सिंगर कृष्णराज रामासामी का चेन्नई में 75 वर्ष की आयु में निधन हो गया है. तमिल फिल्म संगीत प्रेमियों के लिए यह हफ्ता काफी कठिन रहा है. इससे पहले 17 अक्टूबर को संगीतकार देवा का भी निधन हो गया था. कृष्णराज और देवा अक्सर साथ काम करते थे और उन्होंने कई यादगार हिट गाने दिए थे. देवा के भतीजे और एक्टर कार्तिक सबेश का भी 20 अक्टूबर को निधन हो गया.
गुरुवार को यह खबर सामने आई कि गायक कृष्णराज का 75 वर्ष की आयु में निधन हो गया है. खबर लिखे जाने तक उनकी मौत के कारण का पता नहीं चल सका है. 'द हिंदू' की एक रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि शुक्रवार सुबह उनके पार्थिव शरीर को उनके गृहनगर सलेम के वेम्बादिथलम ले जाया जाएगा.
गायिका अनुराधा श्रीराम चेन्नई स्थित उनके घर पहुंचीं, जहां उन्होंने दिवंगत गायक को श्रद्धांजलि दी और उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की. हाल ही में देवा के निधन पर अनुराधा श्रीराम काफी टूट गई थीं, और कृष्णराज के घर पर उनके परिवार से बात करते समय भी वे भावुक नजर आईं.
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और तमिल अभिनेता सी जोसेफ विजय ने 'एक्स' पर कृष्णराज के लिए तमिल भाषा में एक श्रद्धांजलि पोस्ट की. उन्होंने लिखा, 'तमिल सिनेमा के मशहूर प्लेबैक सिंगर कृष्णराज जी के निधन की खबर सुनकर मुझे गहरा सदमा लगा और बहुत दुख हुआ. अपनी अनोखी आवाज और जोश से भरे गानों के जरिए प्लेबैक सिंगर कृष्णराज जी ने अपने फैंस का दिल जीत लिया था. उनका जाना तमिल सिनेमा के लिए एक बहुत बड़ी क्षति है. मैं उनके शोकाकुल परिवार, रिश्तेदारों, दोस्तों, फिल्म इंडस्ट्री के साथियों और सभी संगीत प्रेमियों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं.'
सिंगर चिन्मयी श्रीपदा ने लिखा, 'हे भगवान! यह हफ्ता वाकई बहुत मुश्किल रहा है.' सिंगर सुजाता मोहन ने लिखा, 'यह सुनकर दिल टूट गया कि कृष्णराज अब हमारे बीच नहीं रहे. देवा सर के गुज़रने के कुछ ही समय बाद, यह एक और बड़ा झटका है. कृष्णराज, देवा सर के पसंदीदा गायक थे और मेरे भी. उन्होंने देवा सर के कई ऐसे गानों पर काम किया था, जिन्हें गाने का सौभाग्य मुझे मिला. बहुत जल्दी चले गए. ईश्वर आपकी आत्मा को शांति दे.'
தமிழ்த் திரையுலகின் பிரபல பின்னணிப் பாடகர் திரு. கிருஷ்ணராஜ் அவர்களின் மறைவுச் செய்தி கேட்டு அதிர்ச்சியும், மனவேதனையும் அடைந்தேன். தன்னுடைய தனித்துவமான குரலாலும், உற்சாகம் ததும்பும் பாடல்களாலும் ரசிகர்களின் இதயங்களைக் கவர்ந்த பின்னணிப் பாடகர் திரு. கிருஷ்ணராஜ் அவர்களின் மறைவு தமிழ்த் திரையுலகிற்குப் பேரிழப்பாகும். அவரை இழந்துவாடும் குடும்பத்தினர், உறவினர்கள், நண்பர்கள், திரைத்துறையினர் மற்றும் இசை ரசிகர்கள் அனைவருக்கும் எனது ஆழ்ந்த இரங்கலையும், ஆறுதலையும் தெரிவித்துக் கொள்கிறேன்.
1990 और 2000 के दशक की शुरुआत में तमिल सिनेमा में कृष्णराज और देवा की जोड़ी सबसे ज्यादा काम करने वाली सिंगर -संगीतकार जोड़ियों में से एक थी. देवा, जिन्होंने 400 से ज्यादा फिल्मों के लिए म्यूजिक दिया. अक्सर ऐसे गानों के लिए कृष्णराज को चुनते थे, जिनमें ऊर्जा और लोक संगीत का असलीपन हो और जिनकी आवाज में आम लोगों को जोड़ने की क्षमता के साथ-साथ गहरी भावनाएं भी हों.