The Traitors: करण जौहर के बाद इस साउथ स्टार ने संभाली कमान, तेलुगु में होगा ‘द ट्रेटर्स’ का डेब्यू, जानें कब से होगा स्ट्रीम
Telugu The Traitors: 'द ट्रेटर्स' के 2 सीजन आ चुके हैं. दर्शकों ने इन दोनों सीजन को काफी पसंद किया था. रियलिटी शो के फैंस के लिए गुड न्यूज है, क्योंकि अब इसका तेलुगु वर्जन भी आने वाला है. इस शो की अनाउंसमेंट कर दी गई है. आइए जानते हैं शो कब से शुरू होगा.
Telugu The Traitors: करण जौहर का फेमस रियलिटी शो 'द ट्रेटर्स' को दर्शकों द्वारा काफी पसंद किया गया था. अब तक इसके दो सीजन आ चुके हैं. पहले सीजन ने धमाल मचा दिया था और अभी हाल ही में इसका दूसरा सीजन खत्म हुआ है, जिसकी विनर रिदा थराना और क्रिस्टल डिसूजा बनी थीं. शो को इतनी पॉपुलैरिटी मिलने के बाद अब इसके तेलुगु वर्जन का ऐलान हो गया है. जी हां, इस रियलिटी शो का तेलुगु वर्जन ओटीटी प्लेटफॉर्म प्राइम वीडियो पर आएगा.
तेलुगु रियलिटी शो 'द ट्रेटर्स' को पॉपुलर एक्टर तेजा सज्जा होस्ट करेंगे और इसमें अलग-अलग इंडस्ट्री के 20 कंटेस्टेंट शामिल होंगे. जब से इस शो के तेलुगु वर्जन का ऐलान हुआ है, तब से दर्शकों में शो को देखने की एक्साइटमेंट काफी ज्यादा बढ़ गई है. ऐसे में आइए जानते हैं कि शो कब से ओटीटी पर स्ट्रीम होने वाला है.
यहां देखें अनाउंसमेंट वीडियो
10 एपिसोड की होगी थ्रिलर सीरीज
तेलुगु रियलिटी शो 'द ट्रेटर्स' 10 एपिसोड की थ्रिलर सीरीज होगी, जो 15 अक्टूबर से सिर्फ प्राइम वीडियो पर स्ट्रीम होगी. चार हफ्तों तक चलने वाले इस शो के नए एपिसोड हर गुरुवार दोपहर 12 बजे (IST) रिलीज होंगे. शो को तेलुगु भाषा में इंग्लिश सबटाइटल्स के साथ देखा जा सकेगा.
कौन होंगे इस शो के कंटेस्टेंट्स?
फेमस तेलुगु एक्टर तेजा सज्जा इस शो के साथ बतौर रियलिटी होस्ट अपना डेब्यू करने जा रहे हैं. एसओएल प्रोडक्शंस द्वारा निर्मित इस शो में अलग-अलग इंडस्ट्री की 20 हस्तियां हिस्सा लेंगी. तेजा सज्जा अपनी स्पॉन्टेनिटी और एनर्जी से तेलुगु एडिशन को एक बिल्कुल नया और अनूठा अंदाज देंगे.
क्या होगा 'द ट्रेटर्स' का गेम फॉर्मेट?
'द ट्रेटर्स' दुनिया के सबसे तेजी से फेमस होने वाले रियलिटी शो फॉर्मेट्स में से एक है, जो 30 से अधिक देशों में फैला हुआ है. इस शो में भी खेल का बेसिक फॉर्मेट वही रहेगा, जिसमें गेम में भरोसा, गुप्त पहचान, चालबाजियां और रणनीतिक धोखे शामिल हैं. शो में 'इनोसेंट्स' को अपने बीच छिपे हुए 'ट्रेटर्स' की पहचान समय रहते करनी होती है, वरना वे गेम से बाहर हो जाते हैं.
इस शो पर मेकर्स का क्या कहना?
ओटीटी प्लेटफॉर्म प्राइम वीडियो और अमेजन एमजीएम स्टूडियोज इंडिया के हेड ऑफ ओरिजिनल्स निखिल मधोक ने कहा कि हिंदी में जबरदस्त सफलता के बाद तेलुगु फ्रेंचाइजी का विस्तार करना बेहद रोमांचक है. वहीं, SOL प्रोडक्शन की पार्टनर फाजिला अल्लाना ने कहा कि यह शो विश्वास, महत्वाकांक्षा और रिश्तों पर आधारित एक यूनिवर्सल कहानी पेश करता है, जो दर्शकों को अंत तक बांधे रखेगा. इस दौरान भरोसा, दोस्ती, सीक्रेट एलायंस और धोखे का खेल दर्शकों को काफी पसंद आएगा. कंटेस्टेंट का एक गलत फैसला उसे गेम से बाहर कर सकता है.