बॉलीवुड एक्टर टाइगर श्रॉफ की कार पर हुई गोलीबारी की घटना के कुछ दिन बाद अभिनेता की टीम ने उनके चोटिल हुए हाथ का एक वीडियो शेयर किया है. बता दें कि 18 अक्टूबर को एक फुटबॉल मैदान के बाहर हुई गोलीबारी की घटना में चोटिल हो गए थे. अब टीम ने वीडियो शेयर कर लिखा, 'गॉड इज काइंड'. यानी ईश्वर दयालु है.
बता दें कि इस वीडियो में एक्टर के हाथ पर छोटे-छोटे लाल बिंदु जैसे निशान दिखाई दे रहे हैं. इस पोस्ट पर एक्टर की मां, आयशा श्रॉफ ने पोस्ट पर कमेंट करते हुए लिखा, 'ईश्वर महान है.' उनके पिता और एक्टर जैकी श्रॉफ ने हाथ जोड़कर और टाइगर ने पौधे के इमोजी के साथ रिएक्शन दिया है. साथ ही उनकी बहन कृष्णा श्रॉफ ने हाथ जोड़कर और किस (kiss) के निशान के साथ बुरी नजर से बचाने वाले इमोजी के साथ जवाब दिया.
यह वीडियो ऐसे समय में सामने आया है, जब कुछ सोशल मीडिया यूजर्स ने टाइगर श्रॉफ की तस्वीरों में दिख रहे अंतर पर सवाल उठाए हैं. गोलीबारी की घटना के तुरंत बाद की तस्वीरों में टाइगर श्रॉफ के हाथ पर भारी पट्टी बंधी हुई थी, जबकि दो दिन बाद शेयर की गई तस्वीरों में उन्हें कोई चोट नहीं दिख रही थी. बता दें कि शुरुआती तस्वीरों में एक्टर के हाथ पर पट्टी बंधी थी.
वहीं, महाराष्ट्र के मंत्री आशीष शेलार के साथ मुलाकात के बाद शेयर की गई तस्वीरों में चोट का कोई निशान नहीं था. इस फर्क को देखकर कुछ सोशल मीडिया यूजर्स ने सवाल उठाया कि एक्टर इतनी जल्दी कैसे ठीक हो गए और कुछ लोगों ने तो इस हमले की सच्चाई पर ही शक जता दिया. इससे पहले इस घटना के बाद टाइगर की टीम ने एक बयान जारी किया.
टीम ने कहा कि टाइगर ने रविवार शाम को हुई दुर्भाग्यपूर्ण घटना के संबंध में कोई सार्वजनिक टिप्पणी नहीं की है और न ही कोई वीडियो जारी किया है. उन्होंने आगे बताया कि इस तरह की भ्रामक सामग्री फैलाने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी. बयान में कहा गया, 'हम स्पष्ट रूप से यह बताना चाहते हैं कि टाइगर श्रॉफ ने हालिया घटना या उससे संबंधित किसी भी घटनाक्रम के बारे में कोई बयान नहीं दिया है, कोई वीडियो जारी नहीं किया है और न ही किसी संचार को अधिकृत किया है.'
उन्होंने कहा,'कई सोशल मीडिया पेज और डिजिटल प्लेटफॉर्म टाइगर से जुड़ी मनगढ़ंत कहानियां, एआई-जनरेटेड वीडियो और स्क्रिप्टेड नैरेटिव फैला रहे हैं. ये पूरी तरह से झूठे, अनधिकृत और जनता को गुमराह करने के इरादे से बनाए गए हैं.' उन्होंने मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्मों से आग्रह किया कि वे टाइगर के बारे में सामग्री प्रकाशित करने या साझा करने से पहले सावधानी बरतें और जानकारी की पुष्टि करें. टीम ने कहा कि हम इस तरह की सामग्री का समर्थन नहीं करते, न ही इससे हमारा कोई संबंध है. हम मीडिया संस्थानों, डिजिटल प्लेटफॉर्मों और सोशल मीडिया पेजों से आग्रह करते हैं कि वे जिम्मेदारी निभाएं, पोस्ट से पहले जानकारी की पुष्टि करें और व्यूज या आर्थिक लाभ के लिए गलत जानकारी बनाने या फैलाने से बचें.
उन्होंने आगे कहा कि इस तरह की कोई भी झूठी सामग्री फैलाने वाले किसी भी व्यक्ति को कानूनी परिणामों का सामना करना पड़ेगा. इस तरह की मनगढ़ंत सामग्री बनाने, प्रचारित करने या प्रसारित करने वाले किसी भी व्यक्ति या पेज के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी. हम इन मामलों का संज्ञान ले रहे हैं और दोषियों के खिलाफ सभी उपलब्ध कानूनी उपायों का सहारा लेने का अधिकार सुरक्षित रखते हैं. उन्होंने सभी से यह भी अनुरोध किया कि वे अपुष्ट दावों को फैलाने से बचें और जानकारी को फैलाने से पहले अभिनेता के आधिकारिक चैनलों के माध्यम से उसकी पुष्टि करें.