App

गैंगस्टर का 'खजाना' खोलने वाली गिरफ्तार: करनाल से पकड़ी गई अनिल पंडित की भाभी, टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस में 13 अरेस्ट

टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस में एक नया मोड़ आया है. मुंबई क्राइम ब्रांच ने एक और महिला आरोपी की गिरफ्तारी की है. इस महिला पर शूटरों को बैंक खातों के जरिए फंड ट्रांसफर करने का गंभीर आरोप है. अब तक इस मामले में 13 गिरफ्तारियां हो चुकी हैं, जबकि मुख्य साजिशकर्ता अभी भी फरार है.

गैंगस्टर का 'खजाना' खोलने वाली गिरफ्तार: करनाल से पकड़ी गई अनिल पंडित की भाभी, टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस में 13 अरेस्ट
Image Credit: टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस अपडेट

बॉलीवुड एक्शन हीरो टाइगर श्रॉफ पर हुए फायरिंग मामले में मुंबई क्राइम ब्रांच को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है. इस सनसनीखेज मामले की जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, वैसे-वैसे इसके तार कई स्टेट से जुड़ते नजर आ रहे हैं. ताजा कार्रवाई में पुलिस ने मुख्य साजिशकर्ता की रिश्तेदार को गिरफ्तार कर लिया है, जिससे इस आपराधिक साजिश की परते धीरे-धीरे खुलने लगी हैं. मुंबई क्राइम ब्रांच ने इस हाई-प्रोफाइल मामले में कार्रवाई करते हुए हरियाणा के करनाल से सुनेहा पंडित नाम की महिला को दबोचा है.

आरोपी महिला इस पूरे षड्यंत्र के मुख्य साजिशकर्ता और गैंग लीडर अनिल पंडित की भाभी बताई जा रही है. करनाल पुलिस की मदद से 22 साल की सुनेहा को रविवार को गिरफ्तार किया गया, जिसके बाद उसे ट्रांजिट रिमांड पर मुंबई लाने का कानूनी प्रोसेस पूरा किया जा रहा है. शुरुआती जांच और पुलिस खुलासे के मुताबिक, सुनेहा पंडित पर सीधे तौर पर हमले के लिए फाइनेंस जुटाने का गंभीर आरोप है.

इस तरह किया गया पैसों का लेन-देन

सुनेहा पंडित पर आरोप है कि उसने गैंग लीडर अनिल पंडित के बात मानते हुए कई बैंक खातों से पैसों का लेन-देन किया. इस मनी ट्रेल के जरिए शूटरों और दूसरे साथी तक पैसे पहुंचाए गए, जिसमें आरोपी अमर मुंडेलिया को ट्रांसफर की गई राशियां भी शामिल हैं. क्राइम ब्रांच अब इस पूरे वित्तीय नेटवर्क को खंगालने में जुटी है.

MCOCA कोर्ट में पेशी 

जांच एजेंसी अब आरोपी महिला को स्पेशल MCOCA (महाराष्ट्र कंट्रोल ऑफ ऑर्गेनाइज्ड क्राइम एक्ट) अदालत के सामने पेश करेगी और आगे की कड़ियों को जोड़ने के लिए उसकी पुलिस रिमांड की मांग करेगी. इस बीच, इस पूरे अपराध का मुख्य साजिशकर्ता और वांटेड अनिल पंडित अभी भी पुलिस की गिरफ्त से दूर है. उसकी तलाश में कई राज्यों में लगातार छापेमारी की जा रही है, ताकि उसे जल्द से जल्द सलाखों के पीछे भेजा जा सके.

जुहू में हुई थी फायरिंग, अब तक 13 गिरफ्तार

ये पूरा मामला इस साल 18 अक्टूबर, 2026 का है, जब मुंबई के पॉश इलाके जुहू में स्थित एक फुटबॉल ग्राउंड से निकल रहे टाइगर श्रॉफ की कार को निशाना बनाकर ताबड़तोड़ फायरिंग की गई थी. गनीमत ये रही कि 'बागी' फेम एक्टर टाइगर श्रॉफ बाल-बाल बच गए और उन्हें कोई चोट नहीं आई, लेकिन इस गोलीबारी में उनका ड्राइवर और रास्ते के एक व्लॉगर गंभीर रूप से घायल हो गए थे. इस ताजा गिरफ्तारी के साथ ही मामले में अब तक कुल 13 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जिसमें तीन महिलाएं भी शामिल हैं.

क्राइम ब्रांच की ताबड़तोड़ छापेमारी

मुंबई पुलिस और क्राइम ब्रांच इस मामले को बेहद गंभीरता से ले रही है. साजिश की तह तक जाने, लॉजिस्टिक्स की कड़ियों को जोड़ने और हथियारों की अवैध सप्लाई करने वाले नेटवर्क का पर्दाफाश करने के लिए पुलिस कई राज्यों में लगातार दबिश दे रही है. पुलिस अधिकारियों का साफ कहना है कि इस अपराध में शामिल किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा और जल्द ही फरार चल रहे मुख्य साजिशकर्ता को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Jyoti Rajput

Jyoti Rajput

ज्योति सिंह राजपूत जी न्यूज में सब एडिटर हैं और पिछले 1 साल से ज्यादा से डिजिटल मीडिया में काम कर रही हैं. दैनिक जागरण प्रिंट और सहारा न्यूज नेटवर्क में ट्रेनिंग लेने के बाद अब Zee News में काम कर रही हैं. कुछ समय तक लाइफस्टाइल की खबरों में काम करने के बाद अब एंटरटेनमेंट में काम कर रही हैं. वहीं हॉलीवुड की खबरों और फिल्मों पर पैनी नजर रखती हैं. उन्होंने पंडित माखनलाल चतुर्वेदी नेशनल यूनिवर्सिटी (MCU) से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में मास्टर डिग्री हासिल की है. आप Jyoti.Rajput@India.com पर सीधे ईमेल कर इनसे जुड़ सकते हैं.
Read More