'विपमैन' हुआ खामोश : 6 दशकों तक सिनेमा पर राज करने वाले टॉम स्केरिट का निधन, हॉलीवुड में शोक की लहर
'एलियन', 'मैश' और 'टॉप गन' जैसी शानदार फिल्मों से सबका दिल जीतने वाले दिग्गज हॉलीवुड एक्टर टॉम स्केरिट का 93 साल की उम्र में निधन हो गया. खबरों के मुताबिक, बढ़ती उम्र की वजह से उन्होंने दुनिया को अलविदा कह दिया.
हॉलीवुड सिनेमा के दिग्गज और वर्सेटाइल एक्टर टॉम स्केरिट का 93 साल की उम्र में निधन हो गया है. अपने शानदार 6 दशक के लंबे करियर में उन्होंने करीब 170 से ज्यादा फिल्मों और टेलीविजन शो में अपनी दमदार अदाकारी दिखाई और कभी न मिटने वाली छाप छोड़ी. उनके निधन से पूरी फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई है. वहीं एक्टर के परिवार ने उन्हें याद करते हुए कहा कि दुनिया उन्हें एक शानदार कलाकार के रूप में जानती थी, लेकिन उनके अपने उन्हें उनके बेहतरीन ह्यूमर, दरियादिली और प्यार के लिए हमेशा याद रखेंगे.
डेट्रॉइट में जन्मे स्केरिट ने एक्टिंग की दुनिया में कदम रखने से पहले अमेरिकी वायु सेना में भी अपनी सेवाएं दी थीं. टॉम स्केरिट के करियर का सबसे बड़ा टर्निंग पॉइंट साल 1970 में आया, जब उन्हें निर्देशक रॉबर्ट ऑल्टमैन की कोरिया वॉर पर बेस्ड ब्लैक कॉमेडी फिल्म MAS*H में काम करने का मौका मिला. इस फिल्म में उन्होंने एक मजाकिया आर्मी सर्जन ड्यूक फॉरेस्ट का किरदार निभाया था. उनके साथ इस फिल्म में डोनाल्ड सदरलैंड और इलियट गोल्ड जैसे कलाकार भी थे.
'एलियन' का स्पेस कैप्टन
साल 1979 में निर्देशक रिडले स्कॉट की क्लासिक साइंस-फिक्शन हॉरर फिल्म 'एलियन' रिलीज हुई, जिसमें स्केरिट ने स्पेसक्राफ्ट के कैप्टन डलास की भूमिका निभाई, जिसे आज भी सिनेमा के सबसे डरावने और यादगार सीन्स में से एक गिना जाता है. इस फिल्म में खूंखार चेस्टबर्स्टर सीन के अलावा एक और खास बात ये थी कि इसमें सिगॉर्नी वीवर के रूप में एक मजबूत महिला हीरो को प्रायोरिटी दी गई थी. स्केरिट हमेशा से फिल्मों में महिलाओं के मजबूत किरदारों के सपोर्ट रहे थे. उन्होंने एक इंटरव्यू में कहा था कि उन्हें ये देखना बहुत पसंद था कि महिलाएं ताकतवर और फैसले लेने की स्थिति में हों, जैसा उन्होंने 'स्टील मैगनोलियाज' में भी महसूस किया था.
'टॉप गन' और एमी अवॉर्ड
साल 1986 में ब्लॉकबस्टर फिल्म 'टॉप गन' में स्केरिट ने नेवल एविएशन इंस्ट्रक्टर 'वाइपर' मेटकाफ का अहम किरदार निभाया था. इस फिल्म ने मुख्य कलाकार टॉम क्रूज को रातों-रात ग्लोबल स्टार बना दिया और इसमें स्केरिट का सपोर्टिंग रोल बेहद पसंद किया गया. इसके अलावा, उन्होंने रॉबर्ट रेडफोर्ड के साथ 'ए रिवर रन्स थ्रू इट', शर्ली मैकलेन के साथ 'द टर्निंग पॉइंट', 'द डेड जोन', 'कॉन्टैक्ट' और 'टेड' जैसी कई फिल्मों में काम किया. बड़े परदे के साथ-साथ उन्होंने छोटे पर्दे पर भी अपनी बेहतरीन छाप छोड़ी और साल 1993 में टीवी सीरीज 'पिकेट फेंसेस' के लिए एमी अवॉर्ड जीता.
हॉलीवुड ने खोया अपना चहेता सितारा
टॉम स्केरिट अपने पीछे पांच बच्चों और कला की एक बेमिसाल विरासत छोड़कर गए हैं. साल 1962 में फिल्म 'वॉर हंट' से अपने फिल्मी सफर की शुरुआत करने वाले स्केरिट ने अपने जीवन में हमेशा सिंपल और क्रिएटिविटी को जगह दी. वो वेटरन्स, कुदरत और दूसरों को अपनी आवाज ढूंढने में मदद करने के लिए हमेशा आगे रहते थे. उनके जाने से हॉलीवुड ने एक ऐसा लेजेंड खो दिया है, जिसने अपने काम से सिनेमा लवर्स के दिलों पर हमेशा के लिए राज किया.