं. टेक लवर्स तो इसे खरीदने का इंतजार कर ही रहे हैं, लेकिन तृप्ति और एपी ढिल्लों उन चुनिंदा खुशकिस्मत लोगों में शामिल हो गए जिन्हें इस फोन को ऑफिशियल सेल से बहुत पहले ही चलाने का मौका मिल गया. इवेंट के बाद से ही इन दोनों स्टार्स की तस्वीरें इंटरनेट पर ट्रेंड कर रही हैं और फैंस लगातार इस पर कमेंट्स कर रहे हैं.
तृप्ति डिमरी का वर्कफ्रंट
फिल्म 'एनिमल' और 'बैड न्यूज' से लोगों के दिलों पर राज करने वाली तृप्ति डिमरी के पास इस वक्त कई बड़े प्रोजेक्ट्स हैं. काम की बात करें तो तृप्ति बहुत जल्द डायरेक्टर संदीप रेड्डी वांगा की नई ब्लॉकबस्टर फिल्म 'स्प्रिट' में नजर आने वाली हैं. इस बड़ी पैन-इंडिया फिल्म में तृप्ति के साथ साउथ के सुपरस्टार प्रभास लीड रोल में दिखाई देंगे. फैंस इस फिल्म को लेकर पहले से ही बहुत एक्साइटेड हैं, और अब Apple इवेंट की इन वायरल तस्वीरों ने तृप्ति को एक बार फिर से सुर्खियों में ला दिया है.